Man Almond Protest in Chhattisgarh, Year-Long Pending Work Completed in Just a Few Hours छत्तीसगढ़ में युवक ने किया 'बादाम प्रोटेस्ट', जो काम सालभर से नहीं हो रहा था वो चंद घंटों में हो गया, Chhattisgarh Hindi News - Hindustan
More

छत्तीसगढ़ में युवक ने किया 'बादाम प्रोटेस्ट', जो काम सालभर से नहीं हो रहा था वो चंद घंटों में हो गया

युवक का यह वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर आया, तुरंत वायरल हो गया। वहीं उसके द्वारा किए गए इस हिम्मत भरे काम का असर भी हो गया और जो फाइल सालभर से अधिकारियों को नहीं मिल रही थी। वह कुछ ही घंटों बाद मिल भी गई।

Sun, 19 April 2026 12:36 AMSourabh Jain लाइव हिन्दुस्तान, बिलासपुर, छत्तीसगढ़
share
छत्तीसगढ़ में युवक ने किया 'बादाम प्रोटेस्ट', जो काम सालभर से नहीं हो रहा था वो चंद घंटों में हो गया

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में एक युवक का किया 'बादाम प्रोटेस्ट' इन दिनों देशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। दरअसल इस युवक ने स्थानीय हाऊसिंग बोर्ड से सालभर पहले एक फ्लैट खरीदा था, और इसके बाद उसका नामांतरण कराने के लिए सभी जरूरी दस्तावेज जमा करते हुए आवेदन किया था। लेकिन इसके बाद विभाग के अधिकारी यह कहते हुए उससे दफ्तर के चक्कर कटवाने लगे कि उसकी फाइल कहीं गुम हो गई है, जैसे ही फाइल मिलेगी उसका काम हो गया। ऐसा सुनते-सुनते पूरा एक साल गुजर गया और आखिरकार युवक के सब्र का बांध टूट गया। इसके बाद उसने विरोध का ऐसा तरीका अपनाया कि जो काम सालभर में नहीं हो सका था, वो काम चंद घंटों बाद हो गया।

पीड़ित शख्स का नाम तरुण साहू है, और उसने शहर के तिफरा इलाके में स्थित हाउसिंग बोर्ड कार्यालय में नामांतरण के पेपर्स जमा किए थे। ऐसे में जब अधिकारियों ने लगातार एक साल तक उससे कार्यालय के चक्कर लगवाए तो वह युवक हाल ही में हाऊसिंग बोर्ड की उप संपदा अधिकारी के पास पहुंचकर उन्हें आधा किलोग्राम बादाम गिफ्ट कर आया। साथ ही उसने अधिकारी को बादाम खाकर अपनी याददाश्त बढ़ाने की नसीहत भी दी, ताकि उसकी गुम हो चुकी फाइल को अधिकारी अच्छे से खोज सके। इस दौरान युवक ने सेल्फी स्टीक से बादाम देते हुए अपना वीडियो भी बना लिया और फिर उसे खुद ही वायरल भी कर दिया।

युवक के टेबल पर बादाम फेंकने का वीडियो वायरल

वायरल वीडियो में युवक सरकारी दफ्तर पहुंचकर वहां मौजूद एक महिला अधिकारी की टेबल पर बादाम फेंकता है और कहता है, 'मैडम मैं आपके लिए बादाम लेकर आया हूं, आपको इसको खाना है, और जब आपको याद आ जाए कि मेरी फाइल कहां रखी है, तो आप मुझे बता देना। एक साल से आप जो मुझे ये कहकर घूमा रही हो, कि आपकी फाइल पता नहीं कहां रखी है, कहां रखी है। अब मिल जाए तो आप बता देना।'

युवक कहता है- बादाम खाने से याद्दाश्त तेज होती है

इतना सब होने के बाद वहां मौजूद मैडम अपने मोबाइल से वीडियो बनाने लगती हैं, तो युवक कहना है 'आप बनाइए कोई दिक्कत नहीं है।' आगे वो कहता है, 'आप बादाम खाइए अब, और इसे खाने के बाद फिर आपको याद आ जाएगा कि आपने मेरी फाइल कहां रखी है। मेरी वही फाइल जो आप गुमाकर बैठी हो, और जो आपको मिल नहीं रही है, और जिसकी वजह से एक साल से आप मुझे परेशान करके रखी हो। आप इस बादाम को खाइए, क्योंकि अगर आप इसको खा लेंगी तो आपको याद आ जाएगा, क्योंकि बादाम को खाने से याद्दाश्त तेज होती है, जब याद आ जाएगा तो मुझे बता देना फोन करके, ठीक है।'

रंग लाया युवक का विरोध, मिल गई गुम हुई फाइल

युवक का यह वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर आया, तुरंत वायरल हो गया। वहीं उसके द्वारा किए गए इस हिम्मत भरे काम का असर भी हो गया और जो फाइल सालभर से अधिकारियों को नहीं मिल रही थी। वह कुछ ही घंटों बाद मिल भी गई। और सबसे बड़ी हैरानी की बात तो यह है कि युवक की फाइल ढूंढने के लिए शनिवार को छुट्टी के दिन भी गृह निर्माण मंडल का कार्यालय खोला गया और विभागीय अमले ने एड़ी-चोटी का जोर लगाकर युवक की लापता फाइल को ढूंढा और आखिरकार खोज भी निकाला।

महिला अधिकारी ने पुलिस से की शिकायत

प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक के उस वीडियो ने विभाग में ऐसा बवाल मचाया कि खुद विभागीय उपआयुक्त को फाइल खोजने की जिम्मेदारी दे दी गई थी। आखिरकार उन्होंने फाइल ढूंढ भी निकाली। हालांकि युवक ने जिस महिला अधिकारी को जाकर बादाम दी थी। उन्होंने भी युवक के खिलाफ ऐक्शन लेते हुए उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। महिला अधिकारी का कहना है कि युवक की इस असंवैधानिक और गैर-जरूरी हरकत की वजह से उनकी निजता का हनन हुआ है। इस मामले में पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।