UPPSC PCS : टोयोटा कंपनी की कार का नाम, राष्ट्रपति चुनाव प्रक्रिया; PCS इंटरव्यू में पूछे गए ये से सवाल
पीसीएस 2024 साक्षात्कार में अभ्यर्थियों से तकनीक, पर्यावरण, संविधान, इतिहास और नैतिक जिम्मेदारी पर सवाल पूछे गए। जानिए किस तरह ज्ञान के साथ सोच और ईमानदारी की भी परीक्षा ली गई।

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग में चल रहे पीसीएस 2024 साक्षात्कार के सातवें दिन सोमवार को अभ्यर्थियों की परीक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं रही, बल्कि उनकी समझ, जिम्मेदारी और जीवन मूल्यों को भी गहराई से परखा गया। विशेषज्ञों ने ऐसे सवाल पूछे जो यह जानने के लिए थे कि उम्मीदवार केवल पढ़े-लिखे हैं या सच में समाज और व्यवस्था को समझते भी हैं। इस दिन का साक्षात्कार खास तौर पर इसलिए चर्चा में रहा क्योंकि सवालों का दायरा बहुत व्यापक था। तकनीक से लेकर पर्यावरण, नैतिकता से लेकर संविधान, और इतिहास से लेकर व्यक्तिगत सोच तक हर पहलू को छुआ गया।
एक अभ्यर्थी जिसका शैक्षणिक पृष्ठभूमि ऑटोमोबाइल क्षेत्र से जुड़ा था, उससे सबसे पहले उद्योग जगत से जुड़े सवाल किए गए। बोर्ड ने पूछा कि ऐसी कौन-सी भारतीय कंपनी है जो भारत के बाहर भी निर्माण कार्य करती है। इस सवाल का उद्देश्य यह समझना था कि अभ्यर्थी वैश्विक स्तर पर भारतीय उद्योग की भूमिका को कितना समझता है।
विद्युत वाहनों को लेकर पूछा गया सवाल
इसके बाद चर्चा को आधुनिक परिवहन व्यवस्था की ओर मोड़ा गया। अभ्यर्थी से पूछा गया कि भारत में विद्युत वाहनों को अपनाने की गति अभी धीमी क्यों है। यहां उम्मीदवार से केवल तकनीकी जानकारी नहीं बल्कि सामाजिक, आर्थिक और ढांचागत चुनौतियों की समझ अपेक्षित थी। जैसे चार्जिंग स्टेशन की कमी, शुरुआती लागत अधिक होना, लोगों की मानसिक तैयारी और ऊर्जा स्रोतों की स्थिति जैसे पहलुओं को समझना जरूरी था। विशेषज्ञों ने यह भी पूछा कि देश में विद्युत बसों का निर्माण कौन-कौन सी कंपनियां कर रही हैं। इस तरह के सवाल यह दर्शाते हैं कि प्रशासनिक सेवा में आने वाले अधिकारी को केवल नीति नहीं बल्कि बदलती तकनीक और उसके प्रभाव का भी ज्ञान होना चाहिए।
पूछा टोयोटा कंपनी की कार का नाम
एक हल्का लेकिन परखने वाला सवाल भी पूछा गया कि आप टोयोटा की किसी एक कार का नाम बताइए। ऐसे प्रश्न अभ्यर्थी की सामान्य जागरूकता और आत्मविश्वास को जांचने के लिए होते हैं। साक्षात्कार का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा तब आया जब बोर्ड ने एक नैतिक स्थिति सामने रखी। अभ्यर्थी से कहा गया कि मान लीजिए आप एक दोपहिया वाहन कंपनी में मध्यम स्तर के अभियंता हैं और आपको पता चलता है कि कंपनी का विषैला कचरा नदी में छोड़ा जा रहा है। आपने अपने वरिष्ठ अधिकारी को इसकी जानकारी दी, लेकिन वह आपको चुप रहने की सलाह देता है और नौकरी जाने की चेतावनी देता है। अब आप क्या करेंगे।
यह सवाल प्रशासनिक सेवा की आत्मा से जुड़ा था। यहां यह देखा जाता है कि उम्मीदवार व्यक्तिगत सुरक्षा और नैतिक जिम्मेदारी के बीच संतुलन कैसे बनाता है। क्या वह कानून, पर्यावरण और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएगा या दबाव में आ जाएगा। ऐसे प्रश्न यह तय करते हैं कि भविष्य का अधिकारी कठिन परिस्थितियों में कितना ईमानदार और साहसी रहेगा।
संविधान से जुड़े प्रश्न भी पूछे गए
बोर्ड ने अभ्यर्थियों के व्यक्तिगत दृष्टिकोण को जानने के लिए यह भी पूछा कि ऐसी कौन-सी चीज है जो आप अपने जीवन में कभी नहीं करना चाहेंगे। यह सवाल व्यक्ति के मूल्यों, संवेदनशीलता और आत्मचिंतन की क्षमता को समझने के लिए किया जाता है। साक्षात्कार में संविधान से जुड़े प्रश्न भी प्रमुखता से शामिल रहे। उम्मीदवारों से पूछा गया कि संविधान में लिखे गए रिपब्लिक शब्द का क्या अर्थ होता है। यहां अपेक्षा थी कि अभ्यर्थी बताए कि देश का शासन जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधियों के माध्यम से चलता है, न कि किसी वंशानुगत शासक के द्वारा।
मौलिक अधिकारों के बारे में भी सवाल किए गए। इन अधिकारों का उद्देश्य नागरिकों को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और गरिमा का संरक्षण देना है। यह समझ प्रशासनिक अधिकारी के लिए जरूरी है क्योंकि वही इन अधिकारों को धरातल पर लागू कराने में भूमिका निभाता है।
राष्ट्रपति के चुनाव की प्रक्रिया पर पूछे गए सवाल
राष्ट्रपति के चुनाव की प्रक्रिया के बारे में पूछकर उम्मीदवार की संवैधानिक व्यवस्था की समझ को जांचा गया। इस तरह के प्रश्न यह सुनिश्चित करते हैं कि अधिकारी केवल नियम याद न रखे बल्कि पूरी व्यवस्था की संरचना समझे। इतिहास से जुड़े प्रश्नों ने भी अभ्यर्थियों की तैयारी को परखा। पूछा गया कि दिल्ली और आगरा का लाल किला किसने बनवाया था। इसके साथ ही फतेहपुर सीकरी के बारे में जानकारी देने को कहा गया कि इसे किसने बसाया और इसका ऐतिहासिक महत्व क्या है। इस प्रकार के प्रश्न यह दर्शाते हैं कि प्रशासनिक सेवा में इतिहास की समझ भी उतनी ही जरूरी है क्योंकि वही सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन नीति से जुड़ती है।




साइन इन