India look to Smriti mandhana and Deepti sharma in the third T20I against South Africa दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टी20 में भारत की नजरें स्मृति और दीप्ति पर, Cricket Hindi News - Hindustan

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टी20 में भारत की नजरें स्मृति और दीप्ति पर

भारतीय महिला टीम बुधवार को यहां दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में जीत की राह पर लौटकर श्रृंखला में अपनी दावेदारी बरकरार रखना चाहेगी और इसके लिए उसे उप कप्तान स्मृति मंधाना और सीनियर ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की उम्मीद होगी।

Tue, 21 April 2026 10:30 PMVimlesh Kumar Bhurtiya जोहानिसबर्ग, 21 अप्रैल (भाषा)
share
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टी20 में भारत की नजरें स्मृति और दीप्ति पर

भारतीय महिला टीम बुधवार को यहां दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में जीत की राह पर लौटकर श्रृंखला में अपनी दावेदारी बरकरार रखना चाहेगी और इसके लिए उसे उप कप्तान स्मृति मंधाना और सीनियर ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की उम्मीद होगी।

दक्षिण अफ्रीका की टीम पांच मैच की श्रृंखला में 2-0 से आगे है और तीसरे मैच को जीतकर श्रृंखला में विजयी बढ़त बनाना चाहेगी। टीम की सबसे प्रभावशाली बल्लेबाज स्मृति शुरुआती दो मैच में 13 और 12 रन ही बना पाई हैं। भारतीय टीम इन मुकाबलों में 157 और 147 रन ही बना सकी जिन्हें मेजबान टीम ने आसानी से जीत लिया। टीम के लिए दीप्ति की फॉर्म अधिक चिंता का विषय है। पहले मैच में नौवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने नाबाद एक रन बनाया जबकि दूसरे मैच में छठे नंबर पर खेलते हुए भी एक रन बनाकर आउट हुईं। दोनों ही मैच में उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। भारतीय पारी काफी हद तक स्मृति की तेजतर्रार शुरुआत पर निर्भर करती है और बाएं हाथ की यह बल्लेबाज पहले दो मैच के खराब प्रदर्शन की भरपाई करना चाहेंगी। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर और जेमिमा रोड्रिग्स ने पहले मैच में योगदान दिया लेकिन दूसरे मैच में वे पूरी तरह से विफल रहीं।

इंग्लैंड में होने वाले टी20 विश्व कप में अब बस कुछ ही महीने बाकी हैं और ऐसे में हरमनप्रीत और उनकी टीम लय हासिल करना चाहेगी और कुछ मैच जीतकर मनोबल बढ़ाने की कोशिश करेगी। भारत को डेथ ओवरों में पावर हिटर की कमी भी खेली जिससे टीम दोनों ही मैच में उम्मीद के मुताबिक रन नहीं बना सकी। मैच से पूर्व हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में गेंदबाजी कोच आविष्कार साल्वी ने कहा,''अगर आप दोनों मैच के शुरुआती 12 ओवर को देखें तो हम 100 रन के आस-पास थे। उसके बाद हम उस तरह से पारी को खत्म नहीं कर पाए जैसा हम चाहते थे, लेकिन क्रिकेट में ऐसा अक्सर होता रहता है।''

दीप्ति की फॉर्म के बारे में पूछे जाने पर साल्वी ने इस अनुभवी ऑलराउंडर का बचाव किया। उन्होंने कहा, ''एक या दो या तीन मैच से यह तय नहीं होता कि वह (दीप्ति) कितनी प्रतिभावान खिलाड़ी है या उसने पिछले कुछ वर्षों में किस तरह का प्रदर्शन किया है। अभी वह अपनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में नहीं है लेकिन वह अपनी गलतियों पर काम कर रही है।'' दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लॉरा वोलवार्ट एक बार फिर भारत के लिए सिरदर्द साबित हुई हैं जिन्होंने लगातार दो अर्धशतक (51 और 54) से अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई है। दूसरे मैच में सुने लुस ने भी 57 रन की तेज पारी खेली। पावरप्ले के दौरान भारतीय गेंदबाजी भी दिशाहीन नजर आई और साल्वी ने माना कि वे अभी 'ट्रायल एंड एरर' (खिलाड़ियों को आजमाने) का तरीका अपना रहे हैं जिससे कि यह पता चल सके कि टी20 विश्व कप में कौन से गेंदबाज कारगर साबित होंगे।

टीम इस प्रकार हैं:

भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, भारती फुलमाली, अनुष्का शर्मा, दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी, श्री चरणी, ​​काशवी गौतम, ऋचा घोष, उमा छेत्री, रेणुका सिंह ठाकुर, क्रांति गौड़, श्रेयंका पाटिल।

दक्षिण अफ्रीका: लॉरा वोलवार्ट (कप्तान), एनेके बॉश, कायला रेनेके, नेदिन डि क्लर्क, एनेरी डर्कसेन, सुने लुस, एलिज-मारी मार्क्स, क्लो ट्रायोन, ताजमिन ब्रिट्स, सिनालो जाफ्ता, टेबोगो माचेके, अयांडा ह्लुबी, अयाबोंगा खाका, नॉनकुलुलेको मलाबा, तुमी सेखुखुने।

समय: मैच भारतीय समयानुसार रात 9:30 बजे होगा।

Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट, IPL 2026 , Orange Cap in IPL 2026 और Purple Cap की रेस, IPL 2026 Points Table , IPL 2026 Schedule आज के बड़े मुकाबले PBKS vs MI Live Score और पल-पल के Live Cricket Score अपडेट्स के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी क्रिकेट अपडेट सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।