MP Board Second Exam: सप्लीमेंट्री परीक्षा खत्म! साल बचाने के लिए एमपी बोर्ड ने शुरू की दूसरी मुख्य परीक्षा
MP Board Second Exam 2026 New Rule: एमपी बोर्ड ने सप्लीमेंट्री परीक्षा की पुरानी व्यवस्था को पूरी तरह समाप्त कर दिया है और इसकी जगह ‘दूसरी मुख्य परीक्षा’ की शुरुआत की है। दूसरी मुख्य परीक्षा 7 मई 2026 से शुरू होने जा रही है।

MP Board Second Exam 2026: मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) ने 10वीं और 12वीं के छात्रों के लिए एक बड़े बदलाव का एलान किया है। अब बोर्ड परीक्षाओं में एक या दो विषयों में फेल होने वाले छात्रों को 'सप्लीमेंट्री' या 'पूरक परीक्षा' का ठप्पा झेलने की जरूरत नहीं होगी। बोर्ड ने सप्लीमेंट्री परीक्षा की पुरानी व्यवस्था को पूरी तरह समाप्त कर दिया है और इसकी जगह ‘दूसरी मुख्य परीक्षा’ की शुरुआत की है।
इस नई व्यवस्था के तहत, शैक्षणिक सत्र 2025-26 की दूसरी मुख्य परीक्षा 7 मई 2026 से शुरू होने जा रही है। यह फैसला उन हजारों छात्रों के लिए एक बड़ी राहत लेकर आया है जो किसी कारणवश मुख्य परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन नहीं कर पाए थे या कुछ विषयों में फेल हो गए होंगे। एमपी बोर्ड 10वीं, 12वीं का रिजल्ट जल्द ही घोषित किया जा सकता है। हालांकि, बोर्ड ने अभी तक इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन मूल्यांकन कार्य की स्पीड को देखते हुए यह संभावना जताई जा रही है कि नतीजे अप्रैल मध्य तक जारी कर दिए जाएंगे।
क्या है नई व्यवस्था और कैसे होगा फायदा?
अब तक की व्यवस्था में, यदि कोई छात्र मुख्य परीक्षा में फेल होता था, तो उसे सप्लीमेंट्री परीक्षा देनी पड़ती थी और उसकी मार्कशीट पर भी 'सप्लीमेंट्री' लिखा आता था। लेकिन अब बोर्ड ने इस मानसिक दबाव को खत्म कर दिया है। वे छात्र जो पास तो हो गए हैं लेकिन अपने नंबरों से खुश नहीं हैं, वे भी इस दूसरी परीक्षा में बैठकर अपने अंक सुधार सकते हैं। दूसरी परीक्षा में बैठने वाले छात्रों की मार्कशीट पर सप्लीमेंट्री शब्द का उपयोग नहीं होगा, बल्कि उसे एक मुख्य परीक्षा के परिणाम के रूप में ही देखा जाएगा।
आवेदन प्रक्रिया और महत्वपूर्ण तिथियां
बोर्ड ने इस परीक्षा के लिए समय-सारणी और आवेदन की प्रक्रिया को लेकर भी स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। मुख्य परीक्षा का रिजल्ट आने के तुरंत बाद इस दूसरी परीक्षा के लिए आवेदन फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
परीक्षा की शुरुआत 7 मई 2026 से होगी। 10वीं और 12वीं के वे सभी छात्र जो फेल हुए हैं या जो अपने नंबर बढ़ाना चाहते हैं, वे इस परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। छात्र एमपी ऑनलाइन (MP Online) के माध्यम से या अपने स्कूल के जरिए इस परीक्षा के लिए फॉर्म भर सकेंगे।
फेल होने का डर खत्म, साल बचाने की गारंटी
इस बदलाव का सबसे बड़ा उद्देश्य छात्रों के बीच से परीक्षा के तनाव को कम करना और 'ड्रॉपआउट' रेट को घटाना है। अक्सर छात्र सप्लीमेंट्री आने पर हीन भावना का शिकार हो जाते थे, लेकिन अब उन्हें साल में दो बार मुख्य परीक्षा जैसा अनुभव मिलेगा। यदि कोई छात्र पहली बार में असफल होता है, तो उसके पास ठीक एक महीने बाद खुद को साबित करने का मौका होगा। इससे छात्रों का पूरा एक साल बर्बाद होने से बच जाएगा और वे उसी सत्र में कॉलेज या अगली कक्षा में प्रवेश ले सकेंगे।
यहां चेक कर सकेंगे अपना रिजल्ट
परिणाम घोषित होने के बाद विद्यार्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइटों पर जाकर अपना रोल नंबर दर्ज कर स्कोरकार्ड देख सकेंगे। रिजल्ट इन पोर्टल पर उपलब्ध रहेगा:
mpbse.nic.in
mpbse.mponline.gov.in
mpresults.nic.in
इसके अलावा, छात्र livehindustan.com पर भी सबसे पहले अपने नतीजे चेक कर पाएंगे।




साइन इन