India were focused on the plans not the rivalry says Axar Patel after beat Pakistan in T20 World Cup 2026 पाकिस्तान के खिलाफ हम राइवलरी के बारे में नहीं सोच रहे थे, अक्षर ने बताया क्या था टीम का प्लान, Cricket Hindi News - Hindustan

पाकिस्तान के खिलाफ हम राइवलरी के बारे में नहीं सोच रहे थे, अक्षर ने बताया क्या था टीम का प्लान

T20 World Cup 2026 के मैच में पाकिस्तान को धूल चटाने के बाद भारत की टी20 टीम के उपकप्तान ने कहा है कि हमारा फोकस सिर्फ मैच पर और अपने प्लान्स पर था, न कि राइवलरी पर। भारत ने 61 रनों से पाकिस्तान को हराया है। 

Mon, 16 Feb 2026 11:25 AMVikash Gaur लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
पाकिस्तान के खिलाफ हम राइवलरी के बारे में नहीं सोच रहे थे, अक्षर ने बताया क्या था टीम का प्लान

टीम इंडिया ने T20 वर्ल्ड कप 2026 के 27वें लीग मैच में पाकिस्तान को बुरी तरह हराकर सुपर 8 में जगह बनाई। टी20 विश्व कप के इतिहास में भारत की ये पाकिस्तान पर 9 मैचों में 8वीं जीत थी। एशिया कप 2025 के दौरान कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा था कि इंडिया और पाकिस्तान की कोई राइवलरी नहीं है। अब ऐसा ही कुछ बयान भारत की टी20 टीम के उपकप्तान अक्षर पटेल ने दिया है।

अक्षर पटेल ने कोलंबो में खेले गए टी20 विश्व कप के मैच के बाद कहा कि न तो मौके की अहमियत और न ही पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले ने भारतीय टीम को परेशान किया। उन्होंने बताया कि उनका और पूरी टीम का पूरा ध्यान प्लानिंग और उसे अंजाम देने पर था। अक्षर पटेल ने 2 विकेट पाकिस्तान के चटकाए थे, जिनमें बाबर आजम और उस्मान खान का विकेट शामिल था।

उपकप्तान अक्षर पटेल ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "इंडिया की बैटिंग बनाम पाकिस्तान की बॉलिंग या जो भी हो - हम उसके बारे में नहीं सोच रहे थे। हम बस अपने प्लान और उसे पूरा करने के बारे में सोच रहे थे जब हम बैटिंग या बॉलिंग कर रहे होते हैं तो हम बस यह सोच रहे होते हैं कि अगर हम पहले बॉलिंग कर रहे हैं या बाद में बॉलिंग कर रहे हैं तो हमें क्या करना है? विकेट कैसा है? तो हम अपने गेम के बारे में सोच रहे थे।"

ऑलराउंडर ने आगे कहा, "हम इस राइवलरी या ऐसी ही किसी चीज के बारे में नहीं सोच रहे थे। हम एक टीम के खिलाफ खेल रहे थे और हम सिर्फ क्रिकेट पर फोकस करते हैं। इसलिए जब भी मैं खेल रहा होता हूं, तो मैं दूसरों के बारे में नहीं सोचता। मैं इसे एक अपोनेंट के खिलाफ वन-ऑन-वन ​​मैच की तरह लेता हूं। इसलिए मैं किसी राइवलरी या ऐसी ही किसी चीज के बारे में नहीं सोच रहा होता हूं।"

कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम की दर्शक क्षमता 28 हजार है, लेकिन इंडिया वर्सेस पाकिस्तान मैच के दौरान स्टेडियम में 90 फीसदी के करीब दर्शक भारतीय थे। इस तरह भारतीय टीम को अच्छा सपोर्ट फैंस से मिला। अक्षर पटेल ने माना है कि भले ही हम श्रीलंका में थे, लेकिन भारतीय फैंस ने उन्हें निराश नहीं किया। उन्होंने कहा कि हम कहीं भी खेलें, फैंस हमेशा सपोर्ट करने के लिए पहुंच जाते हैं। भारत ने 2025 में चार बार पाकिस्तान को हराया था, जिसमें तीन बार दुबई में एशिया कप में और एक बार आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के मैच में पाकिस्तान को मात दी थी।

Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट, IPL 2026 , Orange Cap in IPL 2026 और Purple Cap की रेस, IPL 2026 Points Table , IPL 2026 Schedule आज के बड़े मुकाबले PBKS vs MI Live Score और पल-पल के Live Cricket Score अपडेट्स के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी क्रिकेट अपडेट सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।