राजस्थान रॉयल्स क्यों छोड़ा? पहली बार खुलकर बोले संजू सैमसन, धोनी के साथ खेलने को लेकर उत्साहित
टी20 विश्व कप के सुपर स्टार संजू सैमसन ने आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स को छोड़ने को लेकर खुलकर बात की है। इंडियन प्रीमियर लीग का 2026 सीजन 28 मार्च से शुरू होने जा रहा है और इस बार सैमसन चेन्नई सुपर किंग्स के साथ नजर आएंगे।

टी20 विश्व कप के सुपर स्टार संजू सैमसन ने आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स को छोड़ने को लेकर खुलकर बात की है। इंडियन प्रीमियर लीग का 2026 सीजन 28 मार्च से शुरू होने जा रहा है और इस बार सैमसन चेन्नई सुपर किंग्स के साथ नजर आएंगे।
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रह चुके संजू ने साफ किया है कि जब वह आईपीएल 2026 में अपनी पूर्व टीम के खिलाफ खेलेंगे तो खुद पर इमोशन को हावी नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि उनके फोकस को इमोशन के बादल नहीं ढंक पाएंगे।
संजू सैमसन ने एक हालिया इंटरव्यू में कहा, ‘पहली बार मैं राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेलूंगा लेकिन मैं मैदान में खुद पर अपने इमोशंस को हावी नहीं होने देता। मैंने राजस्थान रॉयल्स इसलिए छोड़ा कि मुझे लगा कि टीम के साथ मेरा समय पूरा हो चुका है। अब तो मैं उनका सामना करूंगा और अपना बेस्ट क्रिकेट खेलूंगा।’
संयोग से आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स का पहला ही मुकाबला राजस्थान रॉयल्स से है जो गुवाहाटी में खेला जाएगा।
संजू सैमसन ने कहा, ‘मैं मैदान पर भावनाओं के बारे में बहुत ज्यादा नहीं सोचता क्योंकि वहां मैच की स्थितियों के हिसाब से आप सोचते हैं। लेकिन निश्चित तौर पर मैच से पहले और मैच के बाद इमोशंस तो हेंगे ही क्योंकि वे खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ वो होंगे जिनके साथ मैं लंबे वक्त तक जुड़ा हुआ हूं।’
चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल 2025 के बाद संजू सैमसन को ट्रेड के जरिए अपने साथ जोड़ा था। लंबे समय तक चेन्नई सुपर किंग्स के साथ खेल चुके स्टार ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा इस बार राजस्थान रॉयल्स की जर्सी में दिखेंगे।
संजू सैमसन की बात करें तो सीएसके में उन्हें महेंद्र सिंह धोनी के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर करने का मौका मिलेगा। इसे लेकर वह काफी उत्साहित हैं। टी20 विश्व कप के इस हीरो ने खुलासा किया है कि उन्होंने पहले ही धोनी से बात कर ली है और उनसे सीखने के लिए वह उतावले हैं।
सैमसन ने कहा, 'मैं सीएसके का हिस्सा बनने को लेकर काफी रोमांचित हूं। मैंने धोनी भाई से पहले बात की थी और उनसे हमेशा पॉजिटिव वाइब्स आती हैं। दो महीने तक उनके करीब रहना चीजों को देखने और सुनने का एक शानदार मौका होगा।'
संजू सैमसन केरल के हैं लेकिन चेन्नई में हुए विश्व कप मैच के दौरान वह स्थानीय दर्शकों से खुद को मिले प्यार से अभिभूत हैं। उन्होंने कहा, 'मैं चेन्नई के दर्शकों का समर्थन देखकर हैरान था। हो सकता है कि वे मुझे खुद में से एक के रूप में देखते हों। मैं भी उन्हें निराश नहीं करना चाहता और सीएसके लिए अपना बेस्ट दूंगा।'
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन