PhD : प्राइवेट यूनिवर्सिटी से पीएचडी करते समय UGC के किन नियमों का पालन जरूरी, एक्सपर्ट ने बताया
Phd UGC Guidelines : प्राइवेट यूनिवर्सिटी यूजीसी से मान्यता प्राप्त होनी चाहिए। कई विदेशी प्राइवेट यूनिवर्सिटी पीएचडी कराने का दावा करती हैं, परन्तु उनकी मान्यता यूजीसी से नहीं होती।

क्या प्राइवेट यूनिवर्सिटी से पीएचडी करने की मान्यता है? क्या इसके आधार पर नौकरी मिल सकती है? क्या डिग्री लेने के बाद यूजीसी इसे रद्द तो नहीं कर देगी? एक छात्र के इन सवालों का जवाब देते हुए करियर काउंसलर आशीष आदर्श ने बताया कि यदि आप प्राइवेट यूनिवर्सिटी से पीएचडी करते हैं, तो यह मान्य है, बशर्ते इसकी प्रक्रिया नियमानुसार हो। किसी भी प्राइवेट यूनिवर्सिटी से पीएचडी के लिए आवेदन देने से पहले आप निम्नलिखित तथ्यों की जानकारी प्राप्त कर लें :
1. उक्त प्राइवेट यूनिवर्सिटी यूजीसी यानी यूनिवर्सिटी ग्रांट कमीशन से मान्यता प्राप्त होनी चाहिए। कई विदेशी प्राइवेट यूनिवर्सिटी पीएचडी कराने का दावा करती हैं, परन्तुउनकी मान्यता यूजीसी से नहीं होती।
2. उक्त प्राइवेट यूनिवर्सिटी द्वारा पीएचडी में दाखिला यूजीसी रेगुलेशन के अनुसार होना
चाहिए। वर्तमान में पीएचडी में दाखिले के लिए यूजीसी-नेट का स्कोर जरूरी है।
3. दाखिले में यूजीसी के नियमानुसार प्रवेश जांच परीक्षा, साक्षात्कार जैसी जरूरी प्रक्रिया का अनुपालन किया गया हो।
4. रिसर्च रेगुलर मोड में किया गया हो, न कि कागजी तौर पर। ऐसी किसी भी जानकारी पर यूजीसी द्वारा उक्त पीएचडी रद्द की जा सकती है।
5. पीएचडी के लिए गाइड की योग्यता यूजीसी के अनुरूप होनी चाहिए।
6. पीएचडी के लिए तय समय सीमा में नियमानुसार थीसिस तैयार कर जमा किया गया गया हो।
यदि आप उपरोक्त नियमों को सुनिश्चित करते हुए अपनी पीएचडी पूरा करती हैं, तो नौकरियों में उक्त पीएचडी की पूरी मान्यता मिलेगी।
हॉकी में करिअर
मैं हॉकी में अपना करिअर बनाना चाहती हूं। मेरा प्रदर्शन अच्छा है। राष्ट्रीय स्तर पर कैसे आगे बढ़ सकती हूं, कृपया मार्गदर्शन करें।- राजेश्वरी
करियर काउंसलर की सलाह- हॉकी को राष्ट्रीय स्तर पर ले जाने के लिए सबसे पहले आपको अपने स्कूल और फिर जिला स्तर पर खेलते हुए स्टेट लेवल पर चयनित हो जाने तक का सफर तय करना होगा। इसके बाद आप औपचारिक ट्रेनिंग प्राप्त करने की योजना बना सकती हैं। हॉकी में औपचारिक प्रशिक्षण के लिए जो संस्थान सराहनीय हैं, उनमें स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अंतर्गत नेशनल सेंटर्स फॉर एक्सीलेंस, नेताजी सुभाष नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट्स, नवल टाटा हॉकी अकादमी, श्री रामचंद्र सेंटर फॉर स्पोर्ट्स साइंसेज इत्यादि प्रमुख हैं।
भारत सरकार के युवा खेल मंत्रालय द्वारा हॉकी सहित अनेक खेल में प्रशिक्षण के लिए स्कॉलरशिप प्रदान की जाती है। साथ ही, अच्छे प्रदर्शन वाले खिलाड़ियों को लगभग तमाम स्तरीय प्रशिक्षण संस्थान आर्थिक सहायता प्रदान करते हैं। टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम सरकार की मुख्य योजनाओं में एक है।




साइन इन