JEE Advanced वालों के लिए बड़ी खबर, IISc ने लॉन्च किए 3 धांसू BTech प्रोग्राम
आईआईएससी बेंगलुरु ने 2026 से तीन नए बीटेक कोर्स शुरू किए हैं। इनमें एयरोस्पेस, मैटेरियल साइंस और मैकेनिक्स एंड कंप्यूटिंग शामिल हैं। जानिए दाखिले से जुड़ी पूरी जानकारी।

Indian Institute of Science यानी आईआईएससी बेंगलुरु ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए बड़ा ऐलान किया है। संस्थान ने 2026 शैक्षणिक सत्र से तीन नए बीटेक कोर्स शुरू करने का फैसला लिया है। इन पाठ्यक्रमों का मकसद ऐसे छात्र तैयार करना है जो आने वाले समय में नई तकनीक, शोध और खोज के क्षेत्र में देश का नेतृत्व कर सकें। अब तक आईआईएससी में विज्ञान शोध स्नातक और गणित व कंप्यूटिंग में बीटेक जैसे पाठ्यक्रम चल रहे थे। लेकिन अब संस्थान ने इंजीनियरिंग के क्षेत्र में अपने विकल्प और बढ़ा दिए हैं।
कौन-कौन से नए कोर्स शुरू हुए
आईआईएससी ने जिन तीन नए बीटेक पाठ्यक्रमों की घोषणा की है, उनमें शामिल हैं:
- मैटेरियल साइंस और इंजीनियरिंग
- मैकेनिक्स और कंप्यूटिंग
- एयरोस्पेस इंजीनियरिंग
इन कोर्सों में छात्रों को विज्ञान, इंजीनियरिंग और आधुनिक कंप्यूटर तकनीक को साथ जोड़कर पढ़ाया जाएगा। संस्थान का कहना है कि पढ़ाई सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि छात्रों को असली समस्याओं पर काम करने का अनुभव भी मिलेगा।
दाखिला कैसे मिलेगा
इन नए बीटेक कोर्सों में प्रवेश जेईई एडवांस 2026 के अंकों के आधार पर होगा। इसके बाद जोसा काउंसलिंग के जरिए सीटें आवंटित की जाएंगी। पहले आईआईएससी अपने गणित और कंप्यूटिंग बीटेक कोर्स में अलग पोर्टल के जरिए दाखिला देता था, लेकिन अब नए कोर्सों के लिए राष्ट्रीय स्तर की काउंसलिंग प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
पढ़ाई में क्या होगा खास
संस्थान के मुताबिक शुरुआती सेमेस्टर में छात्रों की बुनियाद मजबूत करने पर जोर रहेगा। इसके तहत इंजीनियरिंग, गणित और कंप्यूटर आधारित तरीकों की पढ़ाई कराई जाएगी। इसके बाद छात्रों को विशेष विषयों और शोध से जुड़ी पढ़ाई की तरफ बढ़ाया जाएगा। आईआईएससी का कहना है कि आने वाले समय में ऐसे इंजीनियरों की जरूरत होगी जो तकनीक और शोध दोनों को समझते हों।
छात्रों को क्या फायदा होगा
संस्थान का दावा है कि इन कोर्सों से निकलने वाले छात्रों के पास सोचने, नई तकनीक समझने और व्यावहारिक काम करने की मजबूत क्षमता होगी। इससे उन्हें देश और दुनिया की बड़ी कंपनियों, शोध संस्थानों और विश्वविद्यालयों में अच्छे मौके मिल सकते हैं। गौरतलब है कि अंतरिक्ष तकनीक, नई सामग्री और कंप्यूटर आधारित इंजीनियरिंग आने वाले वर्षों में तेजी से बढ़ने वाले क्षेत्र होंगे। ऐसे में आईआईएससी के ये कोर्स छात्रों के लिए बड़ा अवसर माने जा रहे हैं।
जेईई एडवांस 2026 से जुड़ी अहम बातें
इस साल जेईई एडवांस 2026 का आयोजन Indian Institute of Technology Roorkee यानी आईआईटी रुड़की कर रहा है। परीक्षा 17 मई 2026 को होगी। इस परीक्षा में आवेदन करने के लिए छात्रों का जेईई मेन 2026 के बीई और बीटेक पेपर में शीर्ष 2.5 लाख सफल अभ्यर्थियों में शामिल होना जरूरी है।
कौन छात्र आवेदन कर सकते हैं
उम्मीदवार का जन्म 1 अक्टूबर 2001 या उसके बाद होना चाहिए। आरक्षित वर्ग के छात्रों को आयु सीमा में छूट मिलेगी। साथ ही छात्र ने पहली बार 2025 या 2026 में 12वीं की परीक्षा भौतिकी, रसायन विज्ञान और गणित विषयों के साथ दी हो। एक छात्र लगातार दो वर्षों में अधिकतम दो बार ही जेईई एडवांस परीक्षा दे सकता है।




साइन इन