MPESB Recruitment 2026: खुशखबरी! मध्य प्रदेश सहायक जेल अधीक्षक के आवेदन की तारीख बढ़ी, 1.14 लाख तक सैलरी
MPESB Recruitment 2026: मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB), भोपाल ने जेल विभाग के अंतर्गत सहायक जेल अधीक्षक भर्ती के आवेदन की अंतिम तिथि को बढ़ा दिया है। इस भर्ती अभियान के माध्यम से सहायक जेल अधीक्षक के कुल 25 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।

MPESB Assistant Jail Superintendent Recruitment 2026: मध्य प्रदेश में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए एक राहत भरी खबर है। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB), भोपाल ने जेल विभाग के अंतर्गत सहायक जेल अधीक्षक (कार्यपालिका) के रिक्त पदों को भरने के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस भर्ती की सबसे बड़ी अपडेट यह है कि बोर्ड ने आवेदन की अंतिम तिथि को बढ़ा दिया है, जिससे उन छात्रों को एक और मौका मिल गया है जो पहले फॉर्म नहीं भर पाए थे। इस भर्ती अभियान के माध्यम से सहायक जेल अधीक्षक (कार्यपालिका) के कुल 25 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
आवेदन की तिथि में बड़ा बदलाव
पहले इस भर्ती के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 14 मार्च 2026 निर्धारित की गई थी. लेकिन अब उम्मीदवारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इसे बढ़ाकर 30 अप्रैल 2026 कर दिया गया है. यह उन अभ्यर्थियों के लिए सुनहरा अवसर है जो प्रशासनिक क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहते हैं।
योग्यता
शैक्षणिक योग्यता: उम्मीदवार के पास किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से किसी भी विषय में स्नातक की डिग्री होनी चाहिए।
आयु सीमा: आवेदन करने वाले युवाओं की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 33 वर्ष से कम होनी चाहिए. आयु की गणना के लिए आधार तिथि 01 जनवरी 2026 तय की गई है।
वेतन और आरक्षण के नियम
चयनित उम्मीदवारों को आकर्षक वेतनमान दिया जाएगा। सहायक जेल अधीक्षक के पद पर वेतन 36,200 रुपये से लेकर 1,14,800 रुपये के बीच रहेगा।
आरक्षण के लाभ के संबंध में बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि हर तरह के आरक्षण का लाभ केवल मध्य प्रदेश के मूल निवासियों को ही मिलेगा. अन्य राज्यों के सभी वर्गों के उम्मीदवार 'अनारक्षित' श्रेणी के तहत आवेदन करने के पात्र होंगे।
चयन प्रक्रिया
योग्य उम्मीदवारों का चयन दो चरणों के आधार पर किया जाएगा:
लिखित परीक्षा: सबसे पहले उम्मीदवारों को एक लिखित परीक्षा देनी होगी।
शारीरिक क्षमता परीक्षण: लिखित परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा से गुजरना होगा।
आवेदन शुल्क: सामान्य श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए शुल्क 500 रुपये है. वहीं, मध्य प्रदेश के मूल निवासी एससी/एसटी, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए यह शुल्क 250 रुपये निर्धारित है. इसका भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकता है.
आवेदन कैसे करें?
इच्छुक उम्मीदवार मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट esb.mp.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। वेबसाइट पर अपनी सुविधा के अनुसार हिंदी या अंग्रेजी भाषा का चुनाव करें। 'Latest Updates' सेक्शन में जाकर 'Online Application Form' और 'Rulebook' के विकल्प पर क्लिक करें। नोटिफिकेशन को ध्यान से पढ़ें और अपनी योग्यता जांचने के बाद ऑनलाइन फॉर्म भरने की प्रक्रिया पूरी करें।
यह भर्ती 'वन रक्षक, क्षेत्र रक्षक और जेल प्रहरी' के साथ संयुक्त भर्ती परीक्षा-2026 का हिस्सा है. अपनी तैयारी को अभी से तेज कर दें और 30 अप्रैल की समय सीमा का विशेष ध्यान रखें।




साइन इन