BCB look to break ice with BCCI during India vs Pakistan T20 World Cup 2026 Match in Colombo after Lahore meeting India vs Pakistan मैच में पिघलेगी बर्फ, BCCI से रिश्ते सुधारने की जुगत में बांग्लादेश, Cricket Hindi News - Hindustan

India vs Pakistan मैच में पिघलेगी बर्फ, BCCI से रिश्ते सुधारने की जुगत में बांग्लादेश

India vs Pakistan मैच में भारत और बांग्लादेश के बीच बर्फ पिघलने की संभावना है। BCCI से रिश्ते सुधारने की जुगत में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड है। बीसीबी के चेयरमैन इस मैच को देखने के लिए जाने वाले हैं।

Thu, 12 Feb 2026 05:41 AMVikash Gaur लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
India vs Pakistan मैच में पिघलेगी बर्फ, BCCI से रिश्ते सुधारने की जुगत में बांग्लादेश

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड यानी बीसीबी अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई से अपने रिश्ते सुधारने की जुगत में लगा हुआ है। मुस्तफिजुर रहमान को बीसीसीआई ने आईपीएल से बाहर कर दिया था। इसके बाद बांग्लादेश ने भारत में टी20 वर्ल्ड कप 2026 खेलने से इनकार कर दिया था। इस वजह से दोनों देश के क्रिकेट बोर्ड के बीच रिश्ते खराब हो गए थे। इन दूरियों को करीबियों में बदलने की कोशिश बांग्लादेश कर रहा है, जिसने दावा किया है कि इंडिया वर्सेस पाकिस्तान मैच को बहाल कराने में उसका अहम योगदान रहा है।

बीसीबी के चेयरमैन अमीनुल इस्लाम ने संकेत दिया है कि वह कोलंबो में 15 फरवरी को होने वाले इंडिया वर्सेस पाकिस्तान मैच में बीसीसीआई के अधिकारियों के साथ मुलाकात करने वाले हैं। कहा जाता है कि BCB बॉस ने लाहौर में हुई तीन-तरफा मीटिंग के दौरान पाकिस्तान को अपने फैसले पर दोबारा सोचने और भारत के खिलाफ खेलने के लिए मनाने में बड़ी भूमिका निभाई थी। हालांकि, खुद बांग्लादेश पहले ही भारत में टी20 विश्व कप नहीं खेलने का फैसला कर चुका था, जिसकी वजह से स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में मौका दिया गया।

हालांकि, लाहौर में हुई मीटिंग में बांग्लादेश को फायदा ये हुआ है कि उन पर आईसीसी कोई प्रतिबंध या बैन नहीं लगाएगी। इसके अलावा 2028 से 2031 के बीच एक आईसीसी इवेंट भी बांग्लादेश को होस्ट करने के लिए मिलेगा। अमीनुल इस्लाम ने बांग्लादेशी अखबार प्रोथोम अलो से बात करते हुए कहा, "ICC ने एक फ़सला लिया है। ICC के बड़े स्टेकहोल्डर ये पांच एशियाई देश (भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान) हैं और वर्ल्ड कप में 15 तारीख को होने वाले भारत-पाकिस्तान मैच के लिए, वे चाहते हैं कि सभी पांच एशियाई देशों के रिप्रेजेंटेटिव एक साथ मैदान पर मौजूद रहें, एक साथ मैच देखें और एक-दूसरे से बात करें।"

उन्होंने आगे कहा, "आप इसे कुछ ऐसा मान सकते हैं (हमारे बीच दूरियां कम हो जाएं)।" अमीनुल ने कहा कि वे एक MoU (मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग) तैयार कर सकते हैं, ताकि लाहौर में हुई मीटिंग में लिए गए फैसलों को भविष्य में नजरअंदाज न किया जा सके। बीसीबी बॉस ने कहा, "हम एक एग्रीमेंट भी करेंगे। एग्रीमेंट लाइन-बाई-लाइन होगा, एक MoU-टाइप (मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग) डॉक्यूमेंट होगा, ताकि कोई कन्फ्यूजन न रहे। आप जानते हैं कि इससे पहले जब हमने ढाका में एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) की एनुअल जनरल मीटिंग की थी, तो भी ऐसा ही एक मुद्दा उठा था। वहां भी, हमने एक MoU-टाइप डॉक्यूमेंट तैयार किया था, ताकि कोई भी किसी भी तरह से कॉन्ट्रैक्ट से अलग न हो सके।"

Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट, IPL 2026 , Orange Cap और Purple Cap की रेस, IPL 2026 Points Table , IPL 2026 Schedule और Live Cricket Score देखें और Live Hindustan App डाउनलोड करके सभी अपडेट सबसे पहले पाएं।