KVS Exam : CTET exam not conducted on time many candidates deprived NVS KVS recruitment teacher court order समय से CTET परीक्षा न लेने से कई अभ्यर्थी KVS भर्ती से वंचित, कोर्ट ने दिया अहम आदेश, क्या मिलेगी राहत, Career Hindi News - Hindustan
More

समय से CTET परीक्षा न लेने से कई अभ्यर्थी KVS भर्ती से वंचित, कोर्ट ने दिया अहम आदेश, क्या मिलेगी राहत

दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) को विशेष शिक्षक अभ्यर्थियों के मामले में निर्णय लेने को कहा गया है ताकि 2025 में सीटीईटी (CTET) परीक्षा नहीं होने से वंचित अभ्यर्थी भी KVS परीक्षा में भाग ले सके। KVS परीक्षा 10 , 11 जनवरी को होना है।

Mon, 29 Dec 2025 04:49 PMPankaj Vijay लाइव हिन्दुस्तान, हेमलता कौशिक, नई दिल्ली
share
समय से CTET परीक्षा न लेने से कई अभ्यर्थी KVS भर्ती से वंचित, कोर्ट ने दिया अहम आदेश, क्या मिलेगी राहत

KVS NVS Recruitment Exam : दिल्ली हाईकोर्ट ने केन्द्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) को विशेष शिक्षक अभ्यर्थियों के मामले में अहम निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने कहा कि वर्ष 2025 में सीबीएसई यानी केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से सीटीईटी ( केन्द्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा ) आयोजित न किए जाने से जो शिक्षक उम्मीदवार भर्ती परीक्षा में बैठने से चूक गए उन्हें एक-बार छूट दिए जाने के प्रश्न पर केवीएस को समयबद्ध निर्णय लेना होगा। न्यायमूर्ति नवीन चावला और मधु जैन की खंडपीठ ने अतुल शर्मा व अन्य द्वारा दायर याचिकाओं का निपटारा करते हुए यह निर्देश दिया। केवीएस भर्ती परीक्षा ( kendriya vidyalaya recruitment exam ) 10, 11 जनवरी को होना है।

साथ ही हाईकोर्ट ने केन्द्रीय प्रशासनिक न्यायाधिकरण (कैट) के उस आदेश में हस्तक्षेप से इनकार कर दिया, जिसमें केवीएस और नवोदय विद्यालयों में विशेष शिक्षक पदों के लिए सीटीईटी की अनिवार्यता को चुनौती देने वाली याचिका खारिज कर दी गई थी। हालांकि अदालत ने महत्वपूर्ण टिप्पणी करते हुए कहा कि जो अभ्यर्थी अन्य सभी मानकों पर पात्र हैं, लेकिन केवल 2025 में सीटीईटी आयोजित न होने के कारण अपात्र हो गए, उनके मामलों को अनदेखा नहीं कर सकते।

कैट के आदेश को दी गई थी चुनौती

याचिकाकर्ताओं ने अधिवक्ता अनुज अग्रवाल के माध्यम से कैट के 12 दिसंबर 2025 के आदेश को चुनौती दी है। इसमें केवीएस भर्ती अधिसूचना संख्या 01/2025 के अंतर्गत सीटीईटी की शर्त हटाने या वैकल्पिक रूप से उन्हें सीटीईटी में सम्मिलित हो रहे उम्मीदवार मानते हुए चयन प्रक्रिया में भाग लेने व दस्तावेज सत्यापन से पहले सीटीईटी उत्तीर्ण करने का अवसर देने की मांग की गई है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:10 हजार वैकेंसी के बाद केंद्रीय विद्यालय में निकली एक और भर्ती, इस बार 2499 पद

डेढ़ लाख से अधिक अभ्यर्थियों को आवेदन में सुधार का मिला मौका

केन्द्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटीईटी) के लिए 1,61,127 अभ्यर्थियों ने अपने आवेदन को पूरा नहीं किया था। इन्हें 27 से 30 दिसंबर तक का मौका दिया गया है। सीबीएसई ने निर्देश दिया है कि सीटीईटी परीक्षा के 21वें संस्करण के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 27 नवंबर से शुरू हुई। ऑनलाइन आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 18 दिसंबर तक थी। इस दौरान कुल 25,30,581 उम्मीदवारों ने आवेदन किये। आवेदन की अंतिम तिथि के बाद, कुछ उम्मीदवारों द्वारा आवेदन जमा न कर पाने की शिकायतें प्राप्त हुईं। आगे की समीक्षा करने पर पता चला कि 1,61,127 अपूर्ण पंजीकरण थे, जिन्हें पूर्ण और अंतिम रूप से जमा किए गए आवेदनों में परिवर्तित नहीं किया गया था।

चूंकि सीटीईटी का यह संस्करण लगभग एक वर्ष के अंतराल के बाद आयोजित किया जा रहा है, इसलिए बोर्ड ने निर्णय लिया है कि इन उम्मीदवारों को आवेदन पूरा करने के लिए एक बार का अवसर दिया जाए। यह सुविधा पोर्टल पर 27 दिसंबर सुबह 11 बजे से 30 दिसंबर रात 11:59 बजे तक उपलब्ध रहेगी। उम्मीदवारों से कहा गया है कि वे आवेदन में अंकित विवरणों का बारीकी से सत्यापन कर लें। विवरणों में सुधार का कोई और अवसर नहीं दिया जाएगा। इस प्रक्रिया के दौरान कोई नया पंजीकरण स्वीकार नहीं किया जाएगा।

करियर सेक्शन में लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन और Maharashtra SSC Result 2026 Live के साथ सभी Board Results 2026 देखें। सबसे पहले अपडेट पाने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।