NBEMS Exam Calendar 2026 Out: FMGE, GPAT and DNB Tentative Dates Announced, NBEMS Exam Schedule at natboard.edu.in NBEMS Exam Schedule 2026: NBEMS 2026 परीक्षाओं का कैलेंडर जारी, जानें कब होंगे FMGE, GPAT और DNB जैसे बड़े एग्जाम, Career Hindi News - Hindustan
More

NBEMS Exam Schedule 2026: NBEMS 2026 परीक्षाओं का कैलेंडर जारी, जानें कब होंगे FMGE, GPAT और DNB जैसे बड़े एग्जाम

NBEMS Exam Calendar 2026: नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने वर्ष 2026 के शुरुआती छह महीनों में होने वाली विभिन्न प्रवेश और पात्रता परीक्षाओं का संभावित शेड्यूल जारी कर दिया है।

Tue, 30 Dec 2025 08:06 AMPrachi लाइव हिन्दुस्तान
share
NBEMS Exam Schedule 2026: NBEMS 2026 परीक्षाओं का कैलेंडर जारी, जानें कब होंगे FMGE, GPAT और DNB जैसे बड़े एग्जाम

NBEMS Exam Calendar 2026: मेडिकल और फार्मेसी के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाने की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण खबर आई है। नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने वर्ष 2026 के शुरुआती छह महीनों में होने वाली विभिन्न प्रवेश और पात्रता परीक्षाओं का संभावित शेड्यूल जारी कर दिया है। बोर्ड द्वारा जारी किए गए इस परीक्षा कैलेंडर में जनवरी से जून 2026 तक का पूरा ब्योरा दिया गया है, ताकि उम्मीदवार समय रहते अपनी तैयारी पुख्ता कर सकें।

जनवरी से शुरू होगा परीक्षाओं का दौर

साल 2026 की शुरुआत एनबीईएमएस डिप्लोमा फाइनल परीक्षा (दिसंबर 2025 सत्र) के साथ होगी। यह परीक्षा 6, 7 और 8 जनवरी को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे के बीच आयोजित की जाएगी। इसके ठीक बाद, विदेश से डॉक्टरी की पढ़ाई कर भारत में प्रैक्टिस करने के इच्छुक छात्रों के लिए अहम मानी जाने वाली 'फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट एग्जामिनेशन' (FMGE) दिसंबर 2025 सत्र की परीक्षा 17 जनवरी को होगी। यह परीक्षा दो शिफ्टों में होगी—पेपर-1 सुबह 9 से 11:30 बजे और पेपर-2 दोपहर 2 से 4:30 बजे तक।

फरवरी और मार्च में मुख्य परीक्षाएं

फरवरी के महीने में 'फेलोशिप डिप्लोमा स्टेटस टेस्ट' (FDST -MDS 2025) 21 फरवरी 2026 को आयोजित किया जाएगा। इसके बाद मार्च में परीक्षाओं की झड़ी लगेगी। 1 मार्च को बीडीएस के लिए एफडीएसटी (FDST-BDS) परीक्षा होगी। वहीं, फार्मेसी क्षेत्र की प्रमुख परीक्षा 'ग्रेजुएट फार्मेसी एप्टीट्यूड टेस्ट' (GPAT) 2026 का आयोजन 7 मार्च को सुबह 9 से 12 बजे के बीच किया जाएगा। इसी कड़ी में 'फेलोशिप एंट्रेंस टेस्ट' (FET) 14 मार्च को होगा।

अप्रैल से जून तक का शेड्यूल

अप्रैल के महीने में 'पोस्ट डिप्लोमा सेंट्रलाइज्ड एंट्रेंस टेस्ट' (PDCET) 12 अप्रैल को तय किया गया है। इसके अलावा, DrNB फाइनल परीक्षा 24, 25 और 26 अप्रैल को आयोजित की जाएगी। मई माह में डिप्लोमा फाइनल परीक्षा (जून सत्र) 14 से 16 मई के बीच होगी। जून में डीएनबी (DNB) फाइनल परीक्षा 18 से 21 जून तक चलेगी, जबकि एफएमजीई (FMGE) का जून सत्र 28 जून को आयोजित किया जाएगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:FMGE दिसंबर 2025 फाइनल करेक्शन विंडो खुली, फोटो-सिग्नेचर बदलने का आखिरी मौका

महत्वपूर्ण निर्देश

NBEMS ने स्पष्ट किया है कि यह केवल एक संभावित कार्यक्रम है और इसमें परिस्थितियों के अनुसार बदलाव संभव है। अंतिम तिथियों की घोषणा आधिकारिक सूचना बुलेटिन के माध्यम से अलग से की जाएगी। विशेष रूप से नीट-एमडीएस (NEET-MDS) 2026 और नीट रीजी 2026 (NEET PG) के लिए तारीखों का ऐलान बाद में अलग से किया जाएगा। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे किसी भी अपडेट के लिए बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट को नियमित रूप से चेक करते रहें। यह कैलेंडर छात्रों को एक दिशा प्रदान करता है ताकि वे अपनी पढ़ाई की योजना व्यवस्थित तरीके से बना सकें।

करियर सेक्शन में लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन , CBSE 12th Result 2026 Live के साथ सभी Board Results 2026 देखें। सबसे पहले अपडेट पाने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।