संजू सैमसन के साथ ऐसा करना गलत होगा, CSK की कप्तानी को लेकर मोहम्मद कैफ ने कही खरी बात
संजू सैमसन आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की ओर से खेलेंगे। सीएसके की कप्तानी को लेकर पूर्व भारतीय बल्लेबाज मोहम्मद कैफ ने अपनी बेबाक राय रखी है।

टी20 वर्ल्ड कप में धमाल मचाने के बाद संजू सैमसन आईपीएल 2026 में एक्शन में नजर आएंगे। वह चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की तरफ से पहली बार खेलेंगे। चेन्नई ने ट्रेड के जरिए विकेटकीपर-बल्लेबाज सैमसन को राजस्थान रॉयल्स (आरआर) से लिया था। उन्होंने कई साल आरआर की कप्तानी की। ऐसे में चर्चा चल रही कि क्या सैमसन को सीएसके की कमान मिलनी चाहिए या नहीं? सीएसके की कप्तानी को लेकर पूर्व भारतीय बल्लेबाज मोहम्मद कैफ ने खरी बात कही है। कैफ का मानना है कि सीएसके को अभी ऋतुराज गायकवाड़ को कप्तान बनाए रखना चाहिए और सैमसन को सेटल होने के लिए समय देना चाहिए।
'संजू सैमसन के साथ ऐसा करना गलत होगा'
कैफ ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ''सीएसके ऐसी टीम है, जिसने किसी को अपने साथ जोड़ लिया तो उसे लंबे समय तक सपोर्ट करती है। स्टीफन फ्लेमिंग को देख लीजिए। वह एक जमाने से कोच है। वहां बहुत बदलाव नहीं होता है। ऋतुराज गायकवाड़ को जिम्मेदारी दी है तो जल्दबाजी नहीं करेंगे। उनको भी सपोर्ट करेंगे। अगर संजू सैमसन को कप्तानी दे दी तो गलत फैसला होगा। उसका कारण यह है कि संजू अभी सीएसके के कल्चर को नहीं जानते। चेन्नई की फैनफॉइंग है, चेन्नई के फैंस की जो उम्मीदें हैं, वह नहीं जानते। वह चेन्नई के प्लेयर्स को नहीं जानते।'' पूर्व बल्लेबाज ने कहा कि गायकवाड़ को चेन्नई की बारीकियां पता हैं और सैमसन को सीखने पड़ेंगी।
'एमएस धोनी की जगह संजू सैमसन ही लेंगे'
उन्होंने आगे कहा, ''गायकवाड़ कप्तानी कर रहे हैं तो उन्हें पता है कि किस खिलाड़ी को कहां इस्तेमाल करना है। टॉस जीतकर चेन्नई की पिच पर क्या करना है? यह सब जो बारीकियां हैं खेल की, संज वहां एक-दो साल रहकर सीख जाएंगे। उसके बाद सीएसके की कमान अगर संजू को देनी है तो दे दीजिए। मुझे लगता है कि सीएसक अभी संजू को कप्तानी सौंपने की गलती नहीं करेगी। वह वहां नए हैं। एकदम से सारे नहीं कर लेंगे। जाओ संजू बैटिंग करो मैच जिताओ, विकेटकीपर करो और कप्तानाी भी करो। सीएसके पूरा भार उनके ऊपर नहीं देना चाहेगी। धीरे-धीरे उन्हें तैयार किया जाएगा। हालांकि, भविष्य का प्लान है कि धोनी की जगह संजू ही लेंगे।''
धोनी से सीखने के लिए बेकरार संजू सैमसन
सैमसन आईपीएल 2026 में दिग्गज विकेटकीपर एमएस धोनी से सीखने के लिए बेकरार हैं। उन्होंने हाल ही में कहा, ''मैंने माही भाई (धोनी) से फोन पर बात की लेकिन उनके साथ एक टीम का हिस्सा बनना और उनके साथ खेलना शानदार होगा। मैं इसे उनसे सीखने के अवसर के रूप में देखता हूं। मैं सीएसके की तरफ से खेलने को लेकर उत्साहित हूं। यह पहला अवसर होगा जब मैं राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेलूंगा, लेकिन मैं मैदान पर भावनाओं को हावी नहीं होने देता। मैंने राजस्थान रॉयल्स इसलिए छोड़ी क्योंकि मुझे लगा कि टीम में मेरा समय खत्म हो गया है। मैं उनके खिलाफ भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करूंगा।''





साइन इन