Chhattisgarh SDM among four arrested for beating man to death during anti-illegal mining action छत्तीसगढ़ में SDM समेत 4 गिरफ्तार, अवैध खनन के शक में बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या का आरोप, Chhattisgarh Hindi News - Hindustan
More

छत्तीसगढ़ में SDM समेत 4 गिरफ्तार, अवैध खनन के शक में बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या का आरोप

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में एक बुजुर्ग व्यक्ति की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या करने के आरोप में पुलिस ने क्षेत्र के एसडीएम करुण डहरिया समेत 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।  

Tue, 17 Feb 2026 02:15 PMPraveen Sharma बलरामपुर, भाषा
share
छत्तीसगढ़ में SDM समेत 4 गिरफ्तार, अवैध खनन के शक में बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या का आरोप

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में एक बुजुर्ग व्यक्ति की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या करने के आरोप में पुलिस ने क्षेत्र के एसडीएम करुण डहरिया समेत 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। वहीं, राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इसे प्रशासनिक आतंकवाद कहते हुए राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है।

बलरामपुर के एसपी वैभव बैंकर ने सोमवार को बताया कि जिले के कोरंधा थाना क्षेत्र के अंतर्गत हंसपुर गांव के करीब राम (62) उर्फ रामनरेश की हत्या के आरोप में पुलिस ने राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी और कुसमी क्षेत्र के एसडीएम करुण डहरिया तथा तीन अन्य विक्की सिंह उर्फ अजय प्रताप सिंह, मंजीत कुमार यादव और सुदीप यादव को गिरफ्तार कर लिया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:हरियाणा से जाकर छत्तीसगढ़ में खेल, GATE के कैंडिडेट्स सहित 6 गिरफ्तार

एसपी ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि रविवार देर रात डहरिया, सिंह, मंजीत और सुदीप एसडीएम की सरकारी गाड़ी में सवार होकर हंसपुर गांव की ओर रवाना हुए थे। जब वह गांव के करीब थे तब उन्होंने वहां ग्रामीणों पर बॉक्साइट का अवैध खनन कर परिवहन करने का आरोप लगाया और डंडे से उनकी पिटाई शुरू कर दी।

एसपी वैभव बैंकर ने ने बताया कि इस घटना में राम उर्फ रामनरेश, अजीत राम (60) और आकाश अगरिया (20) को चोट पहुंची। घटना के बाद तीनों को कुसमी स्थित अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने रामनरेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य दो लोगों का इलाज किया जा रहा है।

जांच के बाद एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी

अधिकारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने एसडीएम समेत चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया तथा मामले की जांच शुरू की गई। जांच के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

एसपी ने बताया, ''पूछताछ में आरोपियों ने जानकारी दी है कि वह क्षेत्र में बॉक्साइट का अवैध उत्खनन रोकने गए थे, लेकिन एसडीएम अपने साथ निजी व्यक्तियों को क्यों लेकर गए थे, इसकी जांच की जा रही है।''

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के स्मारकों पर बुलडोजर ऐक्शन, 5 स्मारक ढहाए

घटना के विरोध में नारेबाजी और चक्काजाम

घटना की जानकारी मिलने के बाद सर्व आदिवासी समाज, स्थानीय ग्रामीण और कांग्रेस पार्टी के सदस्यों ने मृतक परिवार को मुआवजा और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर कुसमी में चक्का जाम कर दिया और नारेबाजी की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ग्रामीण जब अपने खेत की सिंचाई कर वापस लौट रहे थे, तब एसडीएम और उनके लोगों ने ग्रामीणों पर हमला कर दिया।

एसपी ने बताया, ''घटना से आक्रोशित लोगों ने चक्का जाम करने की कोशिश की। जिला और पुलिस प्रशासन के अधिकारी उन्हें लगातार समझाने का प्रयास कर रहे हैं। स्थिति नियंत्रण में है। क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है।''

भूपेश बघेल ने 'एक्स' पर क्या-क्या लिखा

छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने अपने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, ''भाजपा के सुशासन में चल रहे 'प्रशासनिक आतंकवाद' ने एक बार फिर छत्तीसगढ़ के एक मासूम ग्रामीण को अपना शिकार बना लिया। आरोप है कि बलरामपुर में अपने खेत में सिंचाई करके लौट रहे किसानों को कुसमी के SDM और नायब तहसीलदार ने 5-6 लोगों के साथ मिलकर जमकर पिटाई कर दी। SDM और उनके साथियों ने उन्हें इस कदर पीटा कि इस पिटाई से घायल एक किसान की मौत हो गई और दो किसान अस्पताल में भर्ती हैं। सारा मामला बॉक्साइट के अवैध उत्खनन से जुड़ा हुआ है, चंद दिनों पहले ग्रामीणों ने अवैध रूप से बॉक्साइट उत्खनन कार्य में लगे एक ट्रक को पकड़ा था, इसका परिणाम उन्हें अपनी जान गवां कर चुकाना पड़ा। पूरी की पूरी भाजपा सरकार और उसके अधिकारी आकंठ भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं और भ्रष्टचारियों को पोषण देने में लगे हुए हैं।''

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:छत्तीसगढ़ में फर्जी आदेश पर सालों सरकारी नौकरी की, 4 कर्मचारी बर्खास्त

कांग्रेस हर मामले में ओछी राजनीति करने की आदी : संतोष पांडेय

वहीं राजनांदगांव क्षेत्र के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता संतोष पांडेय ने कहा है कि राज्य सरकार और प्रशासन इस मामले की पूरी संवेदनशीलता से जांच कर रहे हैं। पांडेय ने कहा कि कांग्रेस हर मामले में ओछी राजनीति करने की आदी है। भूपेश बघेल के शासनकाल में हुई अराजकता को जनता भूली नहीं है। सूरजपुर, कोण्डागांव और गरियाबंद जैसी घटनाओं में कांग्रेस से जुड़े लोगों के नाम सामने आए थे। कांग्रेस को दूसरों पर उंगली उठाने से पहले अपने गिरेबां में झांकना चाहिए।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।