छत्तीसगढ़ में कोर्ट को उड़ाने की धमकी से हड़कंप, तीन जिलों में मचा हड़कंप
तीनों जिला अदालतों की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर यह धमकी भेजी गई थी, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कोर्ट परिसरों की गहन तलाशी ली।

छत्तीसगढ़ के रायनंदगांव, दुर्ग और बिलासपुर जिले के न्यायालयों को गुरुवार को बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिससे प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। तीनों जिला अदालतों की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर यह धमकी भेजी गई थी, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कोर्ट परिसरों की गहन तलाशी ली।
रायनंदगांव जिले के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुबह 10.07 बजे अदालत की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा भेजा गया मेल प्राप्त हुआ, जिसमें आरडीएक्स आधारित इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) से आत्मघाती हमले की धमकी दी गई थी। ई-मेल में यह भी कहा गया था कि दोपहर 2.35 बजे तक न्यायाधीशों को कोर्ट परिसर से सुरक्षित बाहर निकाल लिया जाए।
धमकी मिलते ही जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को सूचित किया गया और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड के साथ पुलिस टीम को तुरंत कोर्ट परिसर भेजा गया और एहतियातन पूरे परिसर को खाली करा लिया गया।
अधिकारी ने बताया कि तलाशी अभियान के दौरान कोर्ट परिसर में कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु, बम, विस्फोटक या खतरनाक सामग्री नहीं मिली। इसी तरह की धमकी दुर्ग और बिलासपुर जिला न्यायालयों की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भी मिली, जिसके बाद वहां भी पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया। फिलहाल तीनों मामलों में पुलिस ई-मेल भेजने वाले की पहचान और स्रोत का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन