UPPSC PCS 2024 interview dates : यूपी पीसीएस भर्ती 2024 के इंटरव्यू की तिथियां जारी, जानें रिजल्ट कब तक संभव
यूपी पीसीएस 2024 भर्ती का इंटरव्यू राउंड 16 फरवरी से 20 मार्च तक होगा। मार्च तक अंतिम परिणाम भी घोषित होने की उम्मीद है। 24 प्रकार के पदों के लिए उपलब्ध कुल 947 रिक्तियों को भरा जाना है।

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस) 2024 की मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों का साक्षात्कार कार्यक्रम गुरुवार को घोषित कर दिया। मुख्य परीक्षा में सफल 2719 अभ्यर्थी 16 फरवरी से 20 मार्च तक कुल 23 कार्यदिवसों में साक्षात्कार में शामिल होंगे। मार्च तक अंतिम परिणाम भी घोषित होने की उम्मीद है।
परीक्षा नियंत्रक हर्ष देव पांडेय की ओर से जारी सूचना के अनुसार साक्षात्कार दो पालियों में सुबह 9:30 और दोपहर दो बजे से होंगे। साक्षात्कार में शामिल होने के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश और तिथिवार आवंटित रोल नंबर वेबसाइट पर उपलब्ध है। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को अपने दावे के समर्थन में निर्धारित नवीनतम प्रारूप पर जारी किया गया जाति प्रमाण-पत्र/अन्य प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना होगा। केन्द्र अथवा राज्य सरकार में कार्यरत अभ्यर्थी को सेवायोजक की ओर से जारी अनापत्ति प्रमाण-पत्र मूल रूप में और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के अभ्यर्थियों को प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करना होगा।
इस भर्ती में कुल 24 प्रकार के पदों के लिए उपलब्ध कुल 947 रिक्तियों में से 60 रिक्तियां ऐसी हैं, जिन पर चयन केवल लिखित परीक्षा के आधार पर किया जाना है। शेष 887 रिक्तियां जिन पर के लिए 2719 अभ्यर्थी साक्षात्कार में शामिल होंगे।
पीसीएस 2026 प्री जुलाई-अगस्त में करवाने को दिया ज्ञापन
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से हाल ही में जारी कैलेंडर में पीसीएस 2026 की प्रारंभिक परीक्षा छह दिसंबर को प्रस्तावित करने से अभ्यर्थियों में रोष है। संयुक्त प्रतियोगी छात्र हुंकार मंच के संयोजक पंकज पांडेय ने गुरुवार को लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष को संबोधित ज्ञापन देकर पीसीएस प्री जुलाई से अगस्त के बीच कराने का अनुरोध किया। अभ्यर्थियों का कहना है कि परीक्षा अगर इतनी लेट से होगी तो उनकी तैयारी प्रभावित हो जाएगी। वैसे भी आयोग का सत्र पीछे चल रहा है। इसके अलावा सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ) मुख्य परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों के टाइपिंग टेस्ट की तिथि 45 दिन से बढ़ाकर 50 दिन करने की भी मांग की। एकल अवसरीय पंजीकरण (ओटीआर) में समय सीमा बढ़ाने की भी मांग की।




साइन इन