Indian Army Agniveer Bharti : इंडियन आर्मी अग्निवीर भर्ती में कुछ निकले आगे, कुछ ट्रैक पर ही हांफे
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड रिक्रूटिंग जोन की अग्निवीर भर्ती रैली शुक्रवार को छावनी एएमसी सेंटर एवं कॉलेज के स्टेडियम में हुई। 13 जिलों से कुल 370 अभ्यर्थियों को बुलावा पत्र भेजा गया था जिसमें 265 ने हिस्सा लिया।

उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड रिक्रूटिंग जोन की अग्निवीर भर्ती रैली शुक्रवार को शुरू हुई। रिक्रूटिंग मुख्यालय लखनऊ की ओर से हो रही भर्ती रैली की शुरुआत छावनी एएमसी सेंटर एवं कॉलेज के स्टेडियम में हुई। भर्ती रैली के पहले दिन सेना भर्ती कार्यालय लखनऊ के अंतर्गत आने वाले उत्तर प्रदेश के 13 जिलों की सभी तहसीलों के लिए अग्निवीर ट्रेड्समैन (कक्षा 8वीं और 10वीं पास) श्रेणी के लिए भर्ती रैली हुईं। इस दौरान लम्बी कूद, दौड़ आदि प्रतियोगिताएं हुईं। कुछ अभ्यर्थी आगे रहे तो कुछ ट्रैक पर थोड़ी दूर दौड़ कर ही हांफने लगे।
सेना के मुताबिक इस श्रेणी के लिए संबंधित 13 जिलों से कुल 370 अभ्यर्थियों को बुलावा पत्र भेजा गया था जिसमें 265 ने हिस्सा लिया। मेजर जनरल मनीष कुमार, जेडआरओ (यूपी और यूके) ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अब शनिवार को संबंधित 13 जिलों की सभी तहसीलों के लिए अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल श्रेणी के लिए भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा। आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस (एआरओ) लखनऊ के तहत 13 जिलों - औरैया, चित्रकूट, कन्नौज, बांदा, महोबा, लखनऊ आदि के 13,000 अभ्यर्थी शॉर्टलिस्ट किए गए हैं।
एएमसी सेंटर पर अभ्यर्थियों ने 1.6 किमी की दौड़, बीम और ज़िग-ज़ैग बैलेंस जैसी कठिन चुनौतियों को पार किया। रात 2 बजे से शुरू हुई प्रक्रिया में सुबह 7 बजे दौड़ आयोजित हुई।
बिहार के कटिहार में आठ जिलों के 754 युवाओं ने लगाई दौड़, 590 सफल
अग्निवीर जनरल ड्यूटी (जीडी) भर्ती के तहत गुरुवार को सेना भर्ती रैली में सीमांचल और कोसी क्षेत्र के आठ जिलों के युवाओं ने दमखम दिखाया। गढ़वाल मैदान में चल रहे भर्ती प्रक्रिया के दौरान अररिया, बांका, कटिहार, किशनगंज, मधेपुरा, पूर्णिया, सहरसा और सुपौल जिले के अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिला। अहले सुबह से ही रैली स्थल पर युवाओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं और पूरा माहौल देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। आर्मी भर्ती कार्यालय के अधिकारी मदन लाल भट्ट ने बताया कि गुरुवार को कुल 754 अभ्यर्थियों ने दौड़ में भाग लिया, जिसमें से 590 युवाओं ने दौड़ पास की। इसके बाद आयोजित फिजिकल फिटनेस टेस्ट में 560 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए। वहीं शारीरिक मापदंड जांच में 496 युवाओं ने सभी निर्धारित मानकों को पूरा किया।
नई आर्मी अग्निवीर भर्ती से पहले अहम नियम जारी
इंडियन आर्मी अग्निवीर भर्ती 2026 के रजिस्ट्रेशन शुरू होने से पहले अग्निवीर ट्रेड्मैन केटगरी के पद से जुड़ा एक बेहद अहम नियम जारी किया गया है। इंडियन आर्मी भर्ती की आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर नोटिस जारी कर कहा गया है कि जो अभ्यर्थी 8वीं व 10वीं ट्रेड्मैन अग्निवीर पदों के लिए आवेदन करेंगे, उन्हें अपनी पसंद के ट्रेड खुद भरने होंगे। 10वीं पास अभ्यर्थी अधिकतम 9 ट्रेड चुन सकेंगे। वहीं 8वीं पास अभ्यर्थियों के लिए 2 ट्रेड का विकल्प दिया जाएगा। यदि कोई अभ्यर्थी ट्रेड नहीं भरता है तो मेरिट में आने के बावजूद उसका चयन नहीं हो पाएगा।
नई अग्निवीर भर्ती के आवेदन जल्द ही शुरू होंगे। अग्निवीर जनरल ड्यूटी (जीडी), टेक्निकल, क्लर्क व स्टोर कीपर टेक्निकल, 8वीं व 10वीं पास ट्रेडसमैन, सैनिक फार्मा, सैनिक तकनीकी नर्सिंग सहायक, वोमेन पुलिस के पदों पर भर्ती होगी।




साइन इन