सलमान आगा के विवादित रन आउट पर मोहम्मद कैफ की राय, बोले- भले ही वर्ल्ड कप दांव पर लगा हो…
सलमान आगा के विवादित रन आउट को मोहम्मद कैफ ने सही नहीं बताया। उन्होंने युवाओं को इससे सीख लेने और फेयर प्ले का ज्ञान दिया। उनका कहना है कि वर्ल्ड कप क्यों ना दांव पर लगा हो, तब भी ऐसा नहीं करना चाहिए। आईए जानते हैं पूरा मामला-

पाकिस्तान ने दूसरे वनडे में बांग्लादेश को 128 रनों से रौंदकर तीन मैच की वनडे सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है। मेजबान बांग्लादेश ने पहले मैच में पाकिस्तान को 8 विकेट से धूल चटाई थी। बांग्लादेश वर्सेस पाकिस्तान दूसरे वनडे में मेहमान टीम के सलमान अली आगा के रन आउट ने खूब सुर्खियां बटोरी। इसको लेकर क्रिकेट वर्ल्ड दो भागों में बंट गया है। कोई मेहदी हसन मिराज ने जो किया उसे सही बता रहा है तो कोई इसे खेल भावना के खिलाफ बता रहा है। आईए जानते हैं क्या है पूरा मामला-
सलमान अली आगा के रन आउट पर विवाद
सलमान अली आगा के रन आउट की घटना पाकिस्तान की पारी के 39वें ओवर की है। यह ओवर बांग्लादेश के कप्तान मेहदी हसन मिराज कर रहे थे। ओवर की चौथी गेंद पर मोहम्मद रिजवान ने सीधा शॉट खेला जो नॉन स्ट्राइकर एंड पर खड़े सलमान आगा की तरफ गया। मेहदी हसन मिराज गेंद की तरफ गए और सलमान अली आगा से भिड़ गए। जैसे ही मेहदी हसन मिराज ने गेंद उठाई तो उन्होंने पाया कि पाकिस्तानी खिलाड़ी अभी भी क्रीज के बाहर है, तो उन्होंने रन आउट कर अंपायर से अपील की।
सलमान अली आगाज का इस समय कहना था कि वह गेंदबाज से हुए टकराव के कारण समय रहते क्रीज के अंदर नहीं पहुंच पाए, हालांकि बांग्लादेश अपने फैसले से पीछे नहीं हटा। जब थर्ड अंपायर तक यह फैसला पहुंचा तो उन्होंने भी इसे नियमों के अंतरगत आउट दिया।
मोहम्मद कैफ ने बताया खेल भावना के खिलाफ
इस मुद्दे पर मोहम्मद कैफ ने अपनी राय देते हुए फेसबुक पर लिखा, 'यह बिल्कुल भी सही नहीं है। विकेट लेने की कितनी भी बेताबी क्यों न हो, इस तरह के रन-आउट को किसी भी तरह से सही नहीं ठहराया जा सकता। और वह भी एक कप्तान की तरफ से! युवा खिलाड़ियों, कृपया यह बात हमेशा याद रखना—भले ही वर्ल्ड कप दांव पर लगा हो, लेकिन कभी भी वह मत करना जो बांग्लादेश के कप्तान ने किया। 'फेयर प्ले' (निष्पक्ष खेल) के बिना खेल, खेल नहीं कहलाता।'
बता दें, सलमान आगा के रन आउट होने के बाद पाकिस्तान की टीम ताश के पत्तों की तरह ढह गई और पूरे 50 ओवर भी नहीं खेल पाई। 47.3 ओवर बैटिंग कर पाकिस्तान ने बांग्लादेश के सामने जीत के लिए 275 रनों का टारगेट रखा। माज सदाकत 75 रनों के साथ हाईएस्ट स्कोरर रहे, वहीं सलमान आगा ने 64 रन बनाए। इस स्कोर का पीछा करते हुए बांग्लादेश की पूरी टीम 114 रन पर ही सिमट गई।





साइन इन