MTech : एमटेक के डिमांड वाले 3 नए कोर्स शुरू करेगा एमएनएनआईटी, GATE परीक्षा से मिलेगा दाखिला
मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान ने अहम पहल की है। संस्थान शैक्षिक सत्र 2026-27 से तीन नए एमटेक कोर्स इलेक्ट्रिक व्हीकल इंजीनियरिंग, रोबोटिक्स एंड ऑटोमेशन और इंडस्ट्रियल मैनेजमेंट एंड इंजीनियरिंग शुरू करेगा।

तकनीकी शिक्षा को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप बनाने की दिशा में मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान ने पहल की है। संस्थान शैक्षिक सत्र 2026-27 से तीन नए एमटेक कोर्स इलेक्ट्रिक व्हीकल इंजीनियरिंग, रोबोटिक्स एंड ऑटोमेशन और इंडस्ट्रियल मैनेजमेंट एंड इंजीनियरिंग शुरू करेगा। इन पाठ्यक्रमों का संचालन संस्थान के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के अंतर्गत किया जाएगा। एमएनएनआईटी, प्रयागराज में नए कोर्सेज के जरिए विद्यार्थियों को अत्याधुनिक तकनीकों और उद्योग की बदलती मांगों के अनुरूप तैयार किया जाएगा। प्रत्येक कोर्स में 20-20 सीटें निर्धारित की गई हैं और प्रवेश ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग (गेट) के स्कोर के आधार पर होगा।
मिलेगी डीप नॉलेज
इलेक्ट्रिक व्हीकल इंजीनियरिंग कोर्स में छात्रों को ई-वाहनों की डिजाइनिंग, बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम, चार्जिंग टेक्नोलॉजी और ऊर्जा दक्षता जैसे विषयों की गहन जानकारी दी जाएगी। इससे छात्र बढ़ते इलेक्ट्रिक वाहन सेक्टर में करियर के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकेंगे।
वहीं, रोबोटिक्स एंड ऑटोमेशन कोर्स के तहत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, सेंसर टेक्नोलॉजी और इंडस्ट्रियल ऑटोमेशन पर विशेष फोकस रहेगा। यह कोर्स छात्रों को स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग और ऑटोमेशन इंडस्ट्री के लिए तैयार करेगा। इंडस्ट्रियल मैनेजमेंट एंड इंजीनियरिंग कोर्स में तकनीकी ज्ञान के साथ प्रबंधन कौशल को भी विकसित किया जाएगा। इसमें उत्पादन प्रबंधन, सप्लाई चेन मैनेजमेंट और ऑपरेशन रिसर्च जैसे विषय शामिल होंगे, जिससे छात्र उद्योगों में नेतृत्वकारी भूमिका निभा सकें। संस्थान प्रशासन का मानना है कि इन नए पाठ्यक्रमों से छात्र-छात्राओं को उभरती तकनीकों में विशेषज्ञता हासिल होगी और वे देश-विदेश की बड़ी कंपनियों में बेहतर प्लेसमेंट के अवसर प्राप्त कर सकेंगे।
कुल छह एमटेक प्रोग्राम हो जाएंगे
विभागाध्यक्ष प्रो. राजीव श्रीवास्तव ने बताया कि अब तक विभाग में तीन एमटेक प्रोग्राम संचालित हो रहे थे और इन तीन नए कोर्सों के शुरू होने के बाद विभाग में कुल छह एमटेक प्रोग्राम हो जाएंगे।




साइन इन