JEE Main 2026 Results: बिना JEE दिए IIT में एंट्री, 12वीं पास के लिए खुले बिना जेईई वाले कोर्स, जानें डिटेल्स
JEE Main 2026 Results: आईआईटी अब केवल जेईई (JEE) स्कोर तक सीमित नहीं रह गए हैं। डेटा साइंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रोबोटिक्स जैसे आधुनिक युग के कोर्सेज के लिए कई आईआईटी अब बिना जेईई स्कोर के भी एडमिशन दे रहे हैं।

IIT Admission 2026 Without JEE Score: जेईई मेन 2026 के नतीजों के बीच उन छात्रों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है जो आईआईटी (IIT) जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में पढ़ने का सपना तो देखते हैं, लेकिन कठिन प्रवेश परीक्षाओं के कारण पीछे रह जाते हैं। आम धारणा के विपरीत, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT) अब केवल जेईई (JEE) स्कोर तक सीमित नहीं रह गए हैं। डेटा साइंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रोबोटिक्स जैसे आधुनिक युग के कोर्सेज के लिए कई आईआईटी अब बिना जेईई स्कोर के भी एडमिशन दे रहे हैं।
जेईई के बिना आईआईटी में एडमिशन की नई राह
आमतौर पर माना जाता है कि आईआईटी में दाखिला केवल जेईई मेन और एडवांस के जरिए ही संभव है। हालांकि, टेक्नोलॉजी एंड स्किल बेस्ड कोर्सेज की बढ़ती मांग को देखते हुए आईआईटी ने अपने दरवाजे उन छात्रों और प्रोफेशनल्स के लिए भी खोल दिए हैं जो छात्र कठिन प्रवेश परीक्षाएं नहीं देना चाहते। इसमें शॉर्ट-टर्म सर्टिफिकेट प्रोग्राम से लेकर पूर्ण स्नातक (Bachelor) डिग्रियां तक शामिल हैं।
प्रमुख कोर्सेज और इंस्टीट्यूट
बिना जेईई स्कोर के उपलब्ध कुछ चुनिंदा कोर्सेज की लिस्ट-
IIT मद्रास (BS इन डेटा साइंस): यह शायद सबसे पॉपुलर प्रोग्राम है। इसमें एडमिशन के लिए किसी जेईई स्कोर की आवश्यकता नहीं है। कक्षा 12वीं पास कोई भी छात्र इसमें आवेदन कर सकता है। एक महीने की पढ़ाई के बाद एक 'क्वालीफायर परीक्षा' होती है, जिसे पास करने पर छात्र फाउंडेशन लेवल पर एडमिशन पाते हैं। इसमें कई एक्जिट विकल्प भी हैं, जैसे सर्टिफिकेट, डिप्लोमा या डिग्री।
IIT दिल्ली (रोबोटिक्स में कार्यकारी कोर्स): वर्किंग प्रोफेशनल्स के लिए पांच महीने का यह ऑनलाइन कोर्स आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और मशीन लर्निंग (ML) पर केंद्रित है। इसके तीसरे बैच के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
IIT कानपुर (क्लाउड कंप्यूटिंग और डेवऑप्स): यह 8 महीने का प्रोफेशनल सर्टिफिकेट प्रोग्राम है, जिसे नॉन-प्रोग्रामिंग बैकग्राउंड वाले स्नातक भी कर सकते हैं।
IIT गुवाहाटी (जेनेटिक इंजीनियरिंग): लाइफ साइंसेज और बायोटेक्नोलॉजी के छात्रों के लिए उपलब्ध यह कोर्स आधुनिक चिकित्सा तकनीकों और डीएनए तकनीक की गहरी समझ प्रदान करता है।
IIT बॉम्बे (पायथन प्रोग्रामिंग): स्वयम (Swayam) पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध यह कोर्स सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट और डेटा साइंस में रुचि रखने वाले स्कूली छात्रों और स्नातकों के लिए एक बेहतरीन शुरुआत है।
क्यों खास हैं ये कोर्स?
इन कोर्सेज की सबसे अच्छी बात यह है कि इन्हें अपनी सुविधा के अनुसार पूरा किया जा सकता है। इनमें से अधिकांश कोर्स ऑनलाइन या हाइब्रिड मोड में संचालित होते हैं, जिससे छात्र अपनी अन्य पढ़ाई या नौकरी के साथ इन्हें पूरा कर सकते हैं। इसके अलावा, इनमें इंडस्ट्री की वर्तमान जरूरतों जैसे एआई, मशीन लर्निंग और डेटा एनालिटिक्स पर सीधा ध्यान दिया जाता है, जो रोजगार के नजरिए से बहुत प्रभावी हैं।




साइन इन