रायपुर: नक्सलवाद पर अमित शाह की हाईलेवल बैठक, CM भी थे मौजूद; डेडलाइन नजदीक
पुलिस के मुताबिक, जनवरी 2024 से छत्तीसगढ़ में मुठभेड़ों में 500 से ज्यादा नक्सली मारे गए हैं, जबकि इसी अवधि के दौरान करीब 1,900 नक्सली गिरफ्तार किए गए तो 2,500 से ज्यादा ने सरेंडर किया।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं। वे नक्सल विरोधी अभियान और विभिन्न कार्यों की समीक्षा के लिए रायपुर पहुंचे हैं। शाह ने रविवार को रायपुर में राज्य में नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे एक्शन को लेकर एक उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद के खात्मे की समयसीमा अब बेहद करीब है ऐसे में इस बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है।
ये बैठक नवा रायपुर अटल नगर के एक होटल में हुई। अधिकारी के मुताबिक बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, केंद्रीय गृह सचिव, खुफिया ब्यूरो (आईबी) के निदेशक और गृह मंत्रालय में विशेष सचिव (आंतरिक सुरक्षा) मौजूद थे। उन्होंने आगे बताया कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के महानिदेशकों के साथ-साथ छत्तीसगढ़, ओडिशा, महाराष्ट्र, झारखंड और तेलंगाना के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
500 से ज्यादा नक्सली मारे गए
राज्य के दक्षिणी भाग में स्थित बस्तर क्षेत्र, जिसमें सात जिले शामिल हैं, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और ओडिशा के साथ सीमा साझा करता है और लंबे समय से माओवादियों का सबसे मजबूत गढ़ माना जाता रहा है। बीते कुछ वर्ष में इस क्षेत्र में नक्सल-विरोधी अभियान के चलते उग्रवादी आंदोलन काफी कमजोर हो गया है। पुलिस के मुताबिक, जनवरी 2024 से छत्तीसगढ़ में मुठभेड़ों में 500 से ज्यादा नक्सली मारे गए हैं जिनमें कई बड़े नाम भी शामिल थे, जबकि इसी अवधि के दौरान करीब 1,900 नक्सली गिरफ्तार किए गए तो 2,500 से ज्यादा ने सरेंडर किया।
31 मार्च 2026 है डेडलाइन
बैठक से पहले शाह ने एक्स पर पोस्ट कर कहा था कि 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद से देश को पूरी तरह मुक्त करने के संकल्प में सफलता की ओर अग्रसर हैं। आपको बता दें कि गृह मंत्री 9 फरवरी को बस्तर के जगदलपुर पहुंचेंगे, जहां वे बस्तर पंडुम महोत्सव 2026 के समापन समारोह में शामिल होंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन