IPL के बाद अपने गांव पहुंचे वैभव सूर्यवंशी, सेल्फी के लिए उमड़ी भीड़; हुआ भव्य स्वागत
वैभव सूर्यवंशी आईपीएल 2026 में तहलका मचाने के बाद अपने गांव ताजपुर पहुंचे जहां उनका जोरदार स्वागत हुआ। फैंस की भीड़ इतनी थी कि वह अपने घर से ही बाहर नहीं निकल पाए। फैंस उनकी झलक पाने और सेल्फी लेने को बेताब दिखे।

IPL 2026 में अपने शानदार प्रदर्शन से देशभर में पहचान बनाने वाले युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी मंगलवार देर रात अपने पैतृक गांव ताजपुर पहुंचे। उनके आगमन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, युवा और स्थानीय लोग उनके आवास के बाहर जुट गए। हर कोई क्रिकेट के इस उभरते सितारे की एक झलक पाने और उनके साथ सेल्फी खिंचवाने के लिए उत्साहित नजर आया। वैभव के घर पहुंचते ही प्रशंसकों की भीड़ इतनी बढ़ गई कि स्थिति को देखते हुए परिजनों को विशेष सावधानी बरतनी पड़ी। भीड़ कम होने तक वैभव को रात में ही घर से बाहर ले जाया गया।
वे करीब दो से तीन घंटे तक समस्तीपुर शहर में कार से घूमते रहे। इस दौरान उन्होंने पटेल मैदान का भी दीदार किया।
राजस्थान रॉयल्स के मैनेजर भी रहे साथ
देर रात भीड़ कम होने के बाद तड़के लगभग तीन बजे वैभव वापस अपने आवास पहुंचे। इस दौरान उनके साथ राजस्थान रॉयल्स के मैनेजर रोमी भिंडर सहित टीम से जुड़े अन्य लोग भी मौजूद थे। सुबह होते ही दोबारा प्रशंसकों का तांता लग गया। समर्थकों में उनके साथ फोटो लेने की होड़ देखी गई। हालांकि, सुरक्षा कारणों से वीडियो बनाने पर पूरी तरह रोक रखी गई थी।
बुधवार को वैभव ने अपनी दादी, माता-पिता, चाचा-चाची और भाई सहित परिवार के अन्य सदस्यों के साथ फुर्सत के पल बिताए। इसके बाद बुधवार दोपहर वह बेंगलुरु के लिए रवाना हो गए। इस दौरान वैभव और उनके परिवार ने मीडिया से पूरी तरह दूरी बनाए रखी।
जनप्रतिनिधियों और खेल प्रेमियों ने दी बधाई
वैभव के स्वागत और उन्हें बधाई देने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधि, पुलिस पदाधिकारी, समाजसेवी, व्यवसायी, खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में युवा उनके आवास पर पहुंचे। आईपीएल के मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले वैभव सूर्यवंशी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे समस्तीपुर जिले में गर्व, हर्ष और उत्साह का माहौल बना हुआ है। स्थानीय खेल प्रेमियों का कहना है कि वैभव ने इस मुकाम पर पहुंचकर जिले का नाम पूरे विश्व में रोशन किया है।
वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 में काटा गदर
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में अपनी कमाल की बल्लेबाजी के चलते खूब गदर काटा। वह 776 रनों के साथ इस सीजन सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने ऑरेंज कैप के साथ, सुपर स्ट्राइकर, सबसे ज्यादा सिक्स और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का भी इनाम जीता। हालांकि उनकी टीम फाइनल तक नहीं पहुंच पाई, जिसका वैभव सूर्यवंशी को दुख रहेगा। उम्मीद है कि वैभव सूर्यवंशी अगले सीजन और तगड़ा खेलेंगे और अपनी टीम को खिताब जिताएंगे। बता दें, राजस्थान रॉयल्स 2008 में पहली और आखिरी बार चैंपियन बना था।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन