UPSC Recruitment 2026 : group a group b 194 posts dgca peso defence ministry jobs apply online UPSC Recruitment 2026 : 194 पदों पर निकली भर्ती, DGCA से लेकर रक्षा मंत्रालय तक में मिलेगा मौका, Career Hindi News - Hindustan
More

UPSC Recruitment 2026 : 194 पदों पर निकली भर्ती, DGCA से लेकर रक्षा मंत्रालय तक में मिलेगा मौका

UPSC Recruitment 2026 : यूपीएससी ने 194 ग्रुप ए और ग्रुप बी पदों पर भर्ती निकाली है। डीजीसीए, डाक विभाग, रक्षा मंत्रालय, भारतीय मौसम विभाग समेत कई विभागों में आवेदन मांगे गए हैं।

Thu, 28 May 2026 05:12 PMHimanshu Tiwari लाइव हिन्दुस्तान
share
UPSC Recruitment 2026 : 194 पदों पर निकली भर्ती, DGCA से लेकर रक्षा मंत्रालय तक में मिलेगा मौका

UPSC Recruitment 2026 : अगर आप लंबे समय से किसी बड़ी सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे हैं तो यह खबर आपके काम की हो सकती है। संघ लोक सेवा आयोग यानी यूपीएससी ने अलग-अलग केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों में ग्रुप ए और ग्रुप बी के कुल 194 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती के जरिए डीजीसीए, पीईएसओ, भारतीय मौसम विभाग, रक्षा मंत्रालय, एमएसएमई मंत्रालय, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण और डाक विभाग जैसे बड़े सरकारी संस्थानों में नियुक्तियां की जाएंगी। यह भर्ती खास तौर पर उन युवाओं के लिए अहम मानी जा रही है जिनके पास इंजीनियरिंग, विज्ञान, तकनीकी या भाषा से जुड़ी पढ़ाई है। उम्मीदवार ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

किन विभागों में होगी भर्ती

इस भर्ती अभियान के जरिए कई बड़े सरकारी विभागों में अधिकारियों और तकनीकी पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इनमें एयरवर्दीनेस ऑफिसर, वैज्ञानिक अधिकारी, डिप्टी कंट्रोलर ऑफ एक्सप्लोसिव, असिस्टेंट एग्जीक्यूटिव इंजीनियर, डिप्टी डायरेक्टर ऑफ माइन्स सेफ्टी, एसोसिएट प्रोफेसर और लेक्चरर जैसे पद शामिल हैं। यानी तकनीकी क्षेत्र के साथ-साथ शिक्षा और रिसर्च से जुड़े उम्मीदवारों के लिए भी यह शानदार अवसर है।

शैक्षणिक योग्यता की जानकारी

एयरवर्दीनेस ऑफिसर पद के लिए फिजिक्स, मैथ्स या विमान रखरखाव से ग्रेजुएशन या इंजीनियरिंग डिग्री के साथ एएमई लाइसेंस जरूरी है। डिप्टी कंट्रोलर ऑफ एक्सप्लोसिव पद के लिए केमिकल इंजीनियरिंग डिग्री या केमिस्ट्री में एमएससी मांगी गई है। मैनेजर (मेल मोटर सर्विस) पद के लिए मैकेनिकल या ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग में बीटेक जरूरी है। जूनियर टेक्निकल ऑफिसर पद के लिए ऑयल टेक्नोलॉजी में बीई या बीटेक अथवा शुगर टेक्नोलॉजी में पीजी डिप्लोमा मांगा गया है। जूनियर टेक्निकल ऑफिसर (केमिकल इंजीनियरिंग) के लिए केमिकल इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री जरूरी होगी। वैज्ञानिक अधिकारी पद के लिए फिजिक्स में पीजी या मैकेनिकल और मैटलर्जी से संबंधित डिग्री मांगी गई है।

वहीं डिप्टी सुपरिटेंडिंग आर्कियोलॉजिकल इंजीनियर के लिए सिविल इंजीनियरिंग में बैचलर डिग्री जरूरी है। एसोसिएट प्रोफेसर (मैकेनिकल इंजीनियरिंग) पद के लिए बीई, बीटेक, एमटेक और पीएचडी योग्यता मांगी गई है। लेक्चरर (परशियन लैंग्वेज) और लेक्चरर (तिब्बती भाषा) पदों के लिए संबंधित भाषा में पोस्ट ग्रेजुएशन जरूरी है। इसके अलावा साइंटिस्ट बी, जॉइंट असिस्टेंट डायरेक्टर, असिस्टेंट एग्जीक्यूटिव इंजीनियर और डिप्टी डायरेक्टर जैसे पदों के लिए भी संबंधित विषय में डिग्री या पोस्ट ग्रेजुएशन अनिवार्य रखा गया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:झारखंड बीएड एडमिट कार्ड जारी, 31 मई को होगी परीक्षा, ऐसे करें डाउनलोड

आयु सीमा

इस भर्ती में उम्र सीमा पद के अनुसार अलग-अलग रखी गई है। अधिकतम आयु सीमा 30 साल से लेकर 48 साल तक तय की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट भी मिलेगी।

चयन प्रक्रिया

उम्मीदवारों का चयन कई चरणों में किया जाएगा। सबसे पहले लिखित परीक्षा होगी। इसके बाद इंटरव्यू लिया जाएगा। कुछ पदों के लिए मेडिकल परीक्षा भी कराई जाएगी। फाइनल मेरिट प्रदर्शन और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर तैयार की जाएगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बकरीद पर छूटी परीक्षा तो कब होगा दोबारा एग्जाम, DU ने तय कर दी तारीख

आवेदन शुल्क

जनरल, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों को 25 रुपए आवेदन शुल्क देना होगा। वहीं एससी, एसटी, पीडब्ल्यूबीडी और सभी महिला उम्मीदवारों के लिए आवेदन पूरी तरह मुफ्त रखा गया है।

सैलरी कितनी मिलेगी

चयनित उम्मीदवारों को लेवल 7 से लेकर लेवल 13 तक के अनुसार सैलरी मिलेगी। इसके साथ सरकारी भत्ते और अन्य सुविधाएं भी दी जाएंगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती एग्जाम सिटी Link, कहां और कैसे कर सकेंगे डाउलोड

ऐसे करें आवेदन

  • उम्मीदवार आवेदन करने के लिए यूपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
  • सबसे पहले वन टाइम रजिस्ट्रेशन पूरा करें। इसके बाद मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी के जरिए रजिस्ट्रेशन करें।
  • फॉर्म में मांगी गई जानकारी भरने के बाद जरूरी दस्तावेज अपलोड करें। फिर फीस जमा करके आवेदन फॉर्म सब्मिट कर दें।

गौरतलब है कि यूपीएससी की यह भर्ती इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि इसमें एक साथ कई बड़े मंत्रालयों और विभागों में नौकरी पाने का मौका मिल रहा है। तकनीकी और प्रोफेशनल डिग्री रखने वाले उम्मीदवारों के लिए यह सुनहरा अवसर माना जा रहा है। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के बीच इस भर्ती को लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है क्योंकि इसमें सैलरी, प्रतिष्ठा और करियर ग्रोथ तीनों का अच्छा मौका मिलेगा।

करियर सेक्शन में लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन , CBSE 12th Result 2026 Live के साथ सभी Board Results 2026 देखें। सबसे पहले अपडेट पाने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।