Former Punjab Kings Pacer Amanpreet Singh Gill dies at 36 Amid IPL 2026 played cricket with Virat Kohli IPL 2026 के बीच दुखद खबर, पंजाब किंग्स के पूर्व गेंदबाज की हुई मौत; कोहली के साथ खेला था क्रिकेट, Ipl Hindi News - Hindustan

IPL 2026 के बीच दुखद खबर, पंजाब किंग्स के पूर्व गेंदबाज की हुई मौत; कोहली के साथ खेला था क्रिकेट

अमनप्रीत सिंह गिल ने दुनिया को अलविदा कह दिया है। वह आईपीएल में पंजाब किंग्स का हिस्सा रहे थे। पूर्व गेंदबाज ने दिग्गज विराट कोहली के साथ क्रिकेट खेला था।

Wed, 6 May 2026 08:31 PMMd.Akram लाइव हिन्दुस्तान
share
IPL 2026 के बीच दुखद खबर, पंजाब किंग्स के पूर्व गेंदबाज की हुई मौत; कोहली के साथ खेला था क्रिकेट

आईपीएल 2026 के बीच दुखद खबर सामने आई है। पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के पूर्व तेज गेंदबाज अमनप्रीत सिंह गिल की बुधवार (6 मई) को मौत हो गई। उन्होंने 36 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कहा। अमनप्रीत के कोच भरत विज के मुताबिक, पूर्व बॉलर पिछले छह महीनों से काफी बीमार था। अमनप्रीत ने दिग्गज विराट कोहली के साथ अंडर-19 क्रिकेट खेला था। वह साल 2009 और 2010 में पंजाब किंग्स (तब किंग्स इलेवन पंजाब) का हिस्सा था। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में पंजाब का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने 2006 से 2008 के दौरान 6 फर्स्ट क्लास मैच खेले और 11 विकेट चटकाए। उन्होंने पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (PCA) में 2019-20, 2020-21, 2022-23 और 2024-25 के दौरान सीनियर सिलेक्शन कमेटी के सदस्य के रूप में भी काम किया।

PCA, PBKS ने यूं जताया दुख

पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अमनप्रीत के निधन पर दुख जताया। पीसीए ने लिखा, ''पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन पूर्व क्रिकेटर और सीनियर सिलेक्शन कमेटी पंजाब के सदस्य अमनप्रीत सिंह गिल के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करता है। उन्होंने इंडिया अंडर-19, किंग्स इलेवन पंजाब और पंजाब जैसी टीमों का प्रतिनिधित्व करते हुए लगन और जुनून के साथ पंजाब क्रिकेट की सेवा की। दुखी परिवार और प्रियजनों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं। वाहेगुरु दिवंगत आत्मा को शांति दें और इस मुश्किल समय में परिवार को हिम्मत दें।'' पंजाब किंग्स ने भी इंस्टाग्राम पर उनके निधन पर शोक जताते हुए एक स्टोरी पोस्ट की। फ्रेंचाइजी ने लिखा, ''अमनप्रीत सिंह गिल के निधन से बहुत दुख हुआ। उन्होंने गर्व के साथ पंजाब का प्रतिनिधित्व किया। वह पंजाब किंग्स परिवार का हिस्सा थे। उनके परिवार और दोस्तों के प्रति हार्दिक संवेदनाएं।'' पीबीकेएस ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में अमनप्रीत की तस्वीर के साथ लिखा, ''रेस्ट इन पीस।''

2007 में कोहली के साथ खेले

अमनप्रीत का जन्म 16 सितंबर 1989 को हुआ था। वह 2000 के दशक के बीच में भारत की अंडर-19 टीम का हिस्सा थे। वह जुलाई 2007 में अंडर-19 ट्राई सीरीज के लिए श्रीलंका दौरा पर गए थे। सीरीज की तीसरी टीम बांग्लादेश थी। उन्होंने विराट कोहली और मनीष पांडे खिलाड़ियों साथ खेलते हुए सीरीज के पांच मैचों में नौ विकेट झटके थे। उन्होंने कोलंबो में बांग्लादेश टीम के खिलाफ फाइनल में शानदार स्पेल डाला था, जिसमें 14 रन देकर दो विकेट हासिल किए। भारत की अंडर-19 टीम ने 129 रनों से धमाकेदार जीत दर्ज की थी। अमनप्रीत आईपीएल के शुरुआती सालों में भले ही पंजाब फ्रेंचाइजी में रहे प्लेइंग इलेवन में चांस नहीं मिला।

IPL 2026 News in Hindi - आईपीएल 2026 न्यूज़,आईपीएल समाचार

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।