T20 WC में पाकिस्तान के पास इसके अलावा कोई चारा नहीं, सरकार के सामने PCB ने खड़े किए हाथ
पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 मैच का बहिष्कार करने का फैसला किया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के पास अपनी सरकार का निर्णय मानने के अलावा कोई चार नहीं। पीसीबी ने हाथ खड़े कर दिए हैं।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 मैच के बहिष्कार के सरकार के फैसले पर चुप्पी साध रखी है लेकिन उच्च पदस्थ सूत्रों ने स्वीकार किया कि उनके पास सरकार के निर्देश मानने के अलावा कोई चारा नहीं है। तमाम नाटकीयता के बीच पाकिस्तानी टीम सात फरवरी से शुरू हो रहा विश्व कप खेलने कोलंबो रवाना हो गई है।
पीसीबी के एक शीर्ष सूत्र ने बताया कि अगर भारत के खिलाफ नॉकआउट चरण में कोई मैच खेलना पड़ता है तो बोर्ड सरकार का फैसला मानेगा। सूत्र ने कहा, ''सरकार ने बोर्ड को भी बता दिया है कि टीम भारत के खिलाफ विश्व कप का मैच नहीं खेलेगी और अंक जाने देगी। अगर नॉकआउट चरण में भारत से खेलने की नौबत आई तो उस समय सरकार के फैसले पर अमल किया जाएगा।'' पाकिस्तान सरकार ने रविवार को सोशल मीडिया अकाउंट पर जारी बयान में कहा था, "पाकिस्तान की सरकार आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम की भागीदारी को मंजूरी देती है, हालांकि पाकिस्तान क्रिकेट टीम 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ निर्धारित मैच में मैदान पर नहीं उतरेगी।''
वहीं, भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने सोमवार को कहा कि टी20 विश्व कप में भारत के खिलाफ 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले मैच के बहिष्कार के गंभीर परिणाम की पाकिस्तान को चेतावनी देकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने सही किया। पाकिस्तान के फैसले की जानकारी आधिकारिक सरकारी बयान के मार्फत मिली जिसे टूर्नामेंट से बांग्लादेश को बाहर किए जाने के राजनीतिक विरोध के रूप में देखा जा रहा है।
आईसीसी ने सुरक्षा कारणों से बांग्लादेश के मैच भारत से हटाकर श्रीलंका में कराने से इनकार किया था। आईसीसी ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेता दिया है कि इस मैच के बहिष्कार के गंभीर परिणाम हो सकते हैं और यह फैसला खेल के हित में नहीं है। शुक्ला ने पत्रकारों से कहा,'' आईसीसी ने इस मामले पर बड़ा बयान दे दिया है। इसमें खेल भावना की अहमियत को बताया गया है। हम आईसीसी से सहमत हैं। जब तक आईसीसी से बात नहीं हो जाती, बीसीसीआई कोई बयान नहीं देगा।''





साइन इन