500 बनाकर ही जीत पाएंगे, सनराइजर्स हैदराबाद की गेंदबाजी यूनिट को पूर्व क्रिकेटर श्रीकांत ने लताड़ा
भारत के पूर्व क्रिकेटर श्रीकांत सनराइजर्स हैदराबाद की गेंदबाजी की जमकर आलोचना की है। उन्होंने कहा कि हैदराबाद इस गेंदबाजी यूनिट के साथ कुछ नहीं कर पाएंगे।

पंजाब किंग्स ने शनिवार को सनराइजर्स हैदराबाद की टीम को 6 विकेट से मात दी। 220 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब ने 7 गेंद शेष रहते मैच जीता। सनराइजर्स हैदराबाद की कमजोर गेंदबाजी की एक बार फिर पोल खुल गई है। 220 रनों को डिफेंड करने में हैदराबाद के गेंदबाजों की हालत खराब हो गई। हालांकि टीम के स्पिनर शिवांग कुमार और हर्ष दुबे ने अन्य गेंदबाजों से बेहतर प्रदर्शन किया। सनराइजर्स हैदराबाद के कमजोर बॉलिंग अटैक पर पूर्व क्रिकेटर क्रिस श्रीकांत ने कहा कि उन्हें जीत दर्ज करने के लिए 500 रन बनाने की जरूरत है।
आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद मैच के बाद कृष्णामचारी श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ''उनकी गेंदबाजी में कोई दम नहीं है। विरोधी टीम उनकी गेंदबाजी के खिलाफ 300 रन भी आसानी से चेज कर लेगी। उनके दो युवा स्पिनर, हर्ष दुबे और शिवांग कुमार अच्छे हैं। लेकिन उनकी गेंदबाजी वहीं से शुरू होकर वहीं खत्म हो जाती है। ईशान मलिंगा अपनी गेंदबाजी से सीधे कोलंबो पहुंचा दिए जाएंगे फिर भी हैदराबाद उन्हें खिला रही है।"
उन्होंने आगे कहा, ''हर्षल पटेल और जयदेव उनादकट के लिए समय खत्म हो गया है। सनराइजर्स हैदराबाद इस गेंदबाजी अटैक के साथ सिर्फ तब जीत सकती है, जब वह 500 रन बनाए। आप इस गेंदबाजी के साथ कुछ नहीं कर सकते। ये प्रथम श्रेणी के स्तर की भी नहीं है।''
पंजाब किंग्स ने कप्तान श्रेयस अय्यर की 33 गेंद में 69 रन की नाबाद पारी से शनिवार को इंडियन प्रीमियर लीग टी20 मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को छह विकेट से हराकर अपनी तीसरी जीत दर्ज की। सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य (57 रन) और प्रभसिमरन सिंह (51 रन) की पारियों के बाद 'प्लेयर ऑफ द मैच' अय्यर ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए टीम को दबाव में नहीं आने दिया। उनकी पारी में पांच छक्के और इतने ही चौके जड़े थे। इससे टीम ने 18.5 ओवर में चार विकेट पर 223 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
सनराइजर्स हैदराबाद ने बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा (74 रन) के अर्धशतक और ट्रेविस हेड के साथ पहले विकेट के लिए 50 गेंद में 120 रन की साझेदारी से छह विकेट पर 219 रन का स्कोर खड़ा किया। सनराइजर्स हैदराबाद के बाएं हाथ के कलाई स्पिनर शिवांग कुमार ने पंजाब किंग्स के शुरूआती तीनों विकेट अपनी झोली में डाले लेकिन पंजाब किंग्स को जीत दर्ज करने से नहीं रोक सके। यह हैदराबाद की लगातार दूसरी हार है।





साइन इन