Ind vs SA : ऋषभ पंत के गैरजिम्मेदाराना शॉट पर दिग्गज डेल स्टेन ने उठाया सवाल
शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में कप्तानी कर रहे ऋषभ पंत भी खराब शॉट खेलकर आउट हुए। इतना ही नहीं, उन्होंने भारत का एक रिव्यू भी गंवा दिया। दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज तेज गेंदबाज रहे डेल स्टेन ने पंत के शॉट को ब्रेनफेड बताया है यानी ऐसा शॉट जिसमें दिमाग का बिल्कुल इस्तेमाल नहीं किया गया।

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता टेस्ट गंवाने के बाद भारतीय टीम गुवाहाटी टेस्ट में भी बहुत मुश्किल स्थिति में है। जिस पिच पर दक्षिण अफ्रीका ने अपनी पहली पारी में 489 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, उसी पर भारतीय बल्लेबाज संघर्ष करते नजर आए। ऐसा नहीं है कि तीसरे दिन पिच अचानक गेंदबाजों के लिए अनुकूल हो गई बल्कि भारतीय टीम की ये दुर्गति बल्लेबाजों के गैरजिम्मेदाराना शॉट्स की वजह से हुई। शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में कप्तानी कर रहे ऋषभ पंत भी खराब शॉट खेलकर आउट हुए। इतना ही नहीं, उन्होंने भारत का एक रिव्यू भी गंवा दिया। दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज तेज गेंदबाज रहे डेल स्टेन ने पंत के शॉट को ब्रेनफेड बताया है यानी ऐसा शॉट जिसमें दिमाग का बिल्कुल इस्तेमाल नहीं किया गया।
डेल स्टेन ने एक्स पर लिखा, 'यह एक ब्रेनफेड शॉट है।' उन्होंने अपने पोस्ट पर किसी का नाम नहीं लिखा और न ही कोई तस्वीर या वीडियो पोस्ट किया लेकिन उनका ये पोस्ट ऋषभ पंत के आउट होने के ठीक बाद आया।
पंत ने भारत का एक रिव्यू भी गंवा दिया
गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में सोमवार को मैच के तीसरे दिन पहले सेशन में ही भारत ने 4 शीर्ष बल्लेबाजों को गंवा दिया। 65 रन के स्कोर पर भारत को केएल राहुल के रूप में पहला विकेट गिरा। केशव महाराज की गेंद पर मारक्रम ने उनका कैच लपका। वह 22 रन बनाकर आउट हुए। उसके बाद भारत संभलता दिख रहा था कि 95 के टीम स्कोर पर यशस्वी जायसवाल भी आउट हो गए। उन्होंने 58 रन बनाए और हार्मर ने उनका विकेट लिया। उसके बाद साई सुदर्शन भी 15 रन बनाकर हार्मर का शिकार हो गए। ध्रुव जुरेल तो खाता तक नहीं खोल पाए और बहुत ही खराब शॉट खेलकर आउट हुए।
बड़ा शॉट मारने के चक्कर में गंवाया विकेट
चाय के वक्त भारत का स्कोर 4 विकेट के नुकसान पर 102 रन था। उस वक्त कप्तान ऋषभ पंत के कंधों पर भारतीय पारी को संवारने की बड़ी जिम्मेदारी थी लेकिन चाय के बाद दूसरे सत्र का खेल शुरू होते ही दूसरे ओवर में वह अपना विकेट गंवा बैठे। मार्को जेनसेन की गेंद पर उन्होंने आगे बढ़कर बड़ा शॉट लगाने की कोशिश की। इस दौरान गेंद उनके बल्ले का बाहरी किनारा छूते हुए विकेटकीपर के दस्तानों में समा गई। अंपायर ने उंगली उठा दी लेकिन पंत ने रिव्यू ले लिया। रीप्ले में साफ दिखा कि गेंद बल्ले के बाहरी किनारे को छूकर विकेटकीपर के हाथों में गई थी। इस तरह भारत ने पंत का विकेट तो गंवाया ही, एक रिव्यू भी गंवा दिया। वह 7 रन बनाकर आउट हुए जिसमें एक सिक्स भी शामिल था।
लंच तक भारत का स्कोर 174-7
लंच तक भारत ने अपनी पहली पारी में 7 विकेट के नुकसान पर 174 रन बना लिए थे। उसे फॉलो ऑन से बचने के लिए अभी भी 116 रन की जरूरत है। लंच तक वॉशिंगटन सुंदर 33 रन और कुलदीप यादव 14 रन बनाकर खेल रहे थे।





साइन इन