IPL 2026 आज का मैच: मुंबई इंडियंस के सामने राजस्थान रॉयल्स की चुनौती, गुवाहाटी में होगा महासंग्राम
IPL 2026 आज का मैच: मुंबई इंडियंस के सामने आज राजस्थान रॉयल्स की चुनौती है। गुवाहाटी में ये मैच होगा, जो कि आईपीएल 2026 का 13वां लीग मैच है। राजस्थान ने अपने पहले दोनों मैच जीत लिए हैं।

IPL 2026 aaj ka match: इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल के 19वें सीजन का 13वां मैच आज यानी मंगलवार 7 अप्रैल को गुवाहाटी में खेला जाएगा। यहां के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स को मुंबई इंडियंस की मेजबानी करनी है। राजस्थान का ये अडॉप्टेड होम ग्राउंड है। दोनों टीमों के बीच मुकाबला दमदार होने की उम्मीद है, क्योंकि एक टीम लगातार दो मैच जीतकर यहां पहुंची है, जबकि मुंबई ने पहले दो मैचों में से एक मैच जीता है और एक मैच गंवाया है।
राजस्थान रॉयल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटन्स को हराया है, जबकि मुंबई इंडियंस अपने पहले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ जीती थी, जबकि दिल्ली कैपिटल्स से हार गई थी। एमआई चाहेगी कि जीत की पटरी पर लौटा जाएगा, जबकि आरआर की चाहत होगी कि लगातार तीसरा मैच जीतकर आईपीएल 2026 की पॉइंट्स टेबल में पहले स्थान पर पहुंचा जाए, जहां इस समय 5 पॉइंट्स के साथ पंजाब किंग्स है। राजस्थान रॉयल्स इस समय तीसरे स्थान पर है और एमआई छठे पायदान पर विराजमान है।
मुंबई इंडियंस के लिए अच्छी बात ये है कि हार्दिक पांड्या की वापसी कन्फर्म हो गई है। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ वे अस्वस्थ होने की वजह से नहीं खेले थे, लेकिन राजस्थान के खिलाफ वे खेलने के लिए तैयार हैं। उधर, राजस्थान की टीम में इंजरी को लेकर कोई समस्या नहीं है। एमआई चाहेगी कि जसप्रीत बुमराह खतरनाक मोड में नजर आएं और शुरुआत में विकेट दिलाएं, जबकि राजस्थान को उम्मीद होगी कि संदीप कुमार अपनी स्विंग से एमआई के ओपनर्स को परेशान करें, क्योंकि वे रोहित को अक्सर फंसाते रहे हैं।
आईपीएल 2026 का ये 13वां लीग मैच आप शाम को साढ़े सात बजे से देख पाएंगे। मैच में सात बजे टॉस होगा। आप अगर इस मैच को टीवी पर लाइव देखना चाहते हैं तो आपको स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के चैनलों पर मैच का लुत्फ उठाना होगा, जबकि लाइव स्ट्रीमिंग और ऑनलाइन स्ट्रीमिंग के लिए आप जियोहॉटस्टार पर लॉग इन कर सकते हैं, जहां आपको हिंदी और अंग्रेजी समेत कई भाषाओं में कमेंट्री सुनने को मिलेगी।
मुंबई इंडियंस की संभावित XII: रोहित शर्मा, रयान रिकलटन, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शेरफेन रदरफोर्ड, नमन धीर, मिचेल सैंटनर, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट, मयंक मार्कंडे
राजस्थान रॉयल्स की संभावित XII: यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल, रियान पराग, शिमरोन हेटमायर, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, तुषार देशपांडे, संदीप शर्मा, नंद्रे बर्गर, रवि बिश्नोई
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन