SBI में निकली 100 अफसर पदों पर भर्ती, इंटरव्यू से होगा चयन; 93 हजार तक मिलेगी सैलरी
भारतीय स्टेट बैंक ने ट्रेड फाइनेंस ऑफिसर के 100 पदों पर भर्ती निकाली है। आवेदन की अंतिम तारीख 2 जून 2026 है।

SBI Recruitment 2026: बैंकिंग सेक्टर में नौकरी का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक भारतीय स्टेट बैंक यानी SBI ने स्पेशलिस्ट कैडर ऑफिसर भर्ती के तहत ट्रेड फाइनेंस ऑफिसर के 100 पदों पर आवेदन मांगे हैं। खास बात यह है कि चयन सीधे इंटरव्यू के आधार पर होगा। ऐसे में बैंकिंग और फॉरेक्स ऑपरेशन का अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों के लिए यह शानदार मौका माना जा रहा है। आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इच्छुक अभ्यर्थी 2 जून 2026 तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं।
कितने पदों पर होगी भर्ती
जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक ट्रेड फाइनेंस ऑफिसर (MMGS-II) के कुल 100 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें सबसे ज्यादा 38 पद अनारक्षित वर्ग के लिए रखे गए हैं। चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति मुख्य रूप से हैदराबाद और कोलकाता में की जा सकती है।
कौन कर सकता है आवेदन
इन पदों के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से किसी भी विषय में स्नातक होना जरूरी है। इसके साथ भारतीय बैंकिंग एवं वित्त संस्थान से विदेशी मुद्रा संचालन का प्रमाणपत्र होना अनिवार्य रखा गया है। अभ्यर्थी के पास संबंधित क्षेत्र में कम से कम दो साल का कार्य अनुभव भी होना चाहिए।
कितनी मिलेगी सैलरी
चयनित उम्मीदवारों को 64,820 रुपये से लेकर 93,960 रुपये तक वेतन मिलेगा। बैंकिंग सेक्टर में यह पैकेज काफी आकर्षक माना जा रहा है।
उम्र सीमा क्या रखी गई है
आवेदन करने वाले उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 23 वर्ष और अधिकतम आयु 32 वर्ष तय की गई है। उम्र की गणना 30 अप्रैल 2026 के आधार पर होगी। ओबीसी वर्ग को अधिकतम आयु सीमा में 3 साल, एससी और एसटी वर्ग को 5 साल और दिव्यांग उम्मीदवारों को 10 साल की छूट दी जाएगी।
चयन कैसे होगा
इस भर्ती में उम्मीदवारों का चयन इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा। इंटरव्यू कुल 100 अंकों का होगा। प्रदर्शन के आधार पर फाइनल मेरिट तैयार की जाएगी।
आवेदन शुल्क कितना है
सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 750 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। वहीं एससी, एसटी और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए आवेदन पूरी तरह मुफ्त रखा गया है। फीस का भुगतान डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग या यूपीआई के जरिए ऑनलाइन करना होगा।
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
- सबसे पहले sbi.bank.in पर जाएं।
- इसके बाद Careers सेक्शन में जाकर CURRENT OPENINGS पर क्लिक करें।
- अब “Recruitment of Specialist Cadre Officer on Regular Basis” नोटिफिकेशन खोलें और विज्ञापन ध्यान से पढ़ें।
- इसके बाद Apply Online लिंक पर क्लिक करके New Registration करें।
- फॉर्म में मांगी गई जानकारी भरें, जरूरी दस्तावेज अपलोड करें और आवेदन शुल्क जमा कर दें।
- फीस जमा होने के बाद ई-रिसीट और आवेदन फॉर्म का प्रिंट आउट निकालकर सुरक्षित रख लें।




साइन इन