IND vs NZ Matt Henry Creates History After picking up five wicket haul against India in ICC Champions Trophy 2025 IND vs NZ: भारत को चैंपियंस ट्रॉफी में पहली बार मिला ये 'जख्म', मैट हेनरी ने पंजा मारकर रचा इतिहास, Cricket Hindi News - Hindustan

IND vs NZ: भारत को चैंपियंस ट्रॉफी में पहली बार मिला ये 'जख्म', मैट हेनरी ने पंजा मारकर रचा इतिहास

  • न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने भारत के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी मैच में पांच विकेट हासिल किए। उन्होंने दुबई के मैदान पर इतिहास रचा।

Sun, 2 March 2025 06:46 PMMd.Akram लाइव हिन्दुस्तान
share
IND vs NZ: भारत को चैंपियंस ट्रॉफी में पहली बार मिला ये 'जख्म', मैट हेनरी ने पंजा मारकर रचा इतिहास

न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारत के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने रविवार को दुबई के मैदान पर 8 ओवरों में 42 रन देकर पांच विकेट चटकाए। हेनरी ने पंजा मारकर इतिहास रचा और भारत को 'जख्म' दिया। दरअसल, चैंपियंस ट्रॉफी में पहली बार किसी गेंदबाज ने भारत के खिलाफ पांच विकेट हॉल लिया है। हेनरी की घातक गेंदबाजी की बदौलत भारत निर्धारित 50 ओवरों में 249/9 का स्कोर ही बना सका।

टॉस गंवाकर बैटिंग करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही। हेनरी ने भारत को पहला झटका दिया। उन्होंने तीसरे ओवर में शुभमन गिल (2) को एलबीडब्ल्यू आउट किया। हेनरी ने अपना दूसरा शिकार विराट कोहली के रूप में किया। 300वां वनडे खेलने वाले कोहली के बल्ले से 14 गेंदों में 11 रन ही निकले। हेनरी ने 46वें ओवर में रविंद्र जडेजा (20 गेंदों में 16) को आउट किया। उन्होंने 50वें ओवर में हार्दिक पांड्या (45 गेंदों में 45) और मोहम्मद शमी (8 गेंदों में 5) को पवेलियन भेजकर पांच विकेट हॉल कंप्लीट किया। शमी ने आखिरी गेंद पर विकेट खोया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:300 वनडे के बाद विराट और सचिन में किसका रिकॉर्ड बेहतर? दोनों के साथ ये इत्तेफाक

हेनरी चैंपियंस ट्रॉफी में पांच विकेट हॉल लेने वाले न्यूजीलैंड के तीसरे गेंदबाज बन चुके हैं। उनसे पहले यह कारनामा जैकब ओरम और शायनी ओ'कॉनर ने अंजाम दिया। पूर्व कीवी क्रिकेटर जैकब ने 2004 में अमेरिका के खिलाफ 36 रन खर्च करने के बाद पांच विकेट लिए थे। वहीं, शायनी ने 2002 में आयोजित चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान के विरुद्ध पंजा खोला था। उन्होंने 46 रन देकर पांच विकेट अपने नाम किए थे।

चैंपियंस ट्रॉफी में भारत के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आंकड़े

5/42 - मैट हेनरी, 2025

4/25 - नवेद उल हसन, 2004

4/36 - शोएब अख्तर, 2004

4/62 - डगलस होंडो, 2002

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:VIDEO: कोहली 300वें वनडे में हुए फुस्स, फिलिप्स ने लपका हैरतअंगेज कैच

बता दें कि हेनरी को भारत के खिलाफ मैच में टीम के दूसरे गेंदबाजों अच्छा साथ मिला। न्यूजीलैंड के लिए काइल जेमीसन, विलियम ओ’राउरकी, कप्तान मिचेल सेंटनर और रचिन रविंद्र ने एक-एक विकेट लिया। भारत ने शुरुआती सात ओवर में 30 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे लेकिन श्रेयस अय्यर (98 गेंदों में 79) और अक्षर पटेल (61 गेंदों में 42) ने चौथे विकेट के लिए 98 रन की साझेदारी कर टीम को खराब शुरुआत से उबारा। अय्यर ने केएल राहुल (23) के साथ भी 42 गेंद में 44 रन की साझेदारी की।

Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट, IPL 2026 , Orange Cap in IPL 2026 और Purple Cap की रेस, IPL 2026 Points Table , IPL 2026 Schedule आज के बड़े मुकाबले PBKS vs MI Live Score और पल-पल के Live Cricket Score अपडेट्स के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी क्रिकेट अपडेट सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।