ऑस्ट्रेलिया ने एकमात्र टेस्ट मैच में टीम इंडिया को रौंदा, 12-4 से दौरा किया अपने नाम
ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेट टीम ने एकमात्र टेस्ट मैच में टीम इंडिया को बुरी तरह रौंद दिया है। 10 विकेट से इस टेस्ट मैच को जीतकर ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 12-4 से दौरा अपने नाम किया है। सिर्फ टी20 सीरीज भारत जीता।

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर वनडे के बाद टेस्ट सीरीज भी हार गई है। हालांकि, टेस्ट मैच एक ही था, लेकिन उसे बुरी तरह से टीम इंडिया ने गंवाया है। तीसरे ही दिन टेस्ट मैच का नतीजा निकल आया, जिसे मेजबान ऑस्ट्रेलिया 10 विकेट से जीता, क्योंकि 30 रनों का भी टारगेट भारतीय टीम ने नहीं रखा था। इसी के साथ भारतीय टीम इस दौरे को 12-4 से हारी है।
इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच 3-3 मैचों की टी20 और वनडे सीरीज खेली गई और फिर एक टेस्ट मैच खेला गया। टी20 सीरीज को भारत ने 2-1 से अपने नाम किया, लेकिन वनडे सीरीज में भारतीय टीम का सूपड़ा साफ हो गया और फिर टेस्ट मैच में भी टीम इंडिया को हार मिली। इस तरह सीरीज के लिहाज से 2-1 से भारत को हार मिली और टूर के हिसाब से 12-4 से हार का सामना करना पड़ा।
एक टी20 मैच के लिए 2 पॉइंट और एक वनडे मैच को जीतने के लिए भी दो ही पॉइंट थे। टेस्ट मैच के लिए चार पॉइंट थे। भारत ने सिर्फ दो टी20 जीते तो उनके खाते में 4 पॉइंट ही रहे, जबकि ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 1 टी20 और 3 वनडे मैचों के अलावा टेस्ट मैच भी जीता तो उनके खाते में 12 पॉइंट्स रहे। भारतीय टीम टेस्ट मैच की एक पारी में 200 और एक पारी में 150 तक नहीं पहुंच पाई।
भारत को रविवार 8 मार्च को पर्थ में महिलाओं के एकमात्र डे-नाइट टेस्ट के तीसरे दिन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 10 विकेट की करारी हार का सामना करना पड़ा। भारत टीम अपनी दूसरी पारी में छह विकेट पर 105 रन से आगे खेलते हुए 149 रन पर सिमट गई, जिसमें प्रतिका रावल ने 137 गेंद में 63 रन की पारी खेली। भारत की टीम दूसरी पारी में 48.2 ओवर में सिमट गई। एशले गार्डनर (आठ रन पर दो विकेट) ने कल की दोनों नाबाद बल्लेबाजों स्नेहा राणा (30) और प्रतिका को आउट किया। एलेना किंग ने भी 23 रन देकर दो विकेट चटकाए।
ऑस्ट्रेलिया की सबसे सफल गेंदबाज लूसी हैमिल्टन रहीं जिन्होंने 32 रन पर तीन विकेट चटकाए जबकि एनाबेल सदरलैंड ने भी 15 रन पर दो विकेट हासिल किए। ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए सिर्फ 25 रन की दरकार थी और सलामी बल्लेबाजों जॉर्जिया वोल (नाबाद 16) और फोबे लिचफील्ड (नाबाद 11) ने 4.3 ओवर में ही बिना विकेट खोए 28 रन बनाकर मेजबान टीम को जीत दिला दी। इससे पूर्व भारत ने पहली पारी में 198 रन बनाए थे जिसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने एनाबेल सदरलैंड के 129 रन की मदद से 323 रन बनाकर मेजबान टीम को पहली पारी में अहम बढ़त दिलाई थी।





साइन इन