…तो हिन्दुओं का अस्तित्व खतरे में पड़ जाएगा, धीरेंद्र शास्त्री ने क्यों दी ऐसी चेतावनी
बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यक समुदाय के खिलाफ हो रही हिंसा और हत्याओं की खबरों पर बागेश्वर धाम सरकार के आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने गहरी चिंता जताई है।

बांग्लादेश में हिन्दुओं के खिलाफ हो रही हिंसा और हत्याओं की खबरों पर बागेश्वर धाम सरकार के आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने गहरी चिंता जताई है। उन्होंने भारत सरकार से पड़ोसी देश में हिंदुओं की रक्षा के लिए सख्त कदम उठाने की अपील की है। धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि बांग्लादेश के हालात बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, भारत सरकार के लिए अब बांग्लादेशी हिंदुओं के हित में ठोस कदम उठाना जरूरी हो गया है। अगर अभी कदम नहीं उठाए गए, तो वहां हिंदुओं का अस्तित्व और उनकी पहचान खतरे में पड़ जाएगी।
शास्त्री ने ना सिर्फ सुरक्षा की मांग की, बल्कि एक बड़ा प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने कहा कि अगर वहां हिंदू सुरक्षित नहीं हैं, तो उन्हें भारत में शरण दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा, अगर हम इस समय उनके काम नहीं आए, तो हिंदू एकता का कोई अर्थ नहीं रह जाएगा। यहां रह रहे अवैध बांग्लादेशियों के स्थान पर, वहां के प्रताड़ित हिंदुओं को भारत में जगह दी जानी चाहिए।
धीरेंद्र शास्त्री का ये बयान बांग्लादेश में हिन्दुओं के साथ हो रही हिंसा के बाद आया है। धीरेंद्र शास्त्री ने इन घटनाओं को अमानवीय बताते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस मुद्दे को उठाना और हिंदुओं की रक्षा सुनिश्चित करना अब समय की मांग है।
बांग्लादेश में बुधवार को अमृत मंडल नाम के एक हिंदू की कथित जबरन वसूली के आरोप में पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। यह घटना मयमनसिंह में ईशनिंदा के आरोपों पर एक अन्य हिंदू व्यक्ति, दीपू दास की पीट-पीटकर हत्या करने और उसके शव को आग लगाने के एक हफ्ते बाद हुई। मैमनसिंह जिले में 18 दिसंबर को एक गारमेंट फैक्ट्री कर्मचारी दीपु चंद्र दास की ईशनिंदा के झूठे आरोप में हत्या कर दी गई। भीड़ ने न केवल उन्हें पीटा, बल्कि उनके शव को लटकाकर आग के हवाले कर दिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन