कैसे सचिन तेंदुलकर से भी ज्यादा है वैभव सूर्यवंशी की 'हाइप'? जोस बटलर ने किया एक्सप्लेन
वैभव सूर्यवंशी एक ऐसा नाम है जिसके बारे में चर्चा सिर्फ भारत में ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में हो रही है। आईपीएल 2026 में 776 रनों के धमाके के साथ 15 साल के इस खिलाड़ी ने पूरी दुनिया में अपनी हाइप बनाई है।

वैभव सूर्यवंशी टीम इंडिया में डेब्यू के लिए तैयार हैं। आईपीएल 2026 में धमाकेदार परफॉर्मेंस करने के बाद उन्होंने चयनकर्ताओं को सीनियर टीम में चयन के लिए फोर्स किया है। यह बात खुद मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने कही। 15 साल के वैभव सूर्यवंशी का चयन आयरलैंड दौरे के साथ-साथ इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैच की टी20 सीरीज के लिए भी हुआ है। वैभव ने अभी सीनियर टीम के साथ उड़ान भी नहीं भरी है कि इंग्लैंड में इस खिलाड़ी की चर्चाएं होना शुरू हो गई। इस बीच इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जोस बटलर ने बताया है कि क्यों वैभव सूर्यवंशी की हाइप ‘क्रिकेट के भगवान’ कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर से ज्यादा है।
जोस बटलर ने ने अपने यूट्यूब पॉडकास्ट 'फॉर द लव ऑफ क्रिकेट' में कई बार वैभव सूर्यवंशी के बारे में बात की है। इस पॉडकास्ट को वे स्टुअर्ट ब्रॉड के साथ मिलकर होस्ट करते हैं। हालिया एपिसोड में बात करते हुए बटलर ने कहा कि सूर्यवंशी ने इंटरनेशनल लेवल पर मिले मौके को पूरी तरह से अपनी काबिलियत से हासिल किया है।
जोस बटलर ने कहा, "15 साल के वैभव सूर्यवंशी को भारत की बहुत मजबूत टीम में जगह मिली है, जिसके वे हकदार भी हैं। टीम इतनी मजबूत है कि उन्होंने वर्ल्ड कप जिताने वाले कप्तान को भी बाहर कर दिया। वे बहुत ही शानदार खिलाड़ी थे। हालांकि, उनका फॉर्म पहले जैसा नहीं रहा, लेकिन अगला वर्ल्ड कप 2028 में है, इसलिए टीम बदलाव चाहती थी। उन्होंने श्रेयस अय्यर को चुना, जिन्होंने KKR के साथ खिताब जीता और फिर पंजाब किंग्स के लिए भी अच्छा प्रदर्शन किया। सबसे बड़ी बात यह है कि बल्लेबाजी में उनके आंकड़े शानदार रहे हैं।"
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान ने गुजरात टाइटंस के असिस्टेंट कोच आशीष कपूर के साथ हुई उस बातचीत को भी याद किया जिसमें सूर्यवंशी को मिल रही भारी चर्चा और क्या यह सचिन तेंदुलकर के शुरुआती दिनों के उत्साह जैसा ही है, इस पर बात हुई थी।
तेंदुलकर 1989 में पाकिस्तान दौरे के दौरान 16 साल की उम्र में भारतीय टीम में आए थे। हालांकि, बटलर ने बताया कि आज के डिजिटल दौर ने सूर्यवंशी के उभरने के तरीके को बहुत अलग बना दिया है।
बटलर ने आगे कहा, "गुजरात में हमारे असिस्टेंट कोच आशीष कपूर और मैं तब बात कर रहे थे जब भारत में वैभव को लेकर काफी चर्चा हो रही थी। मैंने उनसे पूछा कि सचिन के समय से इसकी तुलना कैसे की जा सकती है, क्योंकि वे उसी पीढ़ी के हैं और उन्हें खेलते हुए देखकर बड़े हुए हैं।"
उन्होंने कहा कि असली फर्क यह है कि सबने वैभव को देखा है। उन्होंने अभी तक इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेला है, फिर भी सोशल मीडिया की वजह से वे काफी मशहूर हो गए हैं। सबने उन्हें बल्लेबाजी करते देखा है और यह भी देखा है कि उन्होंने दुनिया के सबसे बड़े T20 टूर्नामेंट में कैसा प्रदर्शन किया है।
उन्होंने कहा, "जब सचिन का दौर शुरू हो रहा था, तो लोग उनके बारे में अखबारों में पढ़ते थे। उस असाधारण टैलेंट के बारे में बस बातें और कहानियां होती थीं जिसे देखने का मन करता था। जब तक आप मैदान पर न हों या टीवी पर उन्हें लाइव न देख लें, तब तक आप उन्हें असल में नहीं देख पाते थे। तब न तो हाइलाइट्स पैकेज होते थे, न सोशल मीडिया और न ही आज के खिलाड़ियों को मिलने वाली इतनी पब्लिसिटी। वैभव पहले से ही काफी मशहूर हैं। वे IPL 2026 के MVP थे और उन्होंने 200 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए। ऐसे आंकड़े वाले किसी भी खिलाड़ी को चुना ही जाएगा। वे अपनी जगह के पूरी तरह हकदार हैं।"





साइन इन