T20I में सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द मैच; सिकंदर रजा इतिहास रचने की दहलीज पर; सूर्या-कोहली सब छूटे पीछे
सिकंदर रजा ने एक बार फिर जिम्बाब्वे की जीत में अहम भूमिका निभाई। श्रीलंका के खिलाफ उनकी टीम एक बार फिर उलटफेर करने में कामयाब रही। रजा ने 45 रनों की धमाकेदार पारी खेली, जिसके लिए उन्हें POTM का अवॉर्ड मिला।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जिम्बाब्वे जबरदस्त फॉर्म में नजर आ रही है। ऑस्ट्रेलिया के बाद जिम्बाब्वे ने श्रीलंका को भी रौंदकर सुपर-8 में कदम रखा है। श्रीलंका के खिलाफ जिम्बाब्वे की जीत के हीरो कप्तान सिकंदर रजा रहे, जिन्होंने 179 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए 26 गेंदों पर 45 रनों की धुआंधार पारी खेली। उनकी इस पारी के दम पर ही जिम्बाब्वे की टीम इस टारगेट को 3 गेंदें और 4 विकेट शेष रहते हासिल करने में कामयाब रही। सिकंदर रजा को उनकी इस शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया। यह सिकंदर रजा का T20I में 19वां प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड है।
इतिहास रचने की दहलीज पर सिकंदर रजा
T20I में सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीतने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में सिकंदर रजा इतिहास रचने की दहलीज पर हैं। 2013 से अभी तक सिकंदर रजा ने 130 T20I में 19 बार इस अवॉर्ड को जीता है और वह T20I में सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीतने के मामले में दूसरे पायदान पर हैं। उनके आगे अब सिर्फ एक ही खिलाड़ी है और वो हैं मलेशिया के वीरनदीप सिंह।
वीरनदीप सिंह के नाम T20I में सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीतने का वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज है। 2019 से 2025 के बीच इस खिलाड़ी ने 22 बार अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाी थी।
सूर्यकुमार यादव और विराट कोहली भी लिस्ट में
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव 17 अवॉर्ड के साथ इस लिस्ट में तीसरे पायदान पर हैं। वहीं 2024 टी20 वर्ल्ड कप के बाद रिटायरमेंट ले चुके विराट कोहली 16 प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड के साथ अभी भी चौथे पायदान पर हैं। सूर्यकुमार यादव ने यूएसए के खिलाफ पहले ही टी20 वर्ल्ड कप मैच में 84 रनों की शानदार पारी खेल 17वां प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीता था।





साइन इन