SSC MTS Exam : कंप्यूटर बंद कर सॉल्वर को रिमोट पर दे दिया, एसएससी भर्ती परीक्षा के 10 अभ्यर्थियों पर एफआईआर
SSC MTS recruitment Exam: अभ्यर्थियों को निर्देश हैं कि जिस कंप्यूटर पर परीक्षा दे रहे हैं उसे स्विच ऑफ (बंद) न करें। इन्होंने कंप्यूटर बंद करके केंद्र के बाहर बैठे सॉल्वर को कंप्यूटर रिमोट पर दे दिया।

केंद्र सरकार के मंत्रालयों और विभागों में मल्टी टास्किंग स्टाफ (एमटीएस) और सेंट्रल बोर्ड ऑफ इनडायरेक्ट टैक्सेस एवं सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नारकोटिक्स (सीबीआईसी एवं सीबीएन) में हवलदार भर्ती 2025 की परीक्षा के दौरान हाईटेक नकल के मामले में दस अभ्यर्थियों पर एफआईआर दर्ज कराई गई है। कर्मचारी चयन आयोग के कार्यालय की ओर से अभ्यर्थियों को भविष्य की सभी परीक्षाओं से डिबार करने की कार्रवाई भी की जा रही है। एमटीएस और हवलदार भर्ती 2025 के पहले चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षा चार से 20 फरवरी तक कराई जा रही है। अभ्यर्थियों को निर्देश हैं कि जिस कंप्यूटर पर परीक्षा दे रहे हैं उसे स्विच ऑफ (बंद) न करें। इन्होंने कंप्यूटर बंद करके केंद्र के बाहर बैठे सॉल्वर को कंप्यूटर रिमोट पर दे दिया। अधिकारियों को हाईटेक नकल के इन मामलों की जानकारी हुई तो संबंधित अभ्यर्थियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
क्षेत्रीय निदेशक डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि छह फरवरी को झांसी में तीन, नौ फरवरी को कानपुर में एक, दस फरवरी को वाराणसी में दो अभ्यर्थियों और 11 फरवरी को वाराणसी में ही चार अभ्यर्थियों को अपना कंप्यूटर रिमोट पर देकर नकल करवाते हुए पकड़ा गया। दस अभ्यर्थियों पर एफआईआर दर्ज हो चुकी है और डिबार करने की कार्रवाई गतिमान है। उन्होंने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि परीक्षा के दौरान कंप्यूटर स्विच ऑफ न करें। ऐसा करने पर उन्हें डिबार किया जा सकता है।
बुधवार को 13 केंद्रों की एमटीएस परीक्षा रद्द
कर्मचारी चयन आयोग ने मल्टी-टास्किंग स्टाफ और हवलदार भर्ती 2025 के लिए बुधवार को हुई 13 केंद्रों की तीनों शिफ्ट की परीक्षा सर्वर डाउन होने से रद्द कर दी है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों की परीक्षा इन 13 केंद्रों पर बुधवार को निर्धारित थी, उनकी परीक्षा दोबारा कराई जाएगी।
संस्कार अकादमी ऑनलाइन एग्जाम सेंटर झांसी, आरपीएम ऑनलाइन सेंटर कानपुर, वीएनएस इन्फोटेक सेंटर कानपुर, डीआईटी एजुकेशन सेंटर लखनऊ, जीसीआरजी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस लखनऊ, यश इन्फोटेक ऑनलाइन एग्जाम सेंटर लखनऊ, सिटी मॉडर्न एकेडमी लखनऊ, एनकेएम पब्लिक इंटर कॉलेज लखनऊ, एस्ट्रोन कॉलेज ऑफ एजुकेशन मेरठ, सत्यम इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन एंड टेक्नोलॉजी मेरठ, जेएस पब्लिक इंटर कॉलेज वाराणसी, सेंट एंड्रयूज कॉलेज गोरखपुर और आदर्श परीक्षा केंद्र पटना की परीक्षा रद्द हुई हैं। इसके अलावा संस्कार अकादमी ऑनलाइन एग्जाम सेंटर की चार फरवरी, शिफा ऑनलाइन सेंटर की पांच फरवरी व एलएम पब्लिक स्कूल ऑनलाइन एग्जाम सेंटर की छह फरवरी परीक्षा 13 फरवरी को होगी।




साइन इन