jpsc civil services recruitment 2025 notification online application vacancy exam date eligibility JPSC PCS Exam 2025: झारखंड में बनिए SDM-DSP, आवेदन की आखिरी तारीख करीब; यहां जानिए डिटेल, Career Hindi News - Hindustan
More

JPSC PCS Exam 2025: झारखंड में बनिए SDM-DSP, आवेदन की आखिरी तारीख करीब; यहां जानिए डिटेल

JPSC Civil Services Recruitment 2025 के तहत 103 पदों पर भर्ती होगी। आवेदन तिथि, पदों का विवरण, आयु सीमा, चयन प्रक्रिया और परीक्षा तारीखें यहां जानें।

Fri, 6 Feb 2026 03:58 PMHimanshu Tiwari लाइव हिन्दुस्तान
share
JPSC PCS Exam 2025: झारखंड में बनिए SDM-DSP, आवेदन की आखिरी तारीख करीब; यहां जानिए डिटेल

JPSC Civil Services Recruitment 2025: अगर आप झारखंड में प्रशासनिक सेवा में जाने का सपना देख रहें हैं तो आपके लिए यह खबर अहम है। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने संयुक्त असैनिक सेवा प्रतियोगिता परीक्षा 2025 का आधिकारिक विज्ञापन जारी कर दिया है। इस भर्ती के जरिए राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में कुल 103 महत्वपूर्ण पद भरे जाएंगे। इच्छुक उम्मीदवार 14 फरवरी 2025 शाम 5 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट jpsc.gov.in पर ही स्वीकार किए जाएंगे। ऐसे में आवेदन की अंतिम तारीख नजदीक आ गई है, अगर आप इन पदों में दिलचस्पी रखते हैं तो समय रहते अपना आवेदन पूरा कर लें।

किन-किन पदों पर होगी भर्ती

इस सिविल सेवा भर्ती के तहत राज्य के कई अहम पद शामिल किए गए हैं। इनमें सबसे ज्यादा 42 पद पुलिस उपाधीक्षक (DSP) के हैं। इसके अलावा 28 पद उप समाहर्ता (डिप्टी कलेक्टर), 10 पद सहायक नगर आयुक्त, 10 पद जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, 4 पद प्रोबेशन पदाधिकारी, 3 पद सहायक निदेशक (समाज कल्याण), 2 पद जिला समादेष्टा, 2 पद सहायक निबंधक और 2 पद काराधीक्षक के लिए रखे गए हैं।

कैटेगरी के हिसाब से पदों का बंटवारा

भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण का पूरा ध्यान रखा गया है। कुल 103 पदों में से 50 पद अनारक्षित वर्ग के लिए हैं। वहीं अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए 26 पद, अनुसूचित जाति (SC) के लिए 7 पद, अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए 6 पद, पिछड़ा वर्ग के लिए 8 पद और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए 6 पद आरक्षित किए गए हैं।

आवेदन और फीस से जुड़ी जरूरी तारीखें

ऑनलाइन आवेदन 31 जनवरी 2025 से शुरू हुए हैं और 14 फरवरी 2025 (शाम 5 बजे) तक किए जा सकते हैं। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 16 फरवरी 2025 शाम 5 बजे तय की गई है। समय सीमा के बाद कोई भी आवेदन या शुल्क स्वीकार नहीं किया जाएगा।

आयु सीमा क्या तय की गई है

उम्मीदवारों की आयु की गणना 1 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी। EWS वर्ग के लिए अधिकतम आयु 35 वर्ष, पिछड़ा और अति पिछड़ा वर्ग के लिए 37 वर्ष, महिला उम्मीदवारों के लिए 38 वर्ष और SC/ST वर्ग के लिए 40 वर्ष रखी गई है। दिव्यांग अभ्यर्थियों को संबंधित वर्ग में 10 वर्ष और पूर्व सैनिकों को 5 वर्ष की अतिरिक्त छूट मिलेगी।

शैक्षणिक योग्यता क्या होनी चाहिए

JPSC सिविल सेवा भर्ती 2025 के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक (Graduation) की डिग्री होना अनिवार्य है। किसी भी विषय में ग्रेजुएशन करने वाले अभ्यर्थी इस परीक्षा के लिए पात्र होंगे।

चयन प्रक्रिया कैसे होगी

इस भर्ती में चयन प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी की जाएगी। सबसे पहले प्रीलिम्स परीक्षा, इसके बाद मेंस परीक्षा, और अंत में इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा। प्रीलिम्स में सफल उम्मीदवारों को मेंस परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा।

मेंस परीक्षा का पैटर्न समझ लें

मेंस परीक्षा में हिंदी और इंग्लिश का 100 अंकों का क्वालिफाइंग पेपर होगा, जिसमें कम से कम 30 अंक लाना जरूरी है। यह पेपर केवल क्वालिफाइंग होगा और इसके अंक फाइनल मेरिट में नहीं जोड़े जाएंगे। इसके अलावा 950 अंकों के पांच मुख्य पेपर होंगे। मेंस और इंटरव्यू के अंकों को जोड़कर अंतिम मेरिट तैयार की जाएगी।

डीएसपी जैसे पदों के लिए शारीरिक मानक

डीएसपी और कुछ अन्य पदों के लिए शारीरिक योग्यता भी तय की गई है। पुरुष उम्मीदवारों की लंबाई सामान्य, पिछड़ा और अति पिछड़ा वर्ग के लिए 165 सेमी, जबकि SC/ST के लिए 162 सेमी होनी चाहिए। महिला उम्मीदवारों के लिए यह क्रमशः 155 सेमी और 152 सेमी रखी गई है। पुरुषों के लिए सीना सामान्य वर्ग में 81 सेमी और SC/ST में 79 सेमी होना जरूरी है।

परीक्षा और इंटरव्यू की संभावित तारीखें

आयोग के अनुसार प्रीलिम्स परीक्षा 8 मार्च 2026 को प्रस्तावित है। वहीं मेंस परीक्षा 2, 3 और 4 मई 2026 को कराई जा सकती है। इंटरव्यू का आयोजन 16 से 19 जून 2026 के बीच संभावित है।

करियर सेक्शन में लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन और Board Results 2026 ( UP Board Result 2026, MP Board Result 2026, CBSE 2026 Result) देखें और Live Hindustan App डाउनलोड करके सभी अपडेट सबसे पहले पाएं।