ऑरेंज कैप लिस्ट में उठापटक, यशस्वी ने हिलाया सिंहासन और टॉप 5 में सूर्यवंशी; पर्पल कैप किसके पास?
IPL 2026 Orange Cap and Purple Cap Updated List: यशस्वी जायसवाल आईपीएल 2026 ऑरेंज कैप की रेस में शीर्ष पर पहुंच गए हैं। वैभव सूर्यवंशी का भी फायदा हुआ है। पर्पल कैप भी आरआर प्लेयर के पास है।

IPL 2026 Orange Cap and Purple Cap Updated List: आईपीएल 2026 का 13वां मुकाबला मंगलवार को राजस्थान रॉयल्स (आरआर) और मुंबई इंडियंस (एमआई) के बीच खेला गया। आरआर ने गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में एमआई को 27 रनों से शिकस्त दी। यह मैच बारिश से प्रभावित रहा, जिसकी वजह से 11-11 ओवर का हुआ। आरआर ने 151/3 का स्कोर खड़ा करने के बाद एमआई को 123/9 पर रोक दिया। राजस्थान ने जीत की हैट्रिक लगाई है जबकि मुंबई ने लगातार दूसरी हार का सामना किया। आरआर के ओपनर यशस्वी जायसवाल आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की रेस में लंबी छलांग लगाकर शीर्ष पर पहुंच गए हैं।
यशस्वी ने हिलाया रिजवी का सिंहासन
यशस्वी ने मुंबई के खिलाफ शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने 32 गेंदों में 10 चौकों और चार छक्कों के दम पर नाबाद 77 रन बनाए। यशस्वी ने ऑरेंज कैप लिस्ट में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के समीर रिजवी का सिंहासन हिला दिया है। उनके अब तीन मैचों में 170 रन हो गए हैं। उन्होंने गुजरात टाइटंस (जीटी) के खिलाफ पिछले मैच में भी फिफ्टी जमाई थी। रिजवी के खाते में दो मैचों में 160 रन हैं। आरआर के 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवशी की टॉप 5 में एंट्री हो गई है। वह तीन मैचों में 122 रनों के साथ चौथे स्थान पर हैं। सूर्यवंशी ने एमआई के सामने 14 गेंदों में 39 रन जुटाए, जिसमें एक चौका और पांच छक्के हैं। एमआई के रोहित शर्मा (तीन मैचों में 118) पांचवें नंबर पर बरकरार हैं। वह राजस्थान के खिलाफ 6 गेंदों में 5 रन ही बना सके।
आईपीएल 2026 ऑरेंज कैप लिस्ट-
| प्लेयर | मैच | रन | टीम |
|---|---|---|---|
| यशस्वी जायसवाल | 3 | 170 | राजस्थान रॉयल्स |
| समीर रिजवी | 2 | 160 | दिल्ली कैपिटल्स |
| हेनरिक क्लासेन | 3 | 145 | सनराइजर्स हैदराबाद |
| वैभव सर्यवंशी | 3 | 122 | राजस्थान रॉयल्स |
| रोहित शर्मा | 3 | 118 | मुंबई इंडियंस |
| देवदत्त पडिक्कल | 2 | 111 | रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु |
| अंगकृष रघुवंशी | 3 | 110 | कोलकाता नाइट राइडर्स |
| कूपर कोनोली | 3 | 108 | पंजाब किंग्स |
| सरफराज खान | 3 | 99 | चेन्नई सुपर किंग्स |
| रियान रिकेल्टन | 3 | 98 | मुंबई इंडियंस |
टॉप 2 में राजस्थान रॉयल्स के गेंदबाज
पर्पल कैप भी राजस्थान रॉयल्स के खिलाड़ी के पास है। आरआर के स्पिनर रवि बिश्नोई आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में टॉप पर हैं। वह तीन मैचों में सात शिकार कर चुके हैं। उन्होंने एमआई के खिलाफ दो ओवर में 25 रन देकर दो विकेट हासिल किए। आरआर के तेज गेंदबाज नांद्रे बर्गर दूसरे पायदान पर हैं। उन्होंने दो मैचों में पांच विकेट अपने नाम किए हैं। बर्गर ने मंगलवार को दो ओवर में 21 रन देकर दो सफलता हासिल की। बर्गर के अलावा पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के विजयकुमार वैशाख, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के जैकब डफी और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के अंशुल कम्बोज ने भी अब तक पांच-पांच शिकार किए हैं।
आईपीएल 2026 पर्पल कैप लिस्ट-
| प्लेयर | मैच | विकेट | टीम |
|---|---|---|---|
| रवि बिश्नोई | 3 | 7 | राजस्थान रॉयल्स |
| नांद्रे बर्गर | 3 | 5 | राजस्थान रॉयल्स |
| विजयकुमार वैशाख | 3 | 5 | पंजाब किंग्स |
| जैकब डफी | 2 | 5 | रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु |
| अंशुल कम्बोज | 3 | 5 | चेन्नई सुपर किंग्स |
| टी नजराजन | 2 | 4 | दिल्ली कैपिटल्स |
| प्रिंस यादव | 2 | 4 | लखनऊ सुपर जायंट्स |
| हर्ष दुबे | 3 | 4 | सनराइजर्स हैदराबाद |
| लुंगी एनगिडी | 2 | 4 | दिल्ली कैपिटल्स |
| भुवनेश्वर कुमार | 2 | 4 | रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु |
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन