एमएस धोनी के 'कोच साहब' कमेंट पर गौतम गंभीर ने दिया जवाब, बोले- और मुस्कुराने की क्या...
टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने दिग्गज एमएस धोनी की पोस्ट पर रिएक्ट किया है। धोनी ने भारत की टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीत के बाद कहा था कि गंभीर के चेहरे पर मुस्कान अच्छी लगती है।

टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने एमएस धोनी के 'कोच साहब' कमेंट पर रिएक्ट दिया है। गंभीर ने पूर्व भारतीय कप्तान और दिग्गज विकेटकीपर को जवाब देते हुए कहा कि धोनी को स्टेडियम में देखकर अच्छा लगा। धोनी टी20 वर्ल्ड कप 2026 देखने के लिए अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम गए थे, जहां भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से रौंदकर इतिहास रचा। भारत लगातार दो टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बन गई है। भारत ने तीसरी बार इस टूर्नामेंट की ट्रॉफी अपने नाम की। गंभीर ने धोनी अगुआई में 2007 में टी20 वर्ल्ड कप और 2011 वनडे वर्ल्ड कप में भारत की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई थी।
'और मुस्कुराने की क्या शानदार वजह'
धोनी आमतौर पर सोशल मीडिया पर एक्टिव नहीं रहते हैं लेकिन भारत के टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने पर फिर से सक्रिय हो गए। उन्होंने फाइनल देखने के बाद इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया, ''अहमदाबाद में इतिहास बना, टीम और सहयोगी स्टाफ तथा दुनिया भर में भारतीय क्रिकेट टीम के सभी प्रशंसकों को बहुत-बहुत बधाई। आप सभी को खेलते हुए देखकर बहुत खुशी हुई।'' उन्होंने हेड कोच के अधिकतर गंभीर अंदाज में रहने का जिक्र करते हुए मजाक में कहा, ''कोच साहब आपकी मुस्कान बहुत अच्छी लग रही है। मुस्कुराहट के साथ जज्बा शानदार है, बहुत अच्छा किया। दोस्तों मजे करो। बुमराह के बारे में कुछ नहीं लिखूं तो ही अच्छा है। चैंपियन गेंदबाज।'' वहीं, गंभीर ने धोनी की पोस्ट पर कमेंट में लिखा, ''और मुस्कुराने की क्या शानदार वजह है, आपको देखकर बहुत अच्छा लगा।''
बुमराह प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए
रविवार रात सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया। टॉस हारकर बल्लेबाजी करते हुए शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों संजू सैमसन, इशान किशन और अभिषेक शर्मा ने अर्धशतक जड़कर भारत को पांच विकेट पर 255 रन के विशाल स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 19 ओवर में 159 रनों पर सिमटी। स्टार पेसर बुमराह ने 15 रन देकर चार विकेट चटकाए जबकि अक्षर पटेल ने भी तीन विकेट हासिल करके भारत को आसान जीत दिलाने में मदद की। बुमराह प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। धोनी भारत के पहले टी20 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान हैं। उनकी अगुआई में भारत ने 2007 में पहला टूर्नामेंट जीता था। इसके बाद रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम ने 2024 में दूसरा खिताब जीता। रोहित भी रविवार को फाइनल के लिए स्टेडियम में मौजूद थे।





साइन इन