Top 5 Medical Courses After 12th Without NEET: A Complete Career Guide Medical Courses After 12th: बिना NEET भी चमकेगा करियर, 12वीं के बाद इन 5 कोर्सेज से बनें मेडिकल एक्सपर्ट, Career Hindi News - Hindustan
More

Medical Courses After 12th: बिना NEET भी चमकेगा करियर, 12वीं के बाद इन 5 कोर्सेज से बनें मेडिकल एक्सपर्ट

Career Guidance: चिकित्सा जगत में ऐसे कई बेहतरीन और प्रोफेशनल कोर्सेज मौजूद हैं, जिन्हें आप 12वीं (साइंस स्ट्रीम) के बाद बिना NEET के सीधे चुन सकते हैं और एक सफल मेडिकल करियर बना सकते हैं।

Sun, 8 Feb 2026 09:42 AMPrachi लाइव हिन्दुस्तान
share
Medical Courses After 12th: बिना NEET भी चमकेगा करियर, 12वीं के बाद इन 5 कोर्सेज से बनें मेडिकल एक्सपर्ट

Top 5 Medical Courses After 12th: हर साल लाखों छात्र डॉक्टर बनने का सपना लेकर नीट (NEET) की परीक्षा देते हैं, लेकिन कड़ी प्रतिस्पर्धा के कारण हर किसी का चयन एमबीबीएस (MBBS) के लिए नहीं हो पाता। अगर आप भी चिकित्सा क्षेत्र में सेवा करना चाहते हैं और नीट की परीक्षा नहीं देना चाहते, तो निराश होने की जरूरत नहीं है। चिकित्सा जगत में ऐसे कई बेहतरीन और प्रोफेशनल कोर्सेज मौजूद हैं, जिन्हें आप 12वीं (साइंस स्ट्रीम) के बाद सीधे चुन सकते हैं और एक सफल मेडिकल करियर बना सकते हैं।

इन कोर्सेज की मांग न केवल भारत में बल्कि विदेशों में भी बहुत अधिक है। आइए जानते हैं उन 5 प्रमुख कोर्सेज के बारे में जो आपको डॉक्टर की तरह सम्मान और बेहतरीन करियर देंगे।

1. बी.फार्मा

दवाइयों के निर्माण और उनके असर को समझने में रुचि रखने वालों के लिए बी.फार्मा एक बेहतरीन विकल्प है। यह चार साल का डिग्री कोर्स है। इसे पूरा करने के बाद आप रजिस्टर्ड फार्मासिस्ट बन सकते हैं। आप खुद की मेडिकल शॉप खोल सकते हैं, दवा कंपनियों में रिसर्च ऑफिसर बन सकते हैं या ड्रग इंस्पेक्टर जैसी सरकारी नौकरियों के लिए आवेदन कर सकते हैं।

2. बी.पी.टी

आजकल की बदलती जीवनशैली में फिजियोथेरेपिस्ट की मांग बहुत बढ़ गई है। बी.पी.टी साढ़े चार साल का कोर्स है (जिसमें 6 महीने की इंटर्नशिप शामिल है)। एक फिजियोथेरेपिस्ट के रूप में आप बिना दवाइयों के, केवल एक्सरसाइज और मशीनों के जरिए मांसपेशियों और हड्डियों के दर्द का इलाज करते हैं। आप अपना क्लिनिक चला सकते हैं या स्पोर्ट्स टीमों और अस्पतालों के साथ काम कर सकते हैं।

3. बी.एस.सी नर्सिंग

स्वास्थ्य सेवाओं में नर्सों की भूमिका रीढ़ की हड्डी की तरह होती है। यह चार साल का प्रोफेशनल कोर्स है। बी.एस.सी नर्सिंग करने के बाद आप न केवल अस्पतालों में नर्सिंग ऑफिसर बन सकते हैं, बल्कि उच्च शिक्षा के बाद नर्सिंग कॉलेज में प्रोफेसर भी बन सकते हैं। भारतीय नर्सों की मांग विदेशों में, खासकर मिडिल ईस्ट और यूरोपीय देशों में बहुत ज्यादा है।

4. बी.वी.एससी

यदि आपको पशुओं से लगाव है, तो आप पशु चिकित्सक (Veterinary Doctor) बन सकते हैं। यह कोर्स लगभग 5.5 साल का होता है। इसमें पशुओं की बीमारियों, उनके इलाज और सर्जरी के बारे में पढ़ाया जाता है। सरकार हर जिले और गांव में पशु अस्पताल चलाती है, जहां इन डॉक्टरों की नियमित भर्ती होती है। इसके अलावा डेयरी फार्म्स और चिड़ियाघरों में भी इनके लिए अच्छे अवसर हैं।

5. बी.एस.सी बायोमेडिकल साइंस

यह कोर्स उन छात्रों के लिए है जो मेडिकल रिसर्च और बीमारियों के डॉयगनोसिस में रुचि रखते हैं। यह तीन साल का कोर्स है। इसमें इंसानी शरीर के काम करने के तरीके और बीमारियों को लैब स्तर पर समझने की पढ़ाई होती है। इसे करने के बाद आप कैंसर रिसर्च, स्टेम सेल रिसर्च या बड़ी पैथोलॉजी लैब्स में विशेषज्ञ के रूप में काम कर सकते हैं।

कैसे होगा एडमिशन?

इन कोर्सेज में प्रवेश के लिए ज्यादातर कॉलेज 12वीं के अंकों के आधार पर एडमिशन देते हैं। हालांकि, कुछ प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी अपनी अलग प्रवेश परीक्षा आयोजित करती हैं। इसलिए, छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे जिस भी क्षेत्र में जाना चाहते हैं, उसकी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर योग्यता की जांच जरूर कर लें।

करियर सेक्शन में लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन और Board Results 2026 ( UP Board Result 2026, MP Board Result 2026, CBSE 2026 Result) देखें और Live Hindustan App डाउनलोड करके सभी अपडेट सबसे पहले पाएं।