IPL में मुंबई इंडियंस के गिरते ग्राफ की पूरी पड़ताल, MI की सबसे बड़ी कमजोरी आई सामने
मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल 2023 से ही एक बड़ी समस्या ये बनी हुई है कि टीम अवे मैचों में ज्यादा हार झेल रही है। महज 36 पर्सेंट ही घर से बाहर खेलते हुए एमआई ने जीते हैं, जो चिंता का सबसे बड़ा कारण है।
पांच बार की आईपीएल चैंपियन टीम मुंबई इंडियंस की हालत आईपीएल 2026 में अच्छी नहीं है। एमआई ने पहला मुकाबला इस सीजन जरूर जीता था, लेकिन अगले ही मैच में दिल्ली कैपिटल्स से हार मिली थी, जबकि अब राजस्थान रॉयल्स ने भी उन्हें हरा दिया है। हैरानी की बात ये है कि दोनों मैच एमआई ने घर से बाहर खेले हैं और आपको जानकर हैरानी यह भी होगी कि धुरंधरों से सजी इस टीम का ट्रैक रिकॉर्ड 2023 के आईपीएल से ही खराब चल रहा है, जो घर के बाहर बहुत कम मुकाबले जीत रही है।
मुंबई इंडियंस का आईपीएल 2023 से घर के बाहर खेलते हुए ट्रैक रिकॉर्ड बहुत ज्यादा खराब है। एमआई सिर्फ 36 फीसदी मुकाबले ही घर के बाहर यानी अवे गेम्स में जीत रही है। आईपीएल में अन्य किसी टीम का रिकॉर्ड इतना ज्यादा खराब नहीं है, जितना की पांच बार की आईपीएल चैंपियन टीम का है। आईपीएल 2023 से अब तक मुंबई इंडियंस ने 25 मुकाबले घर से बाहर खेले हैं और इनमें से सिर्फ 9 ही मैचों में जीत दर्ज की है। 16 मुकाबले टीम हार चुकी है और विन पर्सेंटेज सिर्फ 36 है, जो बाकी 9 टीमों में सबसे घटिया है।
एमआई के लिए इस दौरान रोहित शर्मा, हार्दिक पांड्या और कुछ मैचों में सूर्यकुमार यादव ने कप्तानी की है। साल 2023 में रोहित शर्मा कप्तान थे, जबकि हार्दिक पांड्या 2024 में कप्तान बने और अब तक कप्तान हैं। उन्हीं की कप्तानी में एमआई को अवे गेम्स में खूब हार मिल रही है। एमआई के लिए ये चिंता का विषय बना हुआ है, जिसे जल्द सुलझाना होगा। इसी सीजन दो मुकाबले मुंबई इंडियंस हार चुकी है। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ तो गेंदबाजों ने जमकर नाक कटाई और 11 ओवर में ही 150 रन बनवा दिए। इसके लिए कप्तान हार्दिक पांड्या ने गेंदबाजों पर ही हार का ठीकरा फोड़ा है।
IPL 2023 से मुंबई इंडियंस के अवे गेम
मैच: 25
जीत: 9
हार: 16
जीत प्रतिशत: 36% (सभी टीमों में सबसे खराब)
मुंबई इंडियंस बीते तीन सीजन में दो बार प्लेऑफ्स में जरूर पहुंची है, लेकिन एक बार एलिमिनेटर से आगे नहीं जा सकी है, जबकि एक बार टीम को क्वालीफायर 2 से आगे जाने का मौका नहीं मिला है। 2013 से 2020 तक मुंबई इंडियंस ने पांच ट्रॉफी जीती हैं, लेकिन इस समय टीम की हालत पतली लग रही है। टीम में टी20 विश्व कप विजेता कप्तान रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव हैं। जसप्रीत बुमराह जैसा गेंदबाज है। खुद दमदार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या कप्तान हैं। तिलक वर्मा, मिचेल सैंटनर, ट्रेंट बोल्ट, शार्दुल ठाकुर और दीपक चाहर जैसे सितारें हैं, लेकिन टीम की हालत फिर भी अच्छी नहीं है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन