upsc ifs mains 2025 result out interview stage personality test schedule documents required how to check result UPSC IFS मेन्स 2025 का रिजल्ट जारी, इंटरव्यू राउंड के लिए चुने गए ये उम्मीदवार; देखें लिस्ट, Career Hindi News - Hindustan
More

UPSC IFS मेन्स 2025 का रिजल्ट जारी, इंटरव्यू राउंड के लिए चुने गए ये उम्मीदवार; देखें लिस्ट

upsc ifs mains 2025 result out: यूपीएसई आईएफएस मेन्स परीक्षा 2025 का परिणाम जारी कर दिया गया है। चयनित उम्मीदवार अब इंटरव्यू चरण में शामिल होंगे। जानिए रिजल्ट देखने का तरीका, जरूरी दस्तावेज और आगे की प्रक्रिया।

Thu, 26 Feb 2026 02:52 PMHimanshu Tiwari लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
UPSC IFS मेन्स 2025 का रिजल्ट जारी, इंटरव्यू राउंड के लिए चुने गए ये उम्मीदवार; देखें लिस्ट

upsc ifs mains 2025 result out: देश की प्रतिष्ठित वन सेवा में जाने का सपना देखने वाले उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। संघ लोक सेवा आयोग (Union Public Service Commission) ने भारतीय वन सेवा (IFS) मुख्य परीक्षा 2025 का परिणाम घोषित कर दिया है। अब वे अभ्यर्थी, जिन्होंने लिखित परीक्षा दी थी, अपना रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं और जान सकते हैं कि वे अगले चरण के लिए चुने गए हैं या नहीं। यह परीक्षा 16 नवंबर से 23 नवंबर के बीच आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर से हजारों उम्मीदवार शामिल हुए थे। अब जारी किए गए परिणाम में उन अभ्यर्थियों के रोल नंबर शामिल हैं जिन्हें पर्सनैलिटी टेस्ट यानी इंटरव्यू राउंड के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। जिनका रोल नंबर इस सूची में है, वही आगे चयन प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे।

upsc IFS Mains 2025 Result: पीडीएफ में जारी हुआ रिजल्ट

आयोग ने परिणाम पीडीएफ फॉर्मेट में जारी किया है। इसमें सफल उम्मीदवारों के रोल नंबर दिए गए हैं, इसलिए अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपने रोल नंबर को ध्यान से मिलान करें। रिजल्ट देखने के बाद उसकी कॉपी डाउनलोड करके सुरक्षित रखना जरूरी है, क्योंकि आगे की प्रक्रिया में इसकी जरूरत पड़ सकती है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:UPSC CSE 2026: आखिरी मौका कल तक, शाम 6 बजे बंद होंगे सिविल सेवा और वन सेवा फॉर्म

यहां देखें - UPSC IFS Mains 2025 Result PDF

दिल्ली में होगा इंटरव्यू राउंड

चयनित उम्मीदवारों का पर्सनैलिटी टेस्ट आयोग के नई दिल्ली स्थित कार्यालय Dholpur House में आयोजित किया जाएगा। यही वह चरण होता है जहां उम्मीदवार की केवल पढ़ाई नहीं, बल्कि उसकी समझ, व्यक्तित्व, निर्णय क्षमता और प्रशासनिक सोच को परखा जाता है।

इंटरव्यू की विस्तृत तारीख और समय का कार्यक्रम अलग से जारी किया जाएगा। आयोग ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट देखते रहें ताकि कोई महत्वपूर्ण सूचना छूट न जाए।

जल्द जारी होंगे ई कॉल लेटर

इंटरव्यू में शामिल होने के लिए ई कॉल लेटर भी जल्द उपलब्ध कराए जाएंगे। उम्मीदवारों को इन्हें डाउनलोड करना होगा और निर्धारित तारीख पर उसी के अनुसार उपस्थित होना होगा। बिना कॉल लेटर के इंटरव्यू में प्रवेश नहीं मिलेगा।

ऐसे चेक करें अपना रिजल्ट

रिजल्ट देखने की प्रक्रिया बेहद आसान रखी गई है। उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर होमपेज के ‘व्हाट्स न्यू’ सेक्शन में जाना होगा। वहां ‘Indian Forest Service (Main) Examination, 2025’ से जुड़ा लिंक दिखाई देगा। उस पर क्लिक करते ही रिजल्ट पीडीएफ खुल जाएगी, जिसमें अपना रोल नंबर खोजा जा सकता है।

इंटरव्यू में क्या लेकर जाना होगा

जो उम्मीदवार इंटरव्यू के लिए चुने गए हैं, उन्हें अपने सभी मूल दस्तावेज साथ लेकर जाने होंगे। आयोग ने स्पष्ट किया है कि पात्रता से जुड़े सभी दावों का सत्यापन इंटरव्यू के दौरान किया जाएगा। इन दस्तावेजों में आयु प्रमाण पत्र, शैक्षणिक योग्यता के प्रमाण, जाति या समुदाय प्रमाण पत्र, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग का प्रमाण पत्र, दिव्यांगता प्रमाण पत्र यदि लागू हो, और अन्य जरूरी प्रमाण शामिल हैं। इसके साथ यात्रा भत्ता से जुड़े फॉर्म भी आवश्यक हो सकते हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:UPSC में चयनित 1016 में से 645 छात्र हमारे, झूठ बोलकर बुरा फंसा कोचिंग संस्थान

आरक्षण से जुड़े प्रमाण पहले से जारी होने चाहिए

आयोग ने विशेष रूप से कहा है कि आरक्षण या छूट का दावा करने वाले उम्मीदवारों के प्रमाण पत्र आवेदन की अंतिम तिथि से पहले जारी किए गए होने चाहिए। यदि प्रमाण पत्र बाद की तारीख का पाया गया, तो उसे मान्य नहीं माना जाएगा। इसलिए एससी, एसटी, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस, दिव्यांग या पूर्व सैनिक श्रेणी का लाभ लेने वाले अभ्यर्थियों को अपने दस्तावेज पहले से जांच लेने चाहिए।

जरूरी जानकारी अपडेट करना अनिवार्य

सभी चयनित उम्मीदवारों को अपनी शैक्षणिक स्थिति से जुड़ी जानकारी भी अपडेट करनी होगी। इसमें यह बताना शामिल है कि उन्होंने आवश्यक परीक्षा पास कर ली है या उसका परिणाम प्रतीक्षित है। इसके समर्थन में दस्तावेज भी अपलोड करने होंगे। यदि कोई उम्मीदवार यह अनिवार्य प्रक्रिया पूरी नहीं करता है, तो उसकी उम्मीदवारी रद्द कर दी जाएगी और आगे कोई सूचना जारी नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में इंटरव्यू के लिए ई समन पत्र भी जारी नहीं होगा।

करियर सेक्शन में लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन और HPBOSE 12th Result 2026 Live के साथ सभी Board Results 2026 देखें। सबसे पहले अपडेट पाने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।