सनराइजर्स हैदराबाद को लगा तगड़ा झटका, IPL 2026 से बाहर हुआ इंग्लैंड का ये तेज गेंदबाज
सनराइजर्स हैदराबाद को एक तगड़ा झटका लगा है, क्योंकि IPL 2026 से एक तेज गेंदबाज उनका बाहर हो चुका है। ये कोई नहीं, बल्कि इंग्लैंड का तेज गेंदबाज डेविड पेन हैं, जो चोट की वजह से आगे आईपीएल में आपको नजर नहीं आएंगे।
IPL 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद पहले से ही कुछ चोटों से परेशान है। यहां तक कि कप्तान पैट कमिंस भी अभी तक एक भी मैच नहीं खेल पाए हैं। हालांकि, वे जल्द भारत लौटेंगे और फिर सनराइजर्स के लिए उपलब्ध हो जाएंगे कप्तानी भी करेंगे, लेकिन इस बीच सनराइजर्स हैदराबाद को एक तगड़ा झटका लगा है, क्योंकि IPL 2026 से उनका एक तेज गेंदबाज बाहर हो चुका है। ये तेज गेंदबाज कोई नहीं, बल्कि इंग्लैंड के पेसर डेविड पेन हैं, जो चोट की वजह से आगे आईपीएल में आपको नजर नहीं आएंगे।
सनराइजर्स हैदराबाद ने खुद अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स पर डेविड पेन को लेकर जानकारी दी है। एसआरएच ने लिखा, "ऑफिशियल अनाउंसमेंट डेविड पेन एंकल में इंजरी होने के कारण IPL 2026 से बाहर हो गए हैं। हम उनके जल्दी ठीक होने की दुआ करते हैं।" हालांकि, एसआरएच ने ये जानकारी नहीं दी है कि उनको मैच के दौरान ये चोट लगी थी या फिर ट्रेनिंग सेशन में।
डेविड पेन इस सीजन दो मैच खेले। उन दो मैचों में से एक मैच में उनको दो विकेट मिले, जबकि कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ वे महंगे साबित हुए। दो ओवर में 35 रन उन्होंने लुटाए थे। इसके बाद वे एसआरएच की प्लेइंग इलेवन में नजर नहीं आए। 2 अप्रैल को उन्होंने आखिरी गेम आईपीएल में खेला था। आरसीबी के खिलाफ मैच में उन्होंने दो विकेट अपने नाम किए थे।
रिप्लेसमेंट के तौर पर आए थे डेविड पेन
हैरानी की बात ये है कि वे खुद एक रिप्लेसमेंट के तौर पर एसआरएच से जुड़े थे और अब एसआरएच को उनका ही रिप्लेसमेंट लेना पड़ेगा। ऑस्ट्रेलिया के जैक एडवर्ड्स की जगह पर सनराइजर्स हैदराबाद ने इंग्लैंड के इस पेसर के साथ करार किया था। 1.5 करोड़ रुपये में डेविड पेन को एसआरएच ने अपने साथ जोड़ा था, लेकिन वे बीच में ही चोटिल हो गए और उनकी फॉर्म भी अच्छी नहीं थी।
सनराइजर्स हैदराबाद की बात करें तो आईपीएल 2026 की पॉइंट्स टेबल में एसआरएच टॉप 4 में जरूर है, लेकिन पांच में से तीन मैच हार चुकी है। दो ही मैच इस सीजन सनराइजर्स हैदराबाद ने जीते हैं। हैदराबाद अभी तक ईशान किशन की कप्तानी में खेली है। अभिषेक शर्मा और ट्रैविस हेड की जोड़ी ज्यादा खतरनाक नजर नहीं आई है। खासकर अभिषेक शर्मा रनों के लिए तरस रहे हैं। वे दो बार तो बिना खाता खोले भी आउट हो चुके हैं। तीन बार टी20 वर्ल्ड कप 2026 में वे शून्य पर आउट हुए थे। इससे पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में भी वे दो बार खाता नहीं खोल पाए थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन