Indian Cricket fraternity also mourns the death of Dr Manmohan Singh Harbhajan Yuvraj paid tribute to the former PM डॉ. मनमोहन सिंह के निधन से क्रिकेट बिरादरी भी शोक में, पूर्व क्रिकेटरों ने ऐसे दिया पूर्व पीएम को ट्रिब्यूट, Cricket Hindi News - Hindustan

डॉ. मनमोहन सिंह के निधन से क्रिकेट बिरादरी भी शोक में, पूर्व क्रिकेटरों ने ऐसे दिया पूर्व पीएम को ट्रिब्यूट

  • डॉ. मनमोहन सिंह के निधन से क्रिकेट बिरादरी भी शोक में है। पूर्व क्रिकेटरों ने पूर्व पीएम को याद किया है। हरभजन, युवराज, आकाश, इरफान और सहवाग समेत तमाम क्रिकेटरों ने उनको याद किया है।

Fri, 27 Dec 2024 05:51 AMVikash Gaur लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
डॉ. मनमोहन सिंह के निधन से क्रिकेट बिरादरी भी शोक में, पूर्व क्रिकेटरों ने ऐसे दिया पूर्व पीएम को ट्रिब्यूट

भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का निधन गुरुवार 26 दिसंबर की देर रात हो गया। इसके बाद भारत के पूर्व क्रिकेटरों ने उनको याद किया है। हरभजन सिंह ने लिखा कि संकट के समय में उन्होंने देश का नेतृत्व किया था। राष्ट्र उनके योगदान को हमेशा याद रखेगा। 92 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कहने वाले महान अर्थशास्त्री को लेकर अन्य क्रिकेटरों की भी प्रतिक्रिया आई है, जिनमें युवराज सिंह, वीरेंद्र सहवाग, आकाश चोपड़ा और इरफान पठान जैसे क्रिकेटरों का नाम शामिल है।

हरभजन सिंह ने इंस्टाग्राम पर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की याद में लिखा, "पूर्व प्रधानमंत्री, एक सज्जन व्यक्ति और दूरदर्शी नेता डॉ. मनमोहन सिंह जी के आकस्मिक निधन की खबर सुनकर बहुत दुःख हुआ। संकट के समय में उनका शांत और स्थिर नेतृत्व, जटिल राजनीतिक परिदृश्यों को संभालने की उनकी क्षमता और भारत की क्षमता में उनका अटूट विश्वास ही उन्हें सबसे अलग बनाता था। राष्ट्र डॉ. साहब को उनके योगदान के लिए हमेशा याद रखेगा। परिवार और रिश्तेदारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। सतनाम वाहेगुरु"

युवराज सिंह ने डॉ. मनमोहन सिंह को याद करते हुए लिखा, "डॉ. मनमोहन सिंह जी हमारे महानतम राजनेताओं में से एक थे, जिन्होंने भारत की प्रगति के लिए अथक प्रयास किया। उनकी बुद्धिमत्ता और विनम्रता को हमेशा याद रखा जाएगा। उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।"

वीरेंद्र सहवाग ने लिखा, "हमारे पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जी के निधन पर मेरी हार्दिक संवेदनाएं। ओम शांति।" पूर्व ओपनर आकाश चोपड़ा लिखते हैं, "डॉ. मनमोहन सिंह एक दूरदर्शी नेता और आर्थिक सुधारों के निर्माता थे, जिन्होंने आधुनिक भारत को आकार दिया। उनकी बुद्धिमत्ता, विनम्रता और राष्ट्र के प्रति समर्पण को हमेशा याद रखा जाएगा।"

बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में कमेंट्री कर रहे इरफान पठान ने लिखा, "भारत और देश की अर्थव्यवस्था डॉ. मनमोहन सिंह जी के उल्लेखनीय योगदान के लिए हमेशा उनकी ऋणी रहेगी। उनकी आत्मा को शांति मिले। उनके परिवार के प्रति हार्दिक संवेदना।"

बता दें कि शुक्रवार 27 दिसंबर को भारतीय खिलाड़ी बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच में काली पट्टी बांधकर मैदान पर उतरे हैं। उन्होंने ये काम पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की याद में ही किया है।

Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट, IPL 2026 , Orange Cap in IPL 2026 और Purple Cap की रेस, IPL 2026 Points Table , IPL 2026 Schedule आज के बड़े मुकाबले PBKS vs MI Live Score और पल-पल के Live Cricket Score अपडेट्स के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी क्रिकेट अपडेट सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।