BCCI ने राजस्थान रॉयल्स मैनेजर को थमाया नोटिस, डगआउट में चलाया था फोन; इतने घंटे में मांगा जवाब
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने राजस्थान रॉयल्स मैनेजर रोमी भिंडर को नोटिस थमाया है। बीसीसीआई एसीएसयू ने 24 घंटे के भीतर भिंडर से स्पष्टीकरण मांगा है। वह आईपीएल 2026 मैच के दौरान डगआउट में फोन चला रहे थे।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) की भ्रष्टाचार रोधी और सुरक्षा इकाई (एसीएसयू) ने राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के मैनेजर रोमी भिंडर से गुवाहाटी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के आईपीएल 2026 मैच के दौरान डगआउट में मोबाइल फोन के इस्तेमाल के बारे में 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। भिंडर को युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी के साथ स्मार्टफोन का उपयोग करते हुए देखा गया था। पीएमओए (खिलाड़ियों एवं मैच अधिकारियों के क्षेत्र) प्रोटोकॉल में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि टीम मैनेजर मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन डगआउट में नहीं।
मोबाइल फोन का इस्तेमाल क्यों किया?
आईपीएल के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने पीटीआई से कहा, ''एसीएसयू ने राजस्थान रॉयल्स और भिंडर से 24 घंटे के भीतर यह बताने को कहा है कि उन्होंने मोबाइल फोन का इस्तेमाल क्यों किया। जाहिर है, इस बात पर भी विचार किया जाना चाहिए कि कुछ महीने पहले वे 'वेंटिलेशन सपोर्ट' पर थे और हो सकता है कि उन्होंने चिकित्सीय कारणों से इसका इस्तेमाल किया हो।'' भिंडर हालांकि इन विवादों के बीच सोमवार को उप्पल स्टेडियम में राजस्थान और सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के बीच हुए मैच के टॉस के दौरान मौजूद थे।
BCCI में एक वर्ग इस बात से है हैरान
बीसीसीआई में एक वर्ग ऐसा भी है जो इस बात से हैरान है कि पीएमओए के संबंध में मानक प्रक्रियाओं के पालन को उनकी स्वास्थ्य स्थिति से क्यों जोड़ा जा रहा है। भिंडर सूर्यवंशी के "स्थानीय संरक्षक" भी हैं और किशोर के करियर से जुड़े फैसलों में उनकी गहरी भूमिका मानी जाती है। भिंडर फ्रेंचाइजी की शुरुआत से ही इससे जुड़े हुए हैं और जानकारों का मानना है कि उन्हें भ्रष्टाचाररोधी प्रोटोकॉल के बारे में अच्छी तरह से पता होना चाहिए। इस घटना को सबसे पहले एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने इंस्टाग्राम पर साझा किया था।
'चेतावनी दी जाएगी या प्रतिबंध लगेगा'
बीसीसीआई के एक अधिकारी ने हाल में पुष्टि की थी कि भिंडर ने नियमों का उल्लंघन किया है। उन्होंने कहा, ''जी हां, भिंडर ने वास्तव में खिलाड़ियों एवं मैच अधिकारियों के क्षेत्र (पीएमओए) के प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया है क्योंकि मैच के दौरान डगआउट में मोबाइल फोन प्रतिबंधित हैं।'' अधिकारी ने कहा, ''यह अनजाने में हो सकता है, लेकिन इसपर कार्रवाई होनी चाहिए क्योंकि यह नियमों का उल्लंघन है। चेतावनी दी जाएगी या प्रतिबंध लगाया जाएगा, इसका फैसला मैच रेफरी और एसीयू (भ्रष्टाचार निरोधक इकाई) की रिपोर्ट के आधार पर किया जाएगा। आईपीएल की संचालन परिषद इस आधार पर फैसला ले सकती है।''
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन