SSC : कर्मचारी चयन आयोग की 2 बड़ी भर्तियों के पदों में बंपर इजाफा, देखें कहां कितना फायदा
कर्मचारी चयन आयोग की स्टेनोग्राफर ग्रेड ‘सी’ और ‘डी’ परीक्षा 2025 में पदों की संख्या 261 से बढ़कर 1715 हो गई है। केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों, विभागों और संगठनों में स्टेनोग्राफर भर्ती के लिए एसएससी ने 26 जून तक ऑनलाइन आवेदन मांगे थे।

विज्ञापन के समय पदों की संख्या 261 थी। आयोग की ओर से मंगलवार को जारी सूचना में रिक्त पदों की संख्या 1715 हो गई है।
इनमें स्टेनोग्राफर ग्रेड सी के 232 और ग्रेड डी के 1483 पद रिक्त हैं। स्टेनोग्राफर ग्रेड सी के 232 पदों में अनारक्षित वर्ग के 119, एससी के 22, एसटी के 14, ओबीसी 50 और ईडब्ल्यूएस के 27 पद हैं। वहीं स्टेनोग्राफर ग्रेड डी के 1483 पदों में अनारक्षित वर्ग के 711, एससी के 190, एसटी के 86, ओबीसी 350 और ईडब्ल्यूएस के 146 पद शामिल हैं।
स्टेनोग्राफर ग्रेड डी के 1483 पदों में सर्वाधिक 493 पद वित्त मंत्रालय के अधीन केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड में आयकर निदेशालय के तहत मानव संसाधन विकास विभाग में हैं। कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय में कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के तहत 175 जबकि श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अधीन कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) में 162 पद शामिल हैं।
सेलेक्शन पोस्ट भर्ती में डीआरडीओ के 104 पद जुड़े
कर्मचारी चयन आयोग ने सेलेक्शन पोस्ट फेज 14 के तहत ही डीआरडीओ के 104 पद जोड़ दिए गए हैं। एसएससी की ओर से सोमवार को जारी सूचना के मुताबिक वेहिकल ऑपरेटर के 75 पदों, फायर फाइटर के आठ और फायर इंजन ड्राइवर के चार पदों पर 10वीं पास 18 से 27 साल के अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। वहीं सिक्योरिटी असिस्टेंट के 17 पदों पर 12वीं पास अभ्यर्थी फार्म भर सकते हैं। इसके अलावा खान मंत्रालय के अधीन भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के कई विज्ञापित पदों को रद्द कर दिया गया है। इनमें पर्सनल असिस्टेंट के सबसे अधिक 51 पद शामिल हैं।
आरओ/एआरओ के 24 चयनितों को सत्यापन के निर्देश
प्रयागराज। समीक्षा अधिकारी (आरओ)/सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ) आदि परीक्षा-2023 में चयनित 24 अभ्यर्थियों को सत्यापन प्रपत्र एवं स्वःघोषणा पत्र जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की उपसचिव पूनम निगम के अनुसार वेबसाइट पर उपलब्ध प्रपत्रों को डाउनलोड कर एवं सही-सही भरकर उनकी हार्ड कॉपी 30 अप्रैल की शाम पांच बजे तक व्यक्तिगत रूप से या रजिस्टर्ड डाक/ स्पीड पोस्ट से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। चार अभ्यर्थियों को यह भी निर्देशित किया गया है कि वे सत्यापन प्रपत्र के साथ सक्षम प्राधिकारी की ओर से जारी अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) की मूल प्रति भी उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।




साइन इन