दिल्ली कैपिटल्स ने IPL 2026 पॉइंट्स टेबल में मारी छलांग, मगर अभी भी है टॉप 4 से कोसों दूर
IPL 2026 Points Table: दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स को हराकर पॉइंट्स टेबल में एक पायदान की छलांग लगाई है। हालांकि, अभी भी दिल्ली कैपिटल्स टॉप 4 से काफी दूर है। पंजाब किंग्स हार के बावजूद चौथे स्थान पर बरकरार है।

IPL 2026 Points Table: पंजाब किंग्स को आईपीएल 2026 में लगातार चौथी हार मिली है। इस हार से टीम के प्लेऑफ्स में पहुंचने के चांस थोड़े से कम हो गए हैं। हालांकि, अभी भी अपने दम पर पंजाब किंग्स प्लेऑफ्स में पहुंच सकती है, जबकि दिल्ली कैपिटल्स को पंजाब के खिलाफ मिली जीत का फायदा हुआ है। दिल्ली कैपिटल्स ने एक पायदान की छलांग लगाई है। हालांकि, अभी भी दिल्ली की टीम प्लेऑफ्स की रेस से काफी दूर है, क्योंकि 10 ही पॉइंट्स अभी दिल्ली कैपिटल्स के इस सीजन में हुए हैं।
पंजाब किंग्स हार के बावजूद टॉप 4 में बरकरार है। पहले स्थान पर सीना तानकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम खड़ी है, जिसके खाते में 11 मैचों के बाद 14 पॉइंट्स हैं। इतने ही पॉइंट्स सनराइजर्स हैदराबाद के पास 11 मैचों में हैं, लेकिन नेट रन रेट आरसीबी का अच्छा है। तीसरे स्थान पर गुजरात टाइटन्स है। जीटी ने भी 11 में से 7 मैच जीते हैं। हालांकि, नेट रन रेट उतना अच्छा नहीं है। वहीं, पंजाब किंग्स 11 मैचों के बाद 13 अंकों के साथ चौथे स्थान पर है। यह 13 अंक पहले 7 मैचों में ही पंजाब किंग्स ने हासिल कर लिए थे।
आईपीएल के 19वें सीजन की अंकतालिका में पांचवें स्थान पर चेन्नई सुपर किंग्स है। सीएसके ने 11 में से 6 मैचों में जीत दर्ज की है और टीम के खाते में 12 पॉइंट्स हैं। छठे स्थान पर राजस्थान रॉयल्स है। आरआर ने भी 11 में से 6 मैच जीते हैं। वहीं, सातवें स्थान पर अब दिल्ली कैपिटल्स आ गई है, जिसने पंजाब किंग्स को हाई स्कोरिंग मैच में हराया है। दिल्ली के खाते में 12 मैचों के बाद 10 पॉइंट हैं। दिल्ली ज्यादा से ज्यादा 14 अंकों तक पहुंच सकती है। इससे टीम के प्लेऑफ्स में पहुंचने का मौका होगा, लेकिन जगह फिर भी पक्की नहीं होगी।
पॉइंट्स टेबल में 8वें स्थान पर अब कोलकाता नाइट राइडर्स है, जिसने 10 में से 4 मैच जीते हैं और एक मैच उनका बेनतीजा रहा है। इस तरह 9 पॉइंट्स केकेआर के खाते में हैं। केकेआर के चार मैच बाकी हैं। अगर सभी मैचों को केकेआर जीत जाएगी तो आसानी से प्लेऑफ्स में पहुंच सकती है। वहीं, 9वें स्थान पर विराजमान मुंबई इंडियंस टूर्नामेंट से बाहर हो गई है, जिसके खाते में 11 मैचों के बाद 6 अंक हैं। इतने ही अंक 11 मैचों के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स के खाते में हैं। एलएसजी भी एलिमिनेट हो चुकी है।
Latest IPL 2026 Points Table
| पोजिशन | टीम | मैच | जीत | हार | बेनतीजा | नेट रन रेट | अंक |
|---|---|---|---|---|---|---|---|
| 1 | रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु | 11 | 7 | 4 | 0 | 1.103 | 14 |
| 2 | सनराइजर्स हैदराबाद | 11 | 7 | 4 | 0 | 0.737 | 14 |
| 3 | गुजरात टाइटन्स | 11 | 7 | 4 | 0 | 0.228 | 14 |
| 4 | पंजाब किंग्स | 11 | 6 | 4 | 1 | 0.428 | 13 |
| 5 | चेन्नई सुपर किंग्स | 11 | 6 | 5 | 0 | 0.185 | 12 |
| 6 | राजस्थान रॉयल्स | 11 | 6 | 5 | 0 | 0.082 | 12 |
| 7 | दिल्ली कैपिटल्स | 12 | 5 | 7 | 0 | -0.993 | 10 |
| 8 | कोलकाता नाइट राइडर्स | 10 | 4 | 5 | 1 | -0.169 | 9 |
| 9 | मुंबई इंडियंस (E) | 11 | 3 | 8 | 0 | -0.585 | 6 |
| 10 | लखनऊ सुपर जायंट्स (E) | 11 | 3 | 8 | 0 | -0.907 | 6 |
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन