गणतंत्र दिवस 2026: संविधान लागू करने के लिए क्यों चुनी गई 26 जनवरी की तिथि, क्या था इस डेट में खास
Republic Day 2026: हमारे देश का संविधान 26 नवंबर 1949 को बनकर तैयार हो चुका था। 26 नवंबर को संविधान सभा द्वारा इसे अपना लिया गया था। तो फिर क्यों इसे लागू करने में दो महीने की देरी की गई।

Republic Day 26 January : देश पूरे उल्लास के साथ 77वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। संविधान को लागू हुए 76 वर्ष पूरे हो गए हैं। 26 जनवरी 1950 को भारत का संविधान लागू किया गया। भारत को पूर्ण गणतंत्र घोषित किया गया। इस वजह से हर साल 26 जनवरी का दिन राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस के तौर पर मनाया जाता है। इस बार गणतंत्र दिवस समारोह राष्ट्रगीत वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ थीम पर आधारित है। झांकियों में इसकी झलक नजर आएगी। परेड में देश के राज्यों की झांकियां दिखती हैं जिसमें वहां संस्कृति, सभ्यता, वेशभूषा, खानपान की झलक दिखती है।
क्यों की संविधान लागू करने में देरी
हमारे देश का संविधान 26 नवंबर 1949 को बनकर तैयार हो चुका था। 26 नवंबर को संविधान सभा द्वारा इसे अपना लिया गया था। तो फिर क्यों इसे लागू करने में दो महीने की देरी की गई। क्यों दो माह बाद 26 जनवरी 1950 को यह संविधान पूरे देश में लागू किया गया। इसकी वजह 20 साल पहले आजादी की लड़ाई के दौरान की तारीख में मिलती है। दरअसल 26 जनवरी 1930 को कांग्रेस ने देश की पूर्ण आजादी या पूर्ण स्वराज का नारा दिया था। इसी की याद में संविधान को लागू करने के लिए 26 जनवरी 1950 तक इंतजार किया गया।
19 दिसंबर 1929 में कांग्रेस के लाहौर अधिवेशन में पंडित जवाहर लाल नेहरू को कांग्रेस का नया अध्यक्ष चुना गया। इसी दिन पूर्ण स्वराज की मांग की गई। फैसला लिया गया कि जनवरी के आखिरी रविवार को देश का स्वतंत्रता दिवस मनाया जाएगा। यह तारीख 26 जनवरी 1930 थी। 26 जनवरी 1930 को पूर्ण स्वराज की इस मांग को सार्वजनिक किया गया। इस दिन पंडित नेहरू ने लाहौर में रावी नदी के किनारे तिरंगा झंडा लहराया था। इस तरह 26 जनवरी का दिन बेहद खास था जिसके लिए इंतजार किया गया।
आपको बता दें कि 26 नवंबर का दिन हमारे देश में संविधान दिवस व कानून दिवस के तौर पर मनाया जाता है जब इसे अपनाया गया था।
मुख्य अतिथि
इस बार गणतंत्र दिवस परेड के मुख्य अतिथि यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन होंगे। परेड में पहली बार बैक्ट्रियन ऊंट, नई बटालियन भैरव भी मार्च पास्ट करेगी।
गणतंत्र दिवस पर स्पीच और निबंध आइडिया
1- गणतंत्र दिवस 26 जनवरी को ही क्यों मनाया जाता है ?
2- भारतीय संविधान का क्या महत्व है?
3- संविधान और भारतीय नागरिकों के मौलिक अधिकार
4- संविधान और डॉ. बीआर अंबेडकर
5- गणतंत्र दिवस का जश्न कैसे और कहां?
6- गणतंत्र बनने के बाद कैसे भारत विश्व शक्ति बना?
7- छात्र गणतंत्र दिवस परेड, इसके महत्व और विषय के बारे में भाषण दे सकते हैं
8- गणतंत्र दिवस परेड में मुख्य अतिथि को आमंत्रित करने के चलन के बारे में भी बात कर सकते हैं।
9- स्वतंत्रता सेनानियों के बारे में भी बात की जा सकती है जिन्होंने भारत के लिए अपने प्राणों की आहूति दी।
10- भारत की 77 वर्षों की यात्रा पर भी बात कर सकते हैं।




साइन इन