रहमत शाह ने अफगानिस्तान के लिए रचा इतिहास, भारत के खिलाफ मैच में हासिल की बड़ी उपलब्धि
अफगानिस्तान के रहमत शाह भारत के लिए क्या खूब लड़ाई लड़ रहे हैं। भारत के 564 रनों के सामने जहां अफगान टीम 113 रन पर 5 विकेट गंवा चुकी है। वहां रहमत शाह 43 रन बनाकर नाबाद है। उन्होंने इस पारी के साथ अफगानिस्तान के लिए इतिहास रचा।

इंडिया वर्सेस अफगानिस्तान एकमात्र टेस्ट मुल्लांपुर में खेला जा रहा है। शुभमन गिल की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने पहले बैटिंग करते हुए केएल राहुल और गिल के शानदार शतकों के दम पर 564 रन बोर्ड पर लगाकर पारी घोषित कर दी। गेंदबाजी में जूझने के बाद अफगानिस्तान की टीम बल्लेबाजी में भी कमजोर नजर आई। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक अफगानिस्तान ने मात्र 113 के स्कोर पर 5 विकेट गंवा दिए। उनका फॉलोऑन बचाना भी मुश्किल नजर आ रहा है। हालांकि अफगानिस्तान के बल्लेबाज रहमत शाह अकेले लड़ाई लड़ने में लगे हुए हैं। वह दिन के अंत तक 43 रन बनाकर नाबाद रहे। इस पारी के साथ उन्होंने अफगानिस्तान के लिए भी इतिहास रचा।
रहतम शाह ने अफगानिस्तान के लिए इतिहास रचा
रहमत शाह ने अपनी इस पारी के साथ टेस्ट क्रिकेट में 1000 रन का आंकड़ा पार कर लिया है। वह अफगानिस्तान के लिए टेस्ट क्रिकेट में 1000 रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बने हैं। जी हां, अफगानिस्तान की टीम अपना 13वां टेस्ट खेल रही है और रहमत शाह ने इमें से 12 मुकाबलों में हिस्सा लिया है। वह अफगानिस्तान के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी 792 रनों के साथ लिस्ट में दूसरे पायदान पर हैं। वहीं इब्राहिम जादरान ने 602 और पूर्व कप्तान असगर अफगान ने अपने टेस्ट करियर में 440 रन बनाए थे।
कैसा रहा IND vs AFG टेस्ट का दूसरा दिन
डेब्यू कर रहे बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार की कलात्मक गेंदबाजी ने भारतीय क्रिकेट को उज्ज्वल भविष्य की झलक दिखाई और उनके तीन विकेटों की बदौलत भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच के दूसरे दिन पूरी तरह दबदबा कायम कर लिया। भीषण गर्मी के बीच भारत ने वॉशिंगटन सुंदर (नाबाद 52) के संयमित अर्धशतक और सुथार के साथ सातवें विकेट के लिए 54 रन की उपयोगी साझेदारी के बाद अपनी पहली पारी आठ विकेट पर 564 रन बनाकर घोषित कर दी।
दिन का खेल समाप्त होने तक अफगानिस्तान की टीम 113 रन पर पांच विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही थी। सुथार ने 15.5 ओवर में 21 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने सात ओवर में 27 रन देकर दो विकेट झटके।
अफगानिस्तान के लिए रहमत शाह के अलावा अभी तक कोई बल्लेबाज अपनी छाप छोड़ने में कामयाब नहीं हो पाया है। वह इस पारी में 20 रन का आंकड़ा पार करने वाले अफगानिस्तान के एकमात्र खिलाड़ी हैं। मैच के तीसरे दिन हर किसी की नजरें रहमत शाह पर रहेगी।





साइन इन