भारतीय टीम को मिलेगा नया कोच, IPL छोड़ भारतीय टीम से जुड़ेंगे सैराज बाहुतुले, गौतम गंभीर भी इम्प्रेस
मुंबई के पूर्व लेग-स्पिनर और भारत के पूर्व खिलाड़ी सैराज बाहुतले भारतीय पुरुष टीम के स्पिन-बॉलिंग कोच के रूप में जुड़ने वाले हैं। पंजाब किंग्स के मौजूदा कोच सैराज बहुतुले के मौजूदा आईपीएल सीजन के बाद फ्रेंचाइज़ी से अलग होने की उम्मीद है।

मुंबई के लेग स्पिनर सैराज बहुतुले भारतीय पुरुष टीम के साथ जुड़ने वाले हैं। वह बतौर स्पिन बॉलिंग कोच टीम में शामिल होंगे। सैरज बाहुतले इस समय आईपीएल में पंजाब किंग्स की टीम का हिस्सा हैं और वहां पर पंजाब की स्पिन बॉलिंग कोच की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। हालांकि वह आईपीएल के 19वें सीजन के बाद पंजाब किंग्स से अलग हो जाएंगे। बीसीसीआई सूत्रों के अनुसार, बाहुतले ने टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर को काफी प्रभावित किया है। दोनों के बीच सफल बातचीत हो चुकी है। बाहुतले का कार्यकाल जून में अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू सीरीज से शुरू होने की उम्मीद है।
बीसीसीआई के सूत्रों का कहना है कि बाहुतुले (53), जिन्होंने 2001 से 2003 के बीच भारत के लिए दो टेस्ट और आठ वनडे मैच खेले हैं, अपनी स्पिन-बॉलिंग कोचिंग के हुनर के लिए काफी मशहूर हैं। माना जाता है कि इसी बात ने हेड कोच गौतम गंभीर का ध्यान खींचा है। टीम इंडिया की कोचिंग टीम में बैटिंग कोच सितांशु कोटक, फास्ट-बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्कल, फील्डिंग कोच टी. दिलीप और असिस्टेंट कोच रयान टेन डेशकाटे शामिल हैं। अभी टीम में कोई खास स्पिन-बॉलिंग कोच नहीं है, और समझा जाता है कि गंभीर ने इस पद के लिए बहुतुले के नाम की सिफारिश की है।
बहुतुले पहले भी कुछ मौकों पर सीनियर भारतीय टीम के साथ दौरे पर जा चुके हैं। उस समय वे नेशनल क्रिकेट एकेडमी/सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस से जुड़े थे, जिसकी कमान वीवीएस लक्ष्मण के हाथों में थी। भारत के पूर्व हेड कोच राहुल द्रविड़ ने 2023 की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान बहुतुले से खास तौर पर भारतीय टीम का हिस्सा बनने का अनुरोध किया था। श्रीलंका के दौरे पर भी वे द्रविड़ की सपोर्ट टीम का हिस्सा थे।
पंजाब से होंगे अलग
उम्मीद है कि बहुतुले जल्द ही भारतीय टीम के साथ जुड़ जाएंगे, हालांकि इसका समय पंजाब किंग्स के साथ उनके कॉन्ट्रैक्ट की शर्तों पर निर्भर करेगा। मौजूदा आईपीएल सीजन से पहले, वे हेड कोच रिकी पोंटिंग की देखरेख में इस फ्रेंचाइजी से जुड़े थे। पंजाब टीम में शामिल होने से पहले, बहुतुले एक साल तक द्रविड़ के साथ राजस्थान रॉयल्स से जुड़े रहे थे।
भारत की टीम में शामिल होने के लिए बहुतुले को पंजाब किंग्स के साथ अपना कार्यकाल बीच में ही छोड़ना पड़ सकता है। हालांकि, पंजाब किंग्स शायद ही उनके रास्ते में कोई रुकावट डालेगी, क्योंकि यह मौका भारतीय टीम और बीसीसीआई से जुड़ा है। बहुतुले से इस मामले पर तुरंत कोई टिप्पणी नहीं मिल पाई। उन्हें किए गए कॉल और मैसेज का कोई जवाब नहीं मिला। क्रिकबज ने पंजाब किंग्स के मैनेजमेंट से भी संपर्क करने की कोशिश की।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन