शुभमन गिल ने किसे बताया MI से करारी हार का 'गुनहगार'? बोले- 'ईमानदारी से कहूं तो ऐसा नहीं होना चाहिए था
गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने अपने गेंदबाजों को मुंबई इंडियंस से करारी हार का ‘गुनहगार’ करार दिया है। मुंबई ने आईपीएल 2026 में हार के क्रम तोड़ते हुए 99 रनों से जीत हासिल की।

गुजरात टाइटंस (GT) के कप्तान शुभमन गिल ने आईपीएल 2026 में सोमवार को अहमदाबाद में मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ 99 रन की करारी हार के बाद स्वीकार किया कि उनके गेंदबाजों ने बीच के ओवरों में काफी रन लुटाए जिससे विरोधी टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल रही। तिलक वर्मा (45 गेंद में आठ चौकों और सात छक्कों से 101 रन) के नाबाद शतक और उनकी कप्तान हार्दिक पांड्या (16 गेंद में 15 रन) के साथ पांचवें विकेट के लिए 81 और नमन धीर (32 गेंद में 45) के साथ चौथे विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी से मुंबई इंडियंस ने पांच विकेट पर 199 रन बनाए।
' यहां 160 से 170 का स्कोर होता'
इसके जवाब में गुजरात की टीम अश्वनी कुमार (24 रन पर चार विकेट), अल्लाह गजनफर (17 रन पर दो विकेट) और मिचेल सेंटनर (16 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने 15.5 ओवर में 100 रन पर सिमट गई। तिलक की पारी की बदौलत मुंबई की टीम अंतिम चार ओवर में 73 रन जोड़ने में सफल रही। गिल ने मैच के बाद कहा, ''ईमानदारी से कहूं तो मुझे लगता है कि हमने बीच के ओवरों में बहुत ज्यादा रन दे दिए। ऐसी पिच पर 160 से 170 रन का स्कोर प्रतिस्पर्धी होता। यह एक झटका था लेकिन अब हमें कुछ मैच विरोधियों के मैदान पर खेलने हैं और उम्मीद है कि हम जीत की राह पर वापस लौटेंगे।''
'हमने सही जगह पर गेंदबाजी की'
टीम के प्रदर्शन पर गिल ने कहा, ''मुझे लगता है कि पिच थोड़ी धीमी थी। मुझे नहीं लगता कि हमने सही जगह पर गेंदबाजी की। लेंथ गेंदों में से कुछ तो अच्छी तरह आ रही थीं लेकिन कुछ नहीं। हम लगातार उस लेंथ पर गेंदबाजी नहीं कर पाए। मुझे लगता है कि बल्लेबाजी और बेहतर हो सकती थी क्योंकि ओस पड़ रही थी।'' लक्ष्य का पीछा करने करते हुए जीटी की शुरुआत खराब रही और टीम ने दूसरे ओवर में पांच रन तक ही साई सुदर्शन (0) और जोस बटलर (5) के विकेट गंवा दिए थे। जीटी की ओर से वॉशिंगटन सुंदर ने सर्वाधिक 26 रन बनाए जबकि उनके अलावा शाहरुख खान (17), कप्तान शुभमन गिल (14) और कागिसो रबाडा (12) ही दोहरे अंक में पहुंच पाए। जीटी कभी लक्ष्य के करीब पहुंचने की स्थिति में भी नहीं दिखी। एमआई ने लगातार चार हार के क्रम को तोड़ते हुए मौजूदा सीजन में रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत दर्ज की।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन